Source :- LIVE HINDUSTAN
दिवाली पर खरीदारी का तरीका भी अब बदल रहा है। पहले जहां लोग त्योहार की मिठाई, सजावट का सामान, कपड़े और गिफ्ट खरीदने के लिए बाजारों के चक्कर लगाते थे, वहीं अब कई लोग घर बैठे ही कुछ मिनटों में अपनी पसंद की चीजें मंगा रहे हैं। इस बार दिवाली पर क्विक कॉमर्स ऐप्स पर हुई खरीदारी के आंकड़े भी काफी दिलचस्प हैं। किसी ने घर पर मेहमानों के लिए काजू कतली और नमकीन मंगाई, तो किसी ने पार्टी के लिए Diet Coke ऑर्डर की। इतना ही नहीं, धनतेरस पर लोगों ने सोने और चांदी के सिक्के भी ऑनलाइन खरीदे। Swiggy Instamart और Zepto की ओर से शेयर किए गए आंकड़ों से पता चलता है कि त्योहार के दौरान लोगों ने सिर्फ रोजमर्रा के सामान ही नहीं खरीदे, बल्कि गिफ्ट हैम्पर, फूल-मालाएं, कपड़े, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और घर की सजावट का सामान भी खूब मंगाया। वहीं, दिवाली से पहले वाली शाम को Diet Coke सबसे ज्यादा ऑर्डर की गई।
काजू कतली बनी Instamart की सबसे पसंदीदा मिठाई
दिवाली पर मिठाई के बिना त्योहार अधूरा माना जाता है। इस बार भी लोगों ने अपनी पसंदीदा मिठाइयां खूब ऑर्डर कीं। Swiggy Instamart के आंकड़ों के अनुसार, काजू कतली प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली मिठाई रही। इसके बाद मोतीचूर के लड्डू और बेसन के लड्डू का नंबर आया। वहीं, Zepto पर सबसे ज्यादा बार ऑर्डर किए जाने वाली मिठाई लड्डू रही। वहीं रिपोर्ट के मुताबिक, दिवाली की पहले वाली शाम को Diet Coke सबसे ज्यादा ऑर्डर किए गए गैर-किराना सामानों में शामिल रही। यानी किराने के सामान से अलग जिन चीजों को लोगों ने मंगाया, उनमें Diet Coke सबसे आगे रही। Swiggy Instamart के आंकड़ों में खरीदारी के समय को लेकर भी दिलचस्प जानकारी सामने आई है। 8 नवंबर को प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा खरीदारी सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच हुई। इस दौरान सुबह 11 बजकर 18 मिनट पर एक मिनट में सबसे ज्यादा ऑर्डर दर्ज किए गए।
मुंबई में एक ग्राहक ने खरीदे 1.11 लाख रुपये के सोने के सिक्के
इस दिवाली क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर सबसे बड़ी खरीदारी मुंबई में दर्ज की गई। यहां एक ग्राहक ने कुल 1.11 लाख रुपये का सामान ऑर्डर किया। इस खरीदारी में लक्ष्मी-गणेश और कमल के डिजाइन वाले सोने के सिक्के शामिल थे। इसके अलावा हैदराबाद में एक ग्राहक ने 52,215 रुपये का ऑर्डर दिया। इसमें 2 ग्राम का सोने का सिक्का और 100 ग्राम की चांदी की सिल्ली शामिल थी। वहीं, बेंगलुरु में एक ग्राहक ने 32,298 रुपये की खरीदारी की। इस ऑर्डर में 2 ग्राम का लक्ष्मी डिजाइन वाला सोने का सिक्का और ऑलिव ऑयल शामिल था।
Zepto पर तीन गुना बढ़े गिफ्ट हैम्पर के ऑर्डर
दिवाली पर लोग अपने परिवार और दोस्तों को गिफ्ट देना भी पसंद करते हैं। इस बार Zepto पर गिफ्ट हैम्पर की मांग में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली। प्लेटफॉर्म के मुताबिक, पिछले साल की दिवाली के मुकाबले इस बार फेस्टिव हैम्पर के ऑर्डर तीन गुना हो गए। Zepto पर फूलों और मालाओं के ऑर्डर भी पिछले साल के मुकाबले 2.5 गुना बढ़े। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर 4.68 लाख दीयों के ऑर्डर दर्ज किए गए। इससे पता चलता है कि लोगों ने घर की सजावट और पूजा की तैयारियों के लिए भी ऑनलाइन ऐप्स का खूब इस्तेमाल किया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




