Home rss business hindi PPF या NSC: पांच साल में कौन बनाएगा ज्यादा पैसा? समझे सरकारी...

PPF या NSC: पांच साल में कौन बनाएगा ज्यादा पैसा? समझे सरकारी योजना का पूरा हिसाब

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • कई साल की मेहनत के बाद अगर आपके पास 10 लाख रुपये की सेविंग जमा हो गई है, तो अगला सवाल होता है कि इस पैसे को कहां लगाया जाए? जहां रकम सुरक्षित भी रहे और अच्छा रिटर्न भी मिले
  • शेयर बाजार में जोखिम उठाने की इच्छा नहीं है तो पोस्ट ऑफिस की सरकारी बचत योजनाएं आपके लिए एक विकल्प हो सकती हैं

कई साल की मेहनत के बाद अगर आपके पास 10 लाख रुपये की सेविंग जमा हो गई है, तो अगला सवाल होता है कि इस पैसे को कहां लगाया जाए? जहां रकम सुरक्षित भी रहे और अच्छा रिटर्न भी मिले। शेयर बाजार में जोखिम उठाने की इच्छा नहीं है तो पोस्ट ऑफिस की सरकारी बचत योजनाएं आपके लिए एक विकल्प हो सकती हैं। इनमें पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) और नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC) काफी फेमस हैं। दोनों पर सरकार की ओर से तय ब्याज मिलता है और टैक्स बचाने का मौका भी मिलता है। लेकिन दोनों योजनाओं की शर्तें इतनी अलग हैं कि बिना समझे निवेश करना फायदे का सौदा नहीं होगा। मसलन, 10 लाख रुपये एनएससी में एक साथ जमा किए जा सकते हैं, लेकिन पीपीएफ में ऐसा संभव नहीं है। ऐसे में सवाल है कि 10 लाख रुपये की बचत के लिए कौनसी योजना बेहतर है? आइए ब्याज, मैच्योरिटी और टैक्स के पूरे गणित को समझते हैं।

पीपीएफ में पैसा लगाने का फायदा क्या है?

अगर आपका टारगेट भविष्य के लिए बड़ी रकम तैयार करना है और आपको तुरंत पैसों की जरूरत नहीं है, तो पीपीएफ पर विचार कर सकते हैं। फिलहाल इस सरकारी योजना में 7.1 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका टैक्स फ्री होना है। यानी इसमें जमा रकम पर मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी के समय मिलने वाली पूरी रकम टैक्स के दायरे से बाहर रहती है।

हालांकि, पीपीएफ में निवेश की अपनी सीमा है। इसमें एक फाइनेंशियल ईयर में अधिकतम 1.5 लाख रुपये ही जमा किए जा सकते हैं। इसलिए अगर आपके पास 10 लाख रुपये हैं तो आप पूरी रकम एक साथ पीपीएफ में नहीं लगा सकते। आपको इसे अलग-अलग फाइनेंशियल ईयर में जमा करना होगा।

इस योजना की मैच्योरिटी पीरियड 15 साल है। इसकी गणना खाता खोलने वाले फाइनेंशियल ईयर के अंत से की जाती है। मैच्योरिटी के बाद भी आप इसे पांच-पांच साल के लिए आगे बढ़ा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर तय नियमों के अनुसार आंशिक निकासी और लोन की सुविधा भी मिलती है। यानी यह उन लोगों के लिए बेहतर है जो लंबी पीरियड तक निवेश बनाए रख सकते हैं।

एनएससी में 10 लाख रुपये लगाने पर कितना मिलेगा?

अगर आपके पास एकमुश्त 10 लाख रुपये हैं और आप उन्हें पांच साल के लिए सुरक्षित जगह निवेश करना चाहते हैं, तो एनएससी एक विकल्प हो सकता है। नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट पर अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए 7.7 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। इसकी मैच्योरिटी पांच साल में होती है।

पीपीएफ के उलट एनएससी में निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है। आप चाहें तो एक साथ 10 लाख रुपये जमा कर सकते हैं। इस योजना में ब्याज हर साल जुड़ता है और मैच्योरिटी पर मूल रकम के साथ मिलता है।

अब इसके रिटर्न का गणित समझिए। अगर आप एनएससी में 10 लाख रुपये जमा करते हैं और 7.7 फीसदी की ब्याज दर लागू रहती है, तो पांच साल बाद आपकी रकम बढ़कर करीब 14.49 लाख रुपये हो सकती है। यानी आपको लगभग 4.49 लाख रुपये ब्याज मिलेगा। हालांकि, यह टैक्स से पहले का रिटर्न है।

टैक्स बचाने में कौन आगे है?

निवेश करते समय सिर्फ ब्याज दर देखना काफी नहीं है। यह भी देखना जरूरी है कि मिलने वाले ब्याज पर कितना टैक्स देना पड़ेगा। इस मामले में पीपीएफ को बढ़त हासिल है। इसमें निवेश पर पुरानी टैक्स व्यवस्था के तहत आयकर की सेक्शन 80C के अंतर्गत छूट मिलती है। इसके अलावा ब्याज और मैच्योरिटी की रकम भी पूरी तरह टैक्स फ्री रहती है।

दूसरी ओर एनएससी में निवेश पर भी पुरानी टैक्स व्यवस्था के तहत सेक्शन 80C का लाभ मिल सकता है। पहले चार साल में जमा होने वाले ब्याज को दोबारा निवेश माना जाता है। इसलिए यह ब्याज भी तय शर्तों के तहत टैक्स छूट के योग्य हो सकता है। लेकिन एनएससी से मिलने वाला ब्याज टैक्सेबल होता है। इस पर आपकी आय और लागू टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स देना पड़ता है। पांचवें साल का ब्याज भी टैक्स के दायरे में आता है।

ध्यान रहे कि सेक्शन 80C के तहत सभी योग्य निवेशों को मिलाकर एक फाइनेंशियल ईयर में अधिकतम 1.5 लाख रुपये की ही छूट मिलती है। यह सुविधा पुरानी टैक्स व्यवस्था में ही उपलब्ध है।

10 लाख रुपये के निवेश के लिए क्या है समझदारी?

पीपीएफ और एनएससी में से किसी एक को बेहतर बताना सही नहीं होगा, क्योंकि दोनों के निवेश का मकसद अलग है। अगर आप रिटायरमेंट या बच्चों के भविष्य के लिए लंबे पीरियड में पैसा जोड़ना चाहते हैं और टैक्स फ्री रिटर्न आपकी प्राथमिकता है, तो पीपीएफ अच्छा विकल्प हो सकता है।

वहीं, अगर आपके पास 10 लाख रुपये एक साथ हैं और आप पांच साल के लिए निवेश करना चाहते हैं, तो एनएससी पर विचार कर सकते हैं। इसमें ब्याज दर पीपीएफ से ज्यादा है और पूरी रकम एक बार में जमा करने की सुविधा भी मिलती है। हालांकि, एनएससी में मिलने वाले ब्याज पर टैक्स लगने से आपका रिटर्न कम हो सकता है। इसलिए निवेश से पहले ब्याज दर के साथ टैक्स और पैसों की जरूरत का भी हिसाब लगाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN