Source :- INDIATV NEWS

भारत समेत दुनियाभर के विभिन्न देशों में बीते कुछ समय से भूकंप की घटनाएं लगातार बढ़ती हुई देखी जा रही हैं। भूकंप की इस प्राकृतिक आपदा में बीते कुछ समय में हजारों लोगों की मौत भी हुई है। ऐसे में लोगों के दिलों में भूकंप को लेकर डर बैठता जा रहा है। इसी क्रम में भारत के पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी सोमवार को तड़के भूकंप के कारण धरती हिल उठी है। आइए जानते हैं कि इस भूकंप के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
कितनी थी तीव्रता?
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने सोमवार को अफगानिस्तान में आए भूकंप के बारे में अपडेट साझा किया है। संस्थान ने बताया है कि सोमवार 16 नवंबर को तड़के 3 बजकर 7 मिनट पर अफगानिस्तान में भूकंप आया है। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने में 5.1 मापी गई है। वहीं, इस भूकंप का केंद्र धरती से 179 किलोमीटर की गहराई पर था। अब तक इस भूकंप के कारण किसी भी तरह से जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
सितंबर में दो बार आया था भूकंप
आपको बता दें कि इससे पहले सितंबर महीने में भी दो बार अफगानिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 7 सितंबर को अफगानिस्तान में भूकंप आया था जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 मापी गई थी। ये भूकंप सुबह-सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर आया था और इस भूकंप का केंद्र धरती से 130 किलोमीटर की गहराई पर था। वहीं, इसके दो दिन बाद 9 सितंबर को भी अफगानिस्तान में भूकंप आया जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई थी।
जानिए भूकंप क्यों आते हैं?
आपको बता दें कि भूकंप आने के समय धरती हिलने की मुख्य वजह धरती के भीतर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों का आपस में टकराना, रगड़ना या खिसकना होता है। जब भूकंप आता है तो जमीन के अंदर जमा ऊर्जा अचानक से बाहर की ओर निकलती है। इसी के कारण हमारी धरती पर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।
ये भी पढ़ें- अफगानिस्तान में महसूस किए गए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर कितनी मापी गई तीव्रता?
SOURCE : INDIATV NEWS




