Home rss business hindi Gold Price: दिसंबर तक ₹1.50 लाख का हो जाएगा सोना? क्या कहते...

Gold Price: दिसंबर तक ₹1.50 लाख का हो जाएगा सोना? क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • सोने की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका के फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर सख्त नीति है
  • सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, बाजार में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट यानी 0.50% की बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है

Gold Price: सोने की कीमतों में पिछले कुछ कारोबारी सेशंस से लगातार दबाव देखने को मिल रहा है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और डॉलर की मजबूती के चलते सोने के भाव में गिरावट आई है। फिलहाल MCX पर सोना करीब ₹1,38,500 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है। हालांकि, इस गिरावट के बीच निवेशकों के मन में एक बड़ा सवाल है कि क्या साल के अंत यानी दिसंबर 2026 तक सोने का भाव ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है? कुछ एक्सपर्ट्स को सोने में रिकवरी की उम्मीद है, जबकि कुछ ने आगे और गिरावट की आशंका जताई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि सोने की कीमतों को लेकर एक्सपर्ट्स का क्या कहना है ?

सोने की कीमतों पर क्यों बना हुआ है दबाव?

सोने की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका के फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर सख्त नीति है। सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, बाजार में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट यानी 0.50% की बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है। अगर ब्याज दरें बढ़ती हैं तो निवेशकों के लिए बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट जैसे विकल्प ज्यादा आकर्षक हो सकते हैं। ऐसे में सोने की मांग पर असर पड़ सकता है, क्योंकि सोने से कोई नियमित ब्याज नहीं मिलता। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर की मजबूती भी सोने की कीमतों में तेजी को रोक रही है।

कच्चे तेल की गिरावट का भी नहीं मिला फायदा

अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में प्रगति के चलते कच्चे तेल की कीमत करीब 118 डॉलर से गिरकर 92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। आमतौर पर क्रूड सस्ता होने से महंगाई कम होने की उम्मीद बढ़ती है, जिसका फायदा सोने को मिल सकता है। लेकिन इस बार अमेरिकी फेड का सख्त रुख और उम्मीद से ज्यादा महंगाई के आंकड़े सोने पर भारी पड़ रहे हैं। कोटक नियो की कमोडिटी रिसर्च की AVP कायनात चैनवाला के मुताबिक, सोने की आगे की चाल अमेरिकी ब्याज दरों, महंगाई और डॉलर की स्थिति पर निर्भर करेगी।

दिसंबर 2026 तक ₹1.50 लाख होगा सोना?

निवेशकों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि सोने की कीमतें दिसंबर 2026 तक MCX पर ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम का स्तर छू सकती हैं। कायनात चैनवाला के मुताबिक, मौजूदा स्तर से सोने को इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए करीब 8% की तेजी दिखानी होगी। इसके लिए अमेरिकी महंगाई में नरमी, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका कम होना और डॉलर का कमजोर पड़ना जरूरी होगा। MCX पर ₹1.46 लाख के ऊपर मजबूती से टिकना सोने में तेजी का अहम संकेत हो सकता है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4,220 डॉलर प्रति औंस के ऊपर ब्रेकआउट मिलने पर MCX पर सोना ₹1.49 लाख से ₹1.52 लाख तक पहुंच सकता है।

सोने में और गिरावट की भी आशंका

हालांकि, अनुज गुप्ता का नजरिया थोड़ा सतर्क है। उनके मुताबिक, अगर अमेरिकी फेड ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी करता है तो सोने और चांदी में बिकवाली बढ़ सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 3,800 डॉलर प्रति औंस अहम सपोर्ट है। इसके नीचे जाने पर भाव 3,400 डॉलर तक फिसल सकता है। वहीं, चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे के मुताबिक, MCX पर ₹1,42,800 से ₹1,46,100 का स्तर पार करना सोने में तेजी के लिए जरूरी है। नीचे की तरफ ₹1,37,300 और ₹1,24,900 अहम सपोर्ट स्तर हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN