Source :- LIVE HINDUSTAN
ट्रंप ने दावा किया कि हर महीने अरबों डॉलर की चोरी होती है। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों और भ्रष्टाचार को रोकने से संघीय बजट को संतुलित करने में मदद मिलेगी। हालांकि, उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इन दावों को साबित करने के लिए कोई विवरण या सबूत नहीं दिया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के करोड़ों डॉलर हासिल कर लिए हैं और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट पर अपना कंट्रोल पा लिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “हमें ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। वे दिन अब लद चुके हैं।” उन्होंने कहा, “हमने उनके पैसे ( करोड़ों डॉलर) ले लिए हैं और होर्मुज पर भी कब्जा कर लिया है।”
इसके अलावा, ट्रंप ने बताया कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस को निर्देश दिए हैं कि वह डेमोक्रेट्स द्वारा शासित शहरों और राज्यों में कथित भ्रष्टाचार और अपराधों पर ध्यान दें। उन्होंने विशेष रूप से मिनेसोटा, कैलिफोर्निया और इलिनोइस का जिक्र करते हुए डेमोक्रेटिक नेताओं पर बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियों को होने देने का आरोप लगाया। ट्रंप ने दावा किया, “हर महीने अरबों डॉलर की चोरी होती है।” उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों और भ्रष्टाचार को रोकने से संघीय बजट को संतुलित करने में मदद मिलेगी। हालांकि, उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इन दावों को साबित करने के लिए कोई विवरण या सबूत नहीं दिया।
वहीं, ईरान के अधिकारियों और विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बार-बार ट्रंप के इन दावों को गलत बताया है। उनका कहना है कि खुफिया जानकारी की विफलता के कारण अमेरिका बार-बार गलत आकलन कर बैठता है। ट्रंप की इन टिप्पणियों से यह भी स्पष्ट होता है कि वह ईरान के साथ किसी समझौते के पक्ष में नहीं हैं, हालांकि उन्होंने किसी अन्य राजनयिक या नीतिगत विकल्प के बारे में विस्तार से नहीं बताया।
ट्रंप-नेतन्याहू में हुई तीखी बातचीत
इस बीच, इजरायली मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, वीकेंड पर ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर तीखी बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान फिर से शुरू करने के मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच टकराव हुआ। ‘वाईनेट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह असहमति इस बात पर थी कि क्या ईरान के खिलाफ सैन्य हमले फिर से शुरू किए जाएं। नेतन्याहू इसके पक्ष में थे, जबकि ट्रंप राजनयिक प्रयासों को जारी रखने और ईरान के साथ बातचीत चलने देने के पक्ष में थे। एक सूत्र ने इस बातचीत को ‘मुश्किल’ बताया, जबकि एक अन्य सूत्र ने इसे “बेहद तीखी बहस” करार दिया।
ईरान की अर्थव्यवस्था ढह रही: अमेरिका
हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय ने इस बात से इनकार किया कि बातचीत में कोई टकराव हुआ था। इजरायल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन तीखी बहस नहीं हुई थी। अमेरिका का कहना है कि इस संघर्ष में उसकी स्थिति मजबूत है। उसने होर्मुज पर अपने नियंत्रण का हवाला दिया और कहा कि ईरान की अर्थव्यवस्था ढह रही है। अमेरिका ने यह भी स्पष्ट किया कि नौसैनिक नाकेबंदी और सैन्य अभियान (जिनमें ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ और हाल ही में घोषित ‘ऑपरेशन आयरन गेट’ शामिल हैं) जारी रहेंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




