Source :- LIVE HINDUSTAN
पूर्व आईपीएल चैयरमैन ललित मोदी को ब्रिटिश नागरिकता मिल गई है। उन्होंने इस खुशी को जाहिर करते हुए सोशल मीडिया साइट पर बड़ी बात लिखी। उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकता मिलना खुशी की बात है।
Lalit Modi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी एक बार फिर से चर्चा में हैं। इस बार चर्चा का विषय उनकी नागरिकता है। मोदी ने ऐलान किया है कि उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर ली है। उन्होंने इसे एक बड़ी उपलब्धि और जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि वह इसे हासिल करके बेहद गर्व का अनुभव कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में भाषण देते हुए ललित मोदी ने इस बात का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता प्राप्त करने और यूनाइटेड किंगडम के साथ अपने पुराने और लंबे जुड़ाव के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें यह नागरिकता 15 सितंबर को ही मिल गई थी। इस पूरे घटनाक्रम के बारे में सोशल मीडिया साइट पर जानकारी शेयर करते हुए उन्होंने इस एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने लिखा, “ब्रिटिश नागरिक बनना एक सम्मान और जिम्मेदारी है, जिसे मैं गर्व, कृतज्ञता और अपनेपन की सच्ची भावना के साथ स्वीकार करता हूँ।” इस दौरान मोदी ने अपने परिवार, दोस्तों और ऑक्सफोर्ड यूनियन को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें इस यादगार मौके पर यह खबर साझा करने का अवसर दिया।
भारत से भागे, एक द्वीपीय देश की नागरिकता ले रखी थी ललित मोदी ने
इंडियन प्रीमियर लीग पर लगे आरोपों के बीच ललित मोदी को करीब 16 साल पहले भारत छोड़कर विदेश जाना पड़ा था। इसके बाद से लगातार इस बात का दबाव बनाया जा रहा था कि उन्हें वापस लाया जाए। इस पूरे खेल के दौरान ललित मोदी ने भारतीय पासपोर्ट को सरेंडर कर दिया था। इसके बाद उन्होंने एक द्वीपीय देश वनातु की नागरिकता ले ली थी। 3 लाख की आबादी वाले इस देश के टैक्स हेवन कहा जाता है। इस देश की नागरिकता मिलने के बाद ललित मोदी को भारत डिपोर्ट करना और भी ज्यादा मुश्किल हो गया था। लेकिन अब ब्रिटिश नागरिकता के साथ ललित मोदी को वापस भारत लाना और भी ज्यादा मुश्किल हो गया है।
ललित मोदी के ऊपर क्या हैं आरोप
भारतीय क्रिकेट को इंडियन प्रीमीयर लीग (IPL) जैसा तोहफा देने वाले ललित मोदी का अच्छा वक्त ज्यादा समय नहीं चला। कुछ समय आईपीएल को सही तरीके से संचालित करने के बाद ललित मोदी के सितारे गर्दिश में डूबने लगे। उनके ऊपर हेराफेरी, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी मुद्रा विनिमय के आरोप लगे। इसके बाद ललित मोदी देश छोड़कर बाहर चले गए। इस मामले में बीसीसीआई ने भी ऐक्शन लेते हुए 2013 में उनके ऊपर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया।
ललित मोदी को मिली राहत
इस साल की शुरुआत में ललित मोदी को भारतीय न्यायलय से राहत मिली थी। ‘स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी) एक्ट’ के तहत गठित अपीलीय न्यायाधिकरण ने इस मामले में मोदी और अन्य अपीलकर्ताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय के अधिकांश निष्कर्षों और दंडों को खारिज कर दिया। खबरों के अनुसार, न्यायाधिकरण ने पाया कि इस मामले में मोदी की जिम्मेदारी तय करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे। यह फैसला पूर्व IPL चेयरमैन से जुड़े प्रमुख कानूनी मामलों में से एक में एक अहम मोड़ साबित हुआ है। हालांकि, इसके बाद भी उन्होंने भारत आने का फैसला नहीं किया। हालांकि, पिछले कुछ समय से वह लगातार पॉडकास्ट में नजर आते रहते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




