Source :- INDIATV NEWS

जम्मू में दिवाली की खुशियों के बीच उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रविवार रात शहर के ऐतिहासिक नेहरू बाजार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। बाजार में आग की लपटें उठती देख लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
जम्मू में दिवाली की रात बड़ा हादसा!
दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:15 बजे बाजार की एक दुकान में आग लगी थी। कुछ ही देर में आग आसपास की दुकानों तक फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जम्मू शहर के अलग-अलग दमकल केंद्रों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं।
दमकल की कई गाड़ियां तैनात
दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने और उसे दूसरी दुकानों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने के लिए संयुक्त अभियान चलाया। व्यस्त बाजार में दुकानें और गोदाम एक-दूसरे के बेहद करीब होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी चुनौतियां सामने आईं। आग बुझाने के लिए पर्याप्त संख्या में दमकलकर्मियों को तैनात किया गया।
अधिकारी ने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए पर्याप्त संख्या में दमकलकर्मियों को तैनात किया गया, क्योंकि व्यस्त बाजार में दुकानें और गोदाम एक-दूसरे के बेहद करीब होने के कारण आग बुझाने के अभियान में बड़ी चुनौती पेश आ रही थी।
जम्मू के सबसे पुराने बाजारों में शामिल है नेहरू बाजार
नेहरू बाजार जम्मू के पुराने और प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में गिना जाता है। 1950 के दशक से यह बाजार अनाज, जरूरी सामान और रोजमर्रा की वस्तुओं के थोक कारोबार का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यहां बड़ी संख्या में व्यापारी, खुदरा विक्रेता और ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।
आग लगने की वजह क्या?
गौरतलब है कि जिस समय बाजार में आग लगी, उस दौरान दिवाली के मौके पर शहरभर में बड़े पैमाने पर पटाखे जलाए जा रहे थे। हालांकि, आग पटाखों की वजह से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।
(इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
दिल्ली के नजफगढ़ में फैक्ट्री जल रही है! 21 दमकल गाड़ियां मौके पर, पूरा इलाका धुएं में डूबा
मुंबई के हाईराइज टावर में भीषण आग का तांडव, 23वीं मंजिल से उठती लपटों का VIDEO वायरल
SOURCE : INDIATV NEWS



