Home rss world hindi मदरसे में आग लगते ही मची चीख-पुकार, 79 छात्र पहुंचे अस्पताल; 4...

मदरसे में आग लगते ही मची चीख-पुकार, 79 छात्र पहुंचे अस्पताल; 4 की हालत गंभीर

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बांग्लादेश में मंगलवार को एक मदरसे में आग लग गई। आग से निकले धुएं के कारण कम से कम 79 छात्र बीमार हो गए। इनमें चार छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बांग्लादेश की राजधानी ढाका से एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि नारायणगंज में स्थित एक मदरसे में अचानक भीषण आग लग गई। आग से निकले जहरीले धुएं के कारण मदरसे में पढ़ने वाले कम से कम 79 छात्र बीमार पड़ गए। इनमें से चार छात्रों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार एक छात्र को वेंटिलेटर पर रखा गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना जामिया अशरफिया मदरसे में हुई। मदरसा ढाका से करीब 16 किलोमीटर दूर नारायणगंज इलाके में स्थित है। अग्निशमन विभाग के ड्यूटी अधिकारी शाहजहां ने बताया कि मदरसे की पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग की शुरुआत हुई। आग लगते ही धुआं बहुत तेजी से पूरी इमारत में फैल गया। मदरसे में रह रहे सैकड़ों छात्रों में अचानक अफरा-तफरी मच गई। कई छात्र धुएं के बीच से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। बाहर निकलते समय कई छात्रों को सांस लेने में भारी तकलीफ हुई। धुएं के कारण उनकी हालत बिगड़ती गई।

अब भी 63 छात्र अस्पताल में भर्ती

आगे बताया गया कि बीमार छात्रों को तुरंत ढाका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टर सुल्तान महमूद शिकदर ने बताया कि कुल 79 छात्रों को इलाज के लिए लाया गया था। इनमें से 63 छात्रों को अस्पताल में भर्ती किया गया या आपातकालीन निगरानी में रखा गया। शुरुआती जांच और इलाज के बाद 16 छात्रों को छुट्टी दे दी गई।

डॉक्टर शिकदर के अनुसार, 14 से 22 साल की उम्र के चार छात्रों को आईसीयू में रखा गया है। इनमें से एक छात्र की हालत इतनी गंभीर है कि उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा है। उन्होंने आगे बताया कि अच्छी बात यह है कि किसी भी छात्र के शरीर पर जलने या झुलसने के निशान नहीं हैं। लेकिन जहरीला धुआं सांस के जरिए फेफड़ों में पहुंच गया, जिसकी वजह से सभी छात्रों को सांस संबंधी समस्याएं हो रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि गंभीर मामलों में स्थिति साफ होने में कम से कम 72 घंटे का समय लग सकता है। इस दौरान छात्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आग पर पाया गया काबू

बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में सफल रही। अस्पताल में भर्ती छात्रों ने बताया कि आग में दूसरी मंजिल पर बनी मदरसे की पुस्तकालय (लाइब्रेरी) पूरी तरह जलकर खाक हो गई। किताबें और अन्य सामान नष्ट हो गए। अधिकारियों का कहना है कि धुएं के तेजी से फैलने के कारण नुकसान और बढ़ा। फिलहाल आग बुझ चुकी है और स्थिति नियंत्रण में है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN