Source :- LIVE HINDUSTAN
केंद्र सरकार के लाखों पेंशनर्स की नजर अब 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) पर टिकी हुई है। सरकारी कर्मचारियों की सैलरी के साथ-साथ इस आयोग के फैसले का असर रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन पर भी पड़ सकता है। खासकर OPS (Old Pension Scheme) के तहत आने वाले पेंशनर्स यह जानना चाहते हैं कि नए वेतन आयोग के लागू होने पर उनकी मौजूदा पेंशन में कितनी बढ़ोतरी हो सकती है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर 8वां वेतन आयोग 2.10, 2.57 या 2.75 का फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) लागू करता है, तो अभी ₹25,000, ₹30,000, ₹40,000 या ₹75,000 बेसिक पेंशन पाने वाले रिटायर्ड कर्मचारियों को हर महीने कितनी पेंशन मिल सकती है?
इसी को समझने के लिए यहां अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर के आधार पर ₹25,000 से ₹75,000 तक की मौजूदा बेसिक पेंशन का उदाहरण लेकर कैलकुलेशन की गई है। हालांकि, ये आंकड़े केवल संभावित कैलकुलेशन हैं। 8वें वेतन आयोग ने अभी पेंशन बढ़ोतरी के लिए किसी फिटमेंट फैक्टर को अंतिम रूप नहीं दिया है।
8वां वेतन आयोग कब देगा अपनी रिपोर्ट?
8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। आयोग में कुल 3 सदस्य हैं। आयोग का काम केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सैलरी, भत्तों और पेंशन से जुड़े मामलों की समीक्षा करना और सरकार को अपनी सिफारिशें देना है।
आयोग की रिपोर्ट को लेकर केंद्रीय कर्मचारी संगठनों, पेंशनर्स एसोसिएशन और कर्मचारी यूनियनों की नजर बनी हुई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आयोग को अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने के लिए लगभग 18 महीने का समय दिया गया है। इसके आधार पर मई-जून 2027 के आसपास रिपोर्ट आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, रिपोर्ट सौंपने के बाद भी सिफारिशें अपने आप लागू नहीं होंगी। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही पेंशन और वेतन में बदलाव का रास्ता साफ होगा।
पहले समझिए कैसे तय होती है मौजूदा बेसिक पेंशन?
8वें वेतन आयोग के संभावित असर को समझने से पहले यह जानना जरूरी है कि फिलहाल OPS के तहत पेंशन की कैलकुलेशन किस आधार पर होती है। मौजूदा पेंशन व्यवस्था के तहत पात्र केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को आमतौर पर रिटायरमेंट के समय मिलने वाली अंतिम सैलरी या रिटायरमेंट से पहले के 10 महीनों की औसत इमोल्यूमेंट, इनमें से जो अधिक हो, उसका 50% बेसिक पेंशन के रूप में मिलता है। यह संबंधित नियमों और पात्रता शर्तों के अधीन होता है।
इसे एक उदाहरण से समझिए:
- अगर किसी कर्मचारी की रिटायरमेंट के समय बेसिक सैलरी 1 लाख है, तो उसकी बेसिक पेंशन 50,000 हो सकती है।
- अगर किसी कर्मचारी की अंतिम बेसिक सैलरी 80,000 है, तो उसकी बेसिक पेंशन 40,000 हो सकती है।
- अगर किसी कर्मचारी की अंतिम बेसिक सैलरी 1.50 लाख है, तो उसकी बेसिक पेंशन 75,000 हो सकती है।
यहां ध्यान देने वाली बात है कि बेसिक पेंशन के अलावा पेंशनर्स को महंगाई राहत यानी DR (Dearness Relief) और नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी मिल सकती हैं। ऊपर बताए गए उदाहरण केवल बेसिक पेंशन को दर्शाते हैं।
2.10 फिटमेंट फैक्टर पर कितनी हो सकती है पेंशन?
लाइव मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगर 8वां वेतन आयोग 2.10 का फिटमेंट फैक्टर अपनाता है, तो मौजूदा बेसिक पेंशन को 2.10 से गुणा करके संभावित नई बेसिक पेंशन का उदाहरण निकाला जा सकता है। इस हिसाब से ₹25,000 की मौजूदा बेसिक पेंशन बढ़कर ₹52,500 हो सकती है। वहीं ₹50,000 की बेसिक पेंशन ₹1,05,000 और ₹75,000 की पेंशन ₹1,57,500 तक पहुंच सकती है।
| मौजूदा बेसिक पेंशन | 2.10 फिटमेंट फैक्टर पर संभावित पेंशन |
|---|---|
| ₹25,000 | ₹52,500 |
| ₹30,000 | ₹63,000 |
| ₹35,000 | ₹73,500 |
| ₹40,000 | ₹84,000 |
| ₹45,000 | ₹94,500 |
| ₹50,000 | ₹1,05,000 |
| ₹55,000 | ₹1,15,500 |
| ₹60,000 | ₹1,26,000 |
| ₹65,000 | ₹1,36,500 |
| ₹70,000 | ₹1,47,000 |
| ₹75,000 | ₹1,57,500 |
इस कैलकुलेशन के मुताबिक, 2.10 फिटमेंट फैक्टर पर ₹25,000 बेसिक पेंशन पाने वाले पेंशनर की संभावित नई बेसिक पेंशन ₹52,500 हो सकती है।
2.57 फिटमेंट फैक्टर पर कितनी बढ़ेगी पेंशन?
अब बात 2.57 फिटमेंट फैक्टर की करते हैं। यह आंकड़ा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि 7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर अपनाया गया था। अगर 8वें वेतन आयोग में भी सरकार इसी फैक्टर को मंजूरी देती है, तो मौजूदा बेसिक पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी दिखाई दे सकती है।
उदाहरण के लिए अभी ₹25,000 बेसिक पेंशन पाने वाले व्यक्ति की पेंशन 2.57 से गुणा करने पर ₹64,250 हो जाएगी। इसी तरह ₹50,000 की पेंशन ₹1,28,500 और ₹75,000 की पेंशन ₹1,92,750 हो सकती है।
| मौजूदा बेसिक पेंशन | 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर संभावित पेंशन |
|---|---|
| ₹25,000 | ₹64,250 |
| ₹30,000 | ₹77,100 |
| ₹35,000 | ₹89,950 |
| ₹40,000 | ₹1,02,800 |
| ₹45,000 | ₹1,15,650 |
| ₹50,000 | ₹1,28,500 |
| ₹55,000 | ₹1,41,350 |
| ₹60,000 | ₹1,54,200 |
| ₹65,000 | ₹1,67,050 |
| ₹70,000 | ₹1,79,900 |
| ₹75,000 | ₹1,92,750 |
इस हिसाब से अगर 2.57 का फैक्टर लागू होता है, तो ₹75,000 की मौजूदा बेसिक पेंशन लगभग ₹1.93 लाख तक पहुंच सकती है। हालांकि, यह केवल गणितीय अनुमान है, इसे सरकार की ओर से घोषित पेंशन नहीं समझना चाहिए।
2.75 फिटमेंट फैक्टर पर ₹75,000 पेंशन कितनी होगी?
पेंशनर्स के बीच 2.75 फिटमेंट फैक्टर को लेकर भी चर्चा है। अगर आयोग इस स्तर का फिटमेंट फैक्टर सुझाता है और सरकार इसे मंजूरी देती है, तो मौजूदा पेंशन में और ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है। उदाहरण के तौर पर, ₹25,000 की बेसिक पेंशन बढ़कर ₹68,750 हो सकती है। वहीं ₹50,000 की पेंशन ₹1,37,500 और ₹75,000 की पेंशन ₹2,06,250 तक पहुंच सकती है।
| मौजूदा बेसिक पेंशन | 2.75 फिटमेंट फैक्टर पर संभावित पेंशन |
|---|---|
| ₹25,000 | ₹68,750 |
| ₹30,000 | ₹82,500 |
| ₹35,000 | ₹96,250 |
| ₹40,000 | ₹1,10,000 |
| ₹45,000 | ₹1,23,750 |
| ₹50,000 | ₹1,37,500 |
| ₹55,000 | ₹1,51,250 |
| ₹60,000 | ₹1,65,000 |
| ₹65,000 | ₹1,78,750 |
| ₹70,000 | ₹1,92,500 |
| ₹75,000 | ₹2,06,250 |
इस संभावित कैलकुलेशन के अनुसार, 2.75 फिटमेंट फैक्टर पर ₹75,000 की मौजूदा बेसिक पेंशन ₹2 लाख से ज्यादा हो सकती है।
पेंशनर्स संगठन क्या कर रहे हैं मांग?
8वें वेतन आयोग के सामने अलग-अलग कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों ने अपनी मांगें रखी हैं। इन संगठनों का कहना है कि रिटायर्ड कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई और मेडिकल खर्चों को देखते हुए बेहतर पेंशन मिलनी चाहिए।
NC-JCM (National Council-Joint Consultative Machinery) और AIDEF (All India Defence Employees’ Federation) की ओर से पेंशन में बढ़ोतरी को लेकर अहम मांगें रखी गई हैं।
इनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
- फुल पेंशन 67% करने की मांग:- आखिरी सैलरी के मौजूदा 50% के बजाय 67% पेंशन देने का प्रस्ताव रखा गया है।
- फैमिली पेंशन में बढ़ोतरी:- मौजूदा 30% के बजाय फैमिली पेंशन को 50% करने की मांग की गई है।
- न्यूनतम पेंशन 45,000:- भारत पेंशनर्स समाज ने न्यूनतम पेंशन 45,000 करने का प्रस्ताव दिया है।
- 67% पेंशन का प्रस्ताव:- भारत पेंशनर्स समाज ने भी अंतिम वेतन के 67% के बराबर पेंशन देने की मांग रखी है।
इन मांगों का उद्देश्य रिटायर्ड कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा देना है। हालांकि, आयोग इन प्रस्तावों को किस हद तक स्वीकार करेगा, यह अभी तय नहीं है।
क्या 2.57 फिटमेंट फैक्टर ही लागू होगा?
यह सवाल पेंशनर्स के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। 6वें वेतन आयोग में 1.86 और 7वें वेतन आयोग में 2.57 फिटमेंट फैक्टर अपनाया गया था। इसी वजह से 8वें वेतन आयोग के लिए भी अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर पर अनुमान लगाए जा रहे हैं। लेकिन, अभी तक 8वें वेतन आयोग ने 2.10, 2.57 या 2.75 में से किसी भी फिटमेंट फैक्टर को आधिकारिक रूप से मंजूरी नहीं दी है।
7वें वेतन आयोग में पुराने पेंशनर्स की पेंशन तय करने के लिए दो तरीके भी अपनाए गए थे। इनमें पहला तरीका पे मैट्रिक्स (Pay Matrix) में Notional Pay Fixation का था, जबकि दूसरा मौजूदा पेंशन को 2.57 से गुणा करने का था। पेंशनर्स को इन दोनों तरीकों में से अधिक लाभ देने वाले विकल्प के आधार पर पेंशन तय करने का प्रावधान दिया गया था। इसलिए 8वें वेतन आयोग में भी अंतिम पेंशन कितनी होगी, यह केवल फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर नहीं करेगा। सरकार की ओर से अपनाया जाने वाला पेंशन रिवीजन फॉर्मूला और अन्य नियम भी महत्वपूर्ण होंगे।
पेंशनर्स के लिए जरूरी बात
ऊपर दी गई तीनों टेबल में दिखाई गई पेंशन की रकम केवल मौजूदा बेसिक पेंशन को संबंधित फिटमेंट फैक्टर से गुणा करके निकाली गई है। ये 8वें वेतन आयोग की आधिकारिक सिफारिशें या सरकार की ओर से घोषित नई पेंशन नहीं हैं। आयोग की रिपोर्ट आने और केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पेंशनर्स को वास्तव में कितनी बढ़ोतरी मिलेगी। फिलहाल, पेंशनर्स को आयोग की सिफारिशों और सरकार के आधिकारिक फैसले का इंतजार करना होगा।
पेंशनर्स के लिए सबसे अहम बात यह है कि 8वें वेतन आयोग का फैसला केवल नई पेंशन की रकम तक सीमित नहीं रहेगा। फैमिली पेंशन, न्यूनतम पेंशन और पुराने-नए पेंशनर्स के बीच समानता जैसे मुद्दे भी अंतिम फैसले में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




