Source :- LIVE HINDUSTAN
कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया का मुंबई वाला घर काफी खूबसूरत और सलीके से सजा हुआ है। आइए देखते हैं उनके 2BHK फ्लैट का इनसाइड टूर और जानते हैं इसकी खास बातें।
कॉमेडियन भारती सिंह अपनी मजेदार बातों और हंसमुख अंदाज के लिए जानी जाती हैं। उनके पति हर्ष लिंबाचिया भी अपनी राइटिंग और प्रोडक्शन के काम से टीवी की दुनिया में खास पहचान रखते हैं। दोनों सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपने व्लॉग में घर से जुड़ी झलकियां भी दिखाते हैं। मुंबई में बना उनका 2BHK फ्लैट देखने में काफी आरामदायक और खूबसूरत है। घर के एंट्रेंस से लेकर लिविंग रूम और किचन तक, हर जगह कपल की पसंद साफ नजर आती है। कहीं मोटिवेशनल कोट्स दीवारों की खूबसूरती बढ़ाते हैं, तो कहीं रंग-बिरंगे फर्नीचर घर को अलग लुक देते हैं।
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया का खूबसूरत घर
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया का घर बहुत ज्यादा भरा हुआ नहीं लगता। घर को इस तरह से सजाया गया है कि हर कोना आरामदायक होने के साथ देखने में भी अच्छा लगे। भारती और हर्ष के व्लॉग में उनके घर की कई झलकियां देखने को मिलती हैं। घर की सजावट में हल्के रंगों के साथ कुछ चमकीले रंगों का भी इस्तेमाल किया गया है, जो इसे एक प्यारा और अलग लुक देते हैं।
एंट्रेंस पर लिखे हैं मोटिवेशनल कोट्स
घर में कदम रखते ही सबसे पहले एंट्रेंस एरिया नजर आता है। यहां दीवारों पर कुछ मोटिवेशनल कोट्स लिखे हुए हैं। इनमें ‘ट्राई, होप, बिलीव और ड्रीम’ जैसे शब्द शामिल हैं। ये छोटे-छोटे शब्द घर में आने वाले लोगों का ध्यान खींचते हैं। एंट्रेंस से अंदर जाने वाला रास्ता भी काफी सलीके से सजाया गया है। घर में आते ही एक पॉजिटिव और अपनापन भरा एहसास होता है।
लिविंग रूम
घर का लिविंग रूम काफी खूबसूरत है। यहां दीवार पर ईंटों जैसा डिजाइन दिया गया है और उसके साथ सफेद रंग का टीवी यूनिट लगाया गया है। टीवी के पास सफेद कैबिनेट भी है, जिस पर घर की सजावट से जुड़ी चीजें रखी जा सकती हैं। इस जगह को खास बनाते हैं भारती और हर्ष की दोस्तों के साथ लगी तस्वीरें। लिविंग रूम में एक बड़ा लाल रंग का सोफा रखा गया है, जहां बैठकर कपल आराम से टीवी देख सकता है। इसके अलावा, यहां चमकीले पीले रंग की बड़ी विंग चेयर भी है। लाल और पीले रंग का यह कॉम्बिनेशन कमरे को काफी आकर्षक बनाता है।
बालकनी से दिखता है शहर का खूबसूरत नजारा
लिविंग रूम से जुड़ी बालकनी भी घर का खास हिस्सा है। यहां से मुंबई की ऊंची इमारतों और शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। बालकनी में बैठने के लिए कुर्सियां रखी गई हैं। ऐसे में सुबह की चाय पीने या शाम को कुछ देर आराम करने के लिए यह अच्छी जगह है।
पीली डाइनिंग टेबल और छोटा-सा मंदिर
लिविंग रूम के पास ही डाइनिंग एरिया बनाया गया है। यहां चमकीले पीले रंग की डाइनिंग टेबल रखी गई है, जो पूरे स्पेस को अलग लुक देती है। टेबल के ऊपर एक खूबसूरत झूमर लगा है, जो इस जगह की खूबसूरती बढ़ाता है। दीवार पर एक छोटा-सा मंदिर भी बनाया गया है। इसके अलावा, मेहमानों के लिए इसी हिस्से के पास एक छोटा पाउडर रूम भी है।
भारती सिंह का किचन है सिंपल और मॉडर्न
भारती और हर्ष का किचन भी घर के बाकी हिस्सों की तरह सलीके से डिजाइन किया गया है। यहां स्ट्रेट मॉड्यूलर किचन है, जिसमें दोनों तरफ भूरे रंग की कैबिनेट लगी हैं। इसके साथ सफेद टॉप और सफेद रंग की वॉल कैबिनेट दी गई हैं। इसका डिजाइन काफी सिंपल है और सामान रखने के लिए अच्छी जगह भी मिल जाती है। भारती अक्सर अपने व्लॉग में किचन की झलक दिखाती रहती हैं। कुल मिलाकर, भारती और हर्ष का घर बहुत ज्यादा दिखावे वाला नहीं है। इसमें आराम, खूबसूरती और पर्सनल पसंद का अच्छा मेल देखने को मिलता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




