Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/11/08/1200x900/dipika_chilakhia_01_1794102100382_WOUG_1794102105285_SETz_3acc720a-3efe-45fd-a8dc-b9dfa3daffa1_BSV7.pngरामानंद सागर की रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया ने नितेश तिवारी की रामायण में साई पल्लवी (माता सीता) के एक्शन सीक्वेंस को लेकर बात की। आइए जानते हैं क्या बोलीं दीपिका।
नितेश तिवारी की रामायण में साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाया है। फिल्म में साई पल्लवी के कुछ एक्शन सीक्वेंस भी दिखाए गए हैं। उन एक्शन सीक्वेंस को लेकर रामानंद सागर की सीता यानी दीपिका चिखलिया ने बात की है। उन्होंने कहा कि उन्हें रामायण में ऐसे कोई सीन्स याद नहीं हैं।
‘माता सीता’ के एक्शन सीक्वेंस पर क्या बोलीं दीपिका चिखलिया?
द फ्री प्रेस जर्नल से खास बातचीत के दौरान दीपिका चिखलिया से नितेश तिवारी की सीता के एक्शन सीक्वेंस को लेकर सवाल हुआ। उन सीक्वेंस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दीपिका चिखलिया ने कहा, “हां, मैंने इंस्टाग्राम पर वो (सीता के एक्शन सीक्वेंस) देखा। मुझे सच में नहीं पता। वाल्मीकि रामायण और तुलसीदास रामायण की जो याद मेरे मन में है, मुझे नहीं याद कि ऐसे कोई सीन उसमें हैं। लेकिन हमारे देश में 300 से ज्यादा रामायण हैं। हर रामायण की कहानी दूसरी रामायण की कहानी से थोड़ी अलग है। तो हो सकता है कि मेकर्स ने किसी और रामायण से कुछ उठाया हो, जो मुझे न पता हो।”
ये भी पढ़ें: यश बोल लेते हैं अच्छी हिंदी, फिर ‘रामायण’ में क्यों डब की गई उनकी आवाज? सीता के लिए इस आर्टिस्ट ने बोले डायलॉग
सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग
बता दें, नितेश तिवारी की रामायण में माता सीता का योद्धा वाला पहलु भी दिखाया गया है। फिल्म में दिखाया गया है कि वनवास के वक्त वो भी राक्षसों से युद्ध करती हैं। इन सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ यूजर्स का कहना है कि माता सीता को एक्शन करता देख उन्हें अच्छा लगा, तो कुछ का मानना है कि रामायण में माता सीता का एक्शन करना कहीं नहीं लिखा गया है। ये मेकर्स को नहीं दिखाना चाहिए था।
रामानंद सागर की ‘सीता’
रामानंद सागर की रामायण के हर किरदार ने दर्शकों के मन में एक ऐसी अमिट छाप छोड़ी थी कि आज भी उन एक्टर्स को उनके किरदारों के नाम से जाना जाता है। दीपिका ने माता सीता का किरदार निभाया था। उन्हें उनके इस किरदार के लिए काफी प्यार भी मिला था। दीपिका जब 15 साल की थीं, तब उन्होंने माता सीता का रोल निभाया था। इस सीरियल में अरुण गोविल ने राजा राम का किरदार निभाया था।
ये भी पढ़ें: दांव पर लगे हैं 4000 करोड़, रामायण कैसे निकालेगी बजट? हर हफ्ते करना होगा इतना कलेक्शन, समझिए ये गणित
रामानंद सागर के ‘राम’
अरुण गोविल को भगवान राम का किरदार निभाने के बाद इतना प्यार मिला था कि उस वक्त अगर वो किसी पब्लिक स्पेस में दिखते थे तो लोग आकर उनके पैर छूते थे, उनसे आशीर्वाद लेते थे। दूरदर्शन वाली रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने नितेश तिवारी की रामायण में राजा दशरथ का रोल निभाया है। फिल्म में उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया है। सोशल मीडिया पर अरुण गोविल की काफी तारीफ हुई है।
नितेश तिवारी की रामायण के बारे में
नितेश तिवारी की रामायण की बात करें तो ये 5 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म को सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। वहीं, बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है। तीन दिन में फिल्म 200 करोड़ के आंकड़े के पास पहुंच गई है। आज चौथे दिन ये फिल्म 200 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर सकती है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आए हैं। रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखे हैं और लारा दत्ता कैकेयी के रोल में नजर आई हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




