Source :- KHABAR INDIATV
इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने फिलहाल क्रिकेट को अलविदा कहने का इरादा छोड़ दिया है। 44 साल की उम्र में भी विकेट लेने की अपनी भूख बरकरार रखने वाले एंडरसन अब अपने करियर का नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। लंकाशायर से अलग होने के बाद उन्होंने सरे के साथ करार किया है। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि एंडरसन अपना 45वां जन्मदिन मनाने के बाद भी पेशेवर क्रिकेट खेलते नजर आएंगे।
एंडरसन ने 2027 काउंटी चैंपियनशिप सीजन के लिए सरे के साथ करार किया है। पिछले महीने लंकाशायर ने 25 साल के लंबे साथ के बाद उन्हें रिलीज कर दिया था। क्लब के नए क्रिकेट निदेशक पॉल फारब्रेस ने इस फैसले के पीछे टीम की जरूरत बताई थी। लंकाशायर ने डिवीजन-2 में सातवें स्थान पर रहते हुए अपना अभियान खत्म किया था, जो चैंपियनशिप के इतिहास में उसका सबसे खराब प्रदर्शन था।
ओवल में सरे की जर्सी में नजर आएंगे एंडरसन
लंकाशायर से विदाई के बाद एंडरसन ने संन्यास लेने पर भी विचार किया था, लेकिन पिछले सीजन में उनके प्रदर्शन ने उन्हें अपना फैसला बदलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने 50 विकेट हासिल किए थे और उन्हें लंकाशायर का चैंपियनशिप प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया था। अब वह ओवल में सरे की जर्सी में नजर आएंगे। यहां उनकी मुलाकात एलेक स्टीवर्ट से भी होगी, जो सरे के क्रिकेट निदेशक हैं। दिलचस्प बात यह है कि एंडरसन ने 2003 में लॉर्ड्स में स्टीवर्ट के साथ ही अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
सरे से जुड़ने पर एंडरसन ने कहा कि सरे जैसे क्लब का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है और वह अपने करियर के नए अध्याय की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहा हैं। सरे के पास शानदार टीम है और यह ऐसी टीम है, जिससे हमेशा चैंपियनशिप खिताब के लिए चुनौती पेश करने की उम्मीद रहती है। वह इसका हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं।
अहम होगी एंडरसन की भूमिका
सरे के लिए भी एंडरसन का अनुभव काफी उपयोगी साबित हो सकता है। टीम ने पिछले चार सीजन में तीन बार खिताब जीता था और एक बार दूसरे स्थान पर रही थी, लेकिन पिछले सीजन में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम डिवीजन-1 से बाहर होने के खतरे तक पहुंच गई थी। ओवल का मैदान एंडरसन के लिए नया नहीं है। उन्होंने इंग्लैंड के लिए खेले गए रिकॉर्ड 188 टेस्ट मैचों में से 16 मुकाबले इसी मैदान पर खेले और इस दौरान 33.18 की औसत से 50 विकेट हासिल किए।
यह भी पढ़ें:
रोहित शर्मा को मिलेगा नया ओपनिंग पार्टनर, बदल जाएगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन
IND vs NZ: चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम का ऐलान, 31 साल के खिलाड़ी को पहली बार मौका
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




