Source :- Khabar Indiatv
ओडिशा के पुरी जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां कपड़े सुखाने के लिए लॉज की छत पर गए 65 वर्षीय एक व्यक्ति का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गिरने के दौरान जमीन पर पड़ी लोहे की एक छड़ उनके सीने में घुस गई और शरीर के आर-पार हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कपड़े सुखाने छत पर गए थे बुजुर्ग, संतुलन बिगड़ने से हुआ खौफनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, घायल व्यक्ति की पहचान शेख अब्दुल कयूम के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ दिनों से पुरी के नरेंद्र कोना इलाके में स्थित एक लॉज में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह शेख अब्दुल कयूम अपने कपड़े सुखाने के लिए लॉज की छत पर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़े। यह हादसा उस समय और अधिक भयानक हो गया, जब नीचे जमीन पर पड़ी लोहे की एक नुकीली छड़ सीधे उनके सीने में जा धंसी। इस अचानक हुई दुर्घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल, बुजुर्ग की हालत गंभीर
उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और लॉज के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल शेख अब्दुल कयूम को संभाला और बिना देर किए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने फौरन उनका इलाज शुरू किया। सीने में लोहे की छड़ घुसने के कारण उन्हें अंदरूनी और गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल शेख अब्दुल कयूम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दे रहे हैं। पुरी में हुई इस घटना ने एक सामान्य घरेलू काम के दौरान हुए गंभीर हादसे को सामने ला दिया है। कपड़े सुखाने के लिए छत पर गए व्यक्ति के साथ हुई इस दुर्घटना ने सभी को हैरान कर दिया है।
ओडिशा के ही ढेंकानाल जिले में एक अन्य दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक सांड ने हमला कर 72 वर्षीय बुजुर्ग को मौत के घाट उतार दिया।
(रिपोर्ट: शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें:
भूख या सनक! शख्स को लेकर चौंकाने वाला दावा- सड़क पर हादसे में मारे गए कुत्ते का मांस खाने लगा
SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS




