Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उन पर महाभियोग चलाने की कोशिशों का विरोध किया है। उन्होंने इसे राजनीतिक तमाशा बताया और कहा कि आलोचक एक सही सैन्य कार्रवाई के लिए अमेरिकी सेना को निशाना बना रहे हैं।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उन पर महाभियोग चलाने की कोशिशों का जोरदार विरोध किया है। उन्होंने साफ कहा कि यह कोशिश अमेरिका के दुश्मनों को गलत संदेश भेजती है। हेगसेथ ने इस पूरे कदम को ‘राजनीतिक तमाशा’ करार दिया और आरोप लगाया कि उनके आलोचक एक सही और सफल सैन्य कार्रवाई के लिए अमेरिकी सेना और उसके नेतृत्व को निशाना बना रहे हैं। हेगसेथ ने कहा कि महाभियोग का खतरा किसी गंभीर अपराध, गलत काम, देशद्रोह या रिश्वतखोरी जैसे आरोपों की वजह से नहीं है। बल्कि यह सिर्फ राजनीतिक मतभेदों के कारण उठाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर उन्हें हटाया जाता है तो इसका संदेश दुनिया के दुश्मनों तक यह जाएगा कि अमेरिका अपने सैनिकों और लीडर्स को एक सही सैन्य ऑपरेशन के लिए सजा दे रहा है।
रक्षा मंत्री ने खुद का किया बचाव
अपने काम का बचाव करते हुए हेगसेथ ने तर्क दिया कि अमेरिकी इतिहास में कभी भी किसी युद्ध सचिव या रक्षा सचिव पर कानूनी सैन्य कार्रवाई करने के लिए महाभियोग नहीं चलाया गया। उन्होंने पिछले कई राष्ट्रपतियों के समय हुई सैन्य कार्रवाइयों का जिक्र किया। इनमें शामिल हैं….
- राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के समय लेबनान में किए गए ऑपरेशन
- बिल क्लिंटन के समय कोसोवो में की गई सैन्य कार्रवाई
- बराक ओबामा के समय इराक और सीरिया में हुए ऑपरेशन
- जो बाइडेन के कार्यकाल में उसी इलाके में की गई सैन्य कार्रवाइयां
हेगसेथ का कहना है कि ये सभी कार्रवाइयां कानूनी थीं और उन पर कभी महाभियोग की कोशिश नहीं हुई।
हेगसेथ के निशाने पर थॉमस मैसी
हेगसेथ ने केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मैसी कांग्रेस में अपने आखिरी दिनों का इस्तेमाल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी सेना को टारगेट करने में कर रहे हैं। हेगसेथ ने इसे अहंकार और नाराजगी से निकला निजी हमला बताया। उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक तमाशा है। यह अहंकार और नाराजगी से प्रेरित एक निजी घोषणापत्र है। यह एक स्वांग है और स्टंट है, और हर कोई यह जानता है।
ट्रंप का पूरा समर्थन
बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को हेगसेथ का खुला समर्थन किया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी रक्षा मंत्री को अपनी सेवा के लिए A+++ मिला है। साथ ही उन्होंने थॉमस मैसी को ‘टोटल लूजर’ यानी पूरी तरह हारा हुआ व्यक्ति बताया। ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा कि पीट हेगसेथ को एक नाराज, गुस्सैल, हारे हुए पूर्व कांग्रेसी थॉमस मैसी के खिलाफ अपना बचाव करने के लिए ‘A’ प्लस, प्लस, प्लस मिला है। मैसी एक टोटल लूजर है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




