Home rss world hindi पाकिस्तान के रास्ते ईरानियों वापस भेज रहा था अमेरिका, आखिरी वक्त में...

पाकिस्तान के रास्ते ईरानियों वापस भेज रहा था अमेरिका, आखिरी वक्त में क्यों पलटा फैसला?

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जुलाई में दायर किए गए इस मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि अमेरिकी सरकार ने शरण चाहने वाले ईरानी नागरिकों की गोपनीय जानकारी गैर-कानूनी तरीके से ईरानी अधिकारियों के साथ शेयर की थी।

अमेरिका से ईरानी नागरिकों को पाकिस्तान के रास्ते ईरान वापस भेजने वाली एक फ्लाइट को रविवार सुबह अचानक रद्द कर दिया गया। यह जानकारी हिरासत में लिए गए कुछ ईरानियों का प्रतिनिधित्व कर रहे एक वकील ने दी। इरानी अमेरिकन लीगल डिफेंस फंड के वकील अली रहनामा के अनुसार, रविवार सुबह एरिजोना के मेसा में कम से कम आठ ईरानी नागरिकों को विमान में चढ़ाया गया था। यह फ्लाइट जॉर्जिया और फिर पाकिस्तान होते हुए ईरान जाने वाली थी। बिना कोई आधिकारिक कारण बताए इसे अचानक रद्द कर दिया गया।

हाल ही में एक मुकदमे के दौरान सार्वजनिक हुए कोर्ट के दस्तावेजों से खुलासा हुआ था कि अमेरिका तीसरे देश के रास्ते ईरानियों को वापस भेजने की योजना बना रहा था। जुलाई में दायर किए गए इस मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि अमेरिकी सरकार ने शरण चाहने वाले ईरानी नागरिकों की गोपनीय जानकारी गैर-कानूनी तरीके से ईरानी अधिकारियों के साथ शेयर की थी।

कोर्ट को भी बाइपास?

यूएस डिस्ट्रिक्ट जज एना सी रेयेस ने सरकार को निर्देश दिया था कि किसी भी ईरानी नागरिक को डिपोर्ट करने की योजना पर 24 घंटे पहले अदालत को सूचना दी जाए और अंतिम प्रक्रिया से 5 दिन पहले लिखित नोटिस दिया जाए। डिफेंस फंड का तर्क है कि रविवार की गुप्त तैयारी से प्रशासन ने अदालत के इस निर्देश का उल्लंघन किया हो सकता है।

फ्लाइट के शेड्यूल और यात्रियों पर टिप्पणी करने से इनकार

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) ने सीधे तौर पर फ्लाइट के शेड्यूल और यात्रियों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अपने बयान में उन्होंने कहा कि प्रशासन इतिहास के सबसे बड़े डिपोर्टेशन अभियान को अंजाम देने के लिए सभी कानूनी विकल्पों का उपयोग कर रहा है। डिफेंस फंड की कार्यकारी निदेशक यासमीन चुबिन ने इस कदम पर कड़ी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “युद्ध और सैन्य गतिविधियों के बीच शरण चाहने वालों को जबरन ईरान भेजना समझ से परे है। इसके परिणाम खराब हो सकते हैं और वापस भेजे गए लोगों को उत्पीड़न, प्रताड़ना या जान का खतरा हो सकता है।”

रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग दो साल से हिरासत में बंद कम से कम एक व्यक्ति ने वहां की अमानवीय परिस्थितियों से तंग आकर स्वेच्छा से ईरान लौटने की सहमति दी थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN