Home - WhatsApp में होने वाले हैं 3 बड़े बदलाव! अब चैटिंग के साथ...

WhatsApp में होने वाले हैं 3 बड़े बदलाव! अब चैटिंग के साथ कर सकेंगे बिल पेमेंट और AI से जुड़े काम; नए हेड ने किया खुलासा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

WhatsApp में जल्द ही कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कंपनी के नए हेड कुणाल शाह ने ऐप में भविष्य में आने वाले नए फीचर्स की डिटेल्स दी हैं। कुणाल शाह के मुताबिक, कंपनी चाहती है कि यूजर्स को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार अलग-अलग ऐप पर न जाना पड़े।जानिए WhatsApp में क्या-क्या बदलने वाला है:

WhatsApp का इस्तेमाल अब तक ज्यादातर लोग मैसेज भेजने, वीडियो कॉल करने, फोटो शेयर करने और दोस्तों-रिश्तेदारों से जुड़े रहने के लिए करते हैं। लेकिन आने वाले समय में इस ऐप का इस्तेमाल करने का तरीका बदने वाला है। WhatsApp के नए ग्लोबल हेड कुणाल शाह ने ऐप के भविष्य को लेकर अपना प्लान सामने रखा है। उन्होंने बताया है कि कंपनी आने वाले समय में तीन बड़ी चीजों पर काम करेगी। इसमें चैटिंग को पहले से बेहतर बनाना, रोजमर्रा के कामों को WhatsApp पर ही पूरा करने की सुविधा देना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद लेना शामिल है। यानी आने वाले समय में यूजर्स को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार दूसरे ऐप्स पर जाने की जरूरत कम हो सकती है। हालांकि, इन सभी सुविधाओं को कब तक पेश किया जाएगा, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।

WhatsApp में क्या-क्या बदलने वाला है?

कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए WhatsApp के भविष्य को लेकर अपनी सोच बताई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में उन्होंने यूजर्स की जरूरतों और उनकी पसंद को समझने की कोशिश की है। इसके बाद कंपनी ने तीन प्राथमिकताएं तय की हैं।

1. वॉइस मैसेज, ग्रुप और वीडियो कॉल होंगे पहले से बेहतर

WhatsApp की पहली प्राथमिकता ऐप पर बातचीत करने के तरीके को बेहतर बनाना है। इसके लिए कंपनी वॉइस मैसेज, ग्रुप चैट, स्टिकर्स और वीडियो से जुड़े अनुभव को आसान और बेहतर बनाने पर काम करेगी। आजकल बहुत से लोग लंबे मैसेज टाइप करने के बजाय वॉइस नोट भेजना पसंद करते हैं। वहीं, किसी खास बात को समझाने या अपनी बात को मजेदार तरीके से बताने के लिए स्टिकर्स का इस्तेमाल भी खूब होता है। ऐसे में कंपनी इन फीचर्स को और बेहतर बनाना चाहती है। कुणाल शाह ने बताया कि WhatsApp पर हर दिन 10 अरब से ज्यादा वॉइस मैसेज भेजे जाते हैं। इसके अलावा रोजाना 4 अरब से ज्यादा स्टिकर्स भी शेयर किए जाते हैं।

2. WhatsApp पर ही कर सकेंगे बिल पेमेंट और पैसे से जुड़े काम

WhatsApp के नए प्लान में दूसरी सबसे बड़ी बात रोजमर्रा के कामों को आसान बनाना है। अभी कई बार ऐसा होता है कि किसी काम की शुरुआत WhatsApp चैट से होती है, लेकिन उसे पूरा करने के लिए दूसरे ऐप या वेबसाइट पर जाना पड़ता है। जैसे कि अगर किसी दोस्त के साथ बिल बांटना है, कोई पेमेंट करनी है या यात्रा के दौरान मोबाइल कनेक्टिविटी बनाए रखनी है, तो यूजर्स को अलग-अलग सर्विस की मदद लेनी पड़ सकती है। कुणाल शाह चाहते हैं कि ऐसे काम WhatsApp के अंदर ही आसानी से पूरे किए जा सकें। उन्होंने बताया कि कंपनी फाइनेंशियल सर्विस और टेलीकॉम कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है। इसका मकसद पेमेंट, पैसे उधार लेने और यात्रा के दौरान कनेक्ट रहने जैसे कामों को आसान बनाना है।

3. AI की मदद से आसान होंगे कई काम

कंपनी चाहती है कि AI सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित न रहे, बल्कि यूजर्स के रोजमर्रा के कामों में भी उनकी मदद करे। कुणाल शाह के मुताबिक, AI की मदद से यूजर्स को जरूरी चीजें ढूंढने, कुछ काम पूरे करने और बुकिंग या अपॉइंटमेंट याद रखने में मदद मिल सकती है। जैसे कि अगर किसी यूजर को होटल की बुकिंग या डॉक्टर के अपॉइंटमेंट का समय याद रखना है, तो AI उसे समय पर जानकारी देने में मदद कर सकता है। हालांकि, कुणाल शाह ने अभी यह नहीं बताया है कि WhatsApp में AI से जुड़े कौन से नए फीचर्स आएंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN