Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार 50 साल पुराने बर्तन, कान्हा की 40 साल पुरानी तस्वीर, बिना प्लास्टर...

50 साल पुराने बर्तन, कान्हा की 40 साल पुरानी तस्वीर, बिना प्लास्टर की दीवार, कृष्णा अभिषेक के आशियाने को देखती रह गईं अर्चना पूरन सिंह

5
0

Source :- KHABAR INDIATV

टीवी और कॉमेडी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले कृष्णा अभिषेक अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। पर्दे पर उनका अंदाज जितना मस्तीभरा और रंगीन है, उनके घर की झलक भी कुछ वैसी ही नजर आती है। हाल ही में अभिनेत्री और टीवी पर्सनैलिटी अर्चना पूरन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर कृष्णा अभिषेक के घर का पूरा टूर कराया। 6 नवंबर को सामने आए इस वीडियो में कृष्णा की पत्नी और अभिनेत्री कश्मीरा शाह के साथ उनके परिवार की निजी दुनिया देखने को मिली। घर की सजावट देखकर साफ पता चलता है कि इस कपल ने इसे किसी दिखावे के बजाय अपनी पसंद, आराम और परिवार की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया है। आमतौर पर बॉलीवुड और टीवी सितारों के घरों में सफेद रंग, महंगे फर्नीचर और बेहद सलीके से सजाए गए इंटीरियर देखने को मिलते हैं, लेकिन कृष्णा का घर इससे काफी अलग है। यहां आधुनिकता के साथ देसी अंदाज, रंगों और निजी पसंद का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है। कृष्णा और कश्मीरा अपने जुड़वां बेटों के साथ इसी घर में रहते हैं।

लाल ईंटों वाली दीवारों से मिलता है घर को खास लुक

घर में दाखिल होते ही सबसे पहले नजर बड़े और रोशनी से भरे लिविंग रूम पर जाती है। यहां बड़ी-बड़ी खिड़कियां हैं, जिनसे दिनभर प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा आती रहती है। कमरे की दीवारों पर लाल रंग की एक्सपोज्ड ब्रिक टेक्सचर फिनिश दी गई है, जो पूरे इंटीरियर को एक अलग पहचान देती है। इसका लुक किसी मॉडर्न कैफे या लॉफ्ट जैसा महसूस होता है। इन दीवारों के सामने ग्रे रंग के आरामदायक सोफे और एक चमकदार लाल सोफा रखा गया है। इनके बीच में ग्लास टेबल है, जबकि सामने बड़ी स्क्रीन वाला टीवी लगा है। परिवार के साथ फिल्म देखने और समय बिताने के लिए यह जगह काफी आरामदायक नजर आती है। लिविंग एरिया के पास ही डाइनिंग टेबल भी रखी गई है। कमरे की सजावट में कई दिलचस्प चीजें शामिल हैं।

एक दीवार पर बड़े शहर का नजारा दिखाने वाला वॉलपेपर लगाया गया है, जो कैफे जैसा माहौल बनाता है। वहीं, लाल ईंटों वाली दीवार पर सांता मोनिका का स्ट्रीट साइन, छोटी खिलौना कारें, मजेदार कोट्स वाले फ्रेम और कई तरह की सजावटी चीजें रखी गई हैं। घर का यह हिस्सा कृष्णा के चुलबुले और मस्तीभरे स्वभाव की झलक देता है। वहीं कृष्णा के घर में एक दीवार ऐसी भी है, जिस पर आधा-अधूरा प्लास्टर ही किया गया है। इसी दीवार पर ऐसी लगा नजर आ रहा है। इसे देख कर ऐसा लगेगा मानो कि प्लास्टर गिर रहा हो। कृष्णा ने जानबूझ कर इस हिस्से को रॉ रखा है।

मॉडर्न किचन और लाखों के कपड़ों से भरी वॉर्डरोब

लिविंग रूम के ठीक पास घर का किचन है, जिसका लुक बाकी हिस्सों से बिल्कुल अलग है। यहां मैट ब्लैक कैबिनेट्स, आधुनिक बिल्ट-इन उपकरण और करीने से रखे कांच के स्टोरेज जार दिखाई देते हैं। किचन को बेहद साफ-सुथरे और मिनिमल अंदाज में डिजाइन किया गया है। जहां लिविंग रूम में रंगों और टेक्सचर का इस्तेमाल किया गया है, वहीं किचन में सादगी को प्राथमिकता दी गई है। हालांकि पूरे घर में सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है कृष्णा का वॉक-इन वॉर्डरोब। यह किसी फैशन स्टोर से कम नहीं लगता। यहां फर्श से छत तक बने स्टोरेज यूनिट्स में उनके कपड़े, डिजाइनर जूते और स्टाइलिश जैकेट्स रखे हुए हैं। उनके कलेक्शन में कई महंगे और आकर्षक आउटफिट्स शामिल हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये तक बताई गई है। कृष्णा के कपड़ों का चुनाव भी उनके व्यक्तित्व की तरह रंगीन और अलग अंदाज वाला है। यहां चमकीले रंगों से लेकर फंकी डिजाइन तक हर तरह के कपड़े देखने को मिलते हैं।

बच्चों का कमरा और मंदिर भी है खास

घर के बेडरूम को सजाने में दिखावे के बजाय आराम का ध्यान रखा गया है। मास्टर बेडरूम में एक आरामदायक बेड और बड़ी टीवी स्क्रीन है। वहीं, कृष्णा और कश्मीरा के जुड़वां बेटों के लिए अलग कमरा तैयार किया गया है। इस कमरे में बंक बेड, हल्के डिजाइन वाला वॉलपेपर, प्रिंटेड पर्दे और बच्चों के ढेर सारे खिलौने रखे हुए हैं। इसकी सजावट देखकर लगता है कि यह कमरा बच्चों के खेलने और मस्ती करने के लिए बनाया गया है, न कि सिर्फ तस्वीरों में सुंदर दिखने के लिए। घर का एक और खास हिस्सा मंदिर है। इसे गर्म रोशनी से सजाया गया है और यहां अलग-अलग देवी-देवताओं की मूर्तियां रखी गई हैं। यह कोना पूरे घर के शोर-शराबे और रंगीन माहौल के बीच शांति का एहसास कराता है।

ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी की जिंदगी पर बनेगी तेलुगु फिल्म, आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग’ पर आधारित होगी कहानी, कांग्रेस नेता ने किया ऐलान

SOURCE : KHABAR INDIATV