Home Latest news ताज़ा खबर पंजाब के पटियाला में अज्ञात हमलावरों ने कार सवार लोगों पर दिनदहाड़े...

पंजाब के पटियाला में अज्ञात हमलावरों ने कार सवार लोगों पर दिनदहाड़े की गोलीबारी, मची अफरा-तफरी

7
0

Source :- INDIATV NEWS

पंजाब के पटियाला में सोमवार को तीन अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े एक कार में सवार लोगों पर गोलीबारी की। इससे शहर के भीड़भाड़ वाले सफाबादी गेट इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बताया कि कार सवार लोगों ने भी जवाबी गोलीबारी की। इसके बाद हमलावर कथित तौर पर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ और मामले की जांच की जा रही है। 

हमलावर मौके से हुए फरार

पुलिस के अनुसार, कार में सवार सुखविंदर सिंह उर्फ गग्गू ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ निकलने वाला था, तभी उसके घर के बाहर सड़क पर मौजूद तीन लोगों ने उसकी कार पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, गग्गू ने बताया कि उसने तुरंत अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और खुद तथा अपने साथियों की सुरक्षा के लिए जवाबी गोलीबारी की। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। 

करीब एक साल से मिल रही थी धमकियां

पुलिस के मुताबिक, उसने दावा किया कि करीब एक साल से दो लोग उसे धमकियां दे रहे थे। पुलिस के अनुसार, उसने आरोप लगाया कि फोन करने वालों ने उससे रंगदारी मांगी थी और उसे संदेह है कि रकम देने से इनकार करने के कारण उस पर हमला किया गया। 

खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोतवाली थाना प्रभारी अमनपाल विर्क ने बताया कि पुलिस इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। 

हाईवे पर बंदूक दिखाकर लूट ली गई एसयूवी कार

वहीं, दूसरी ओर पंजाब के पठानकोट-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंदूक दिखा कर एक व्यक्ति की एसयूवी कार लूट ली गई। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात की है। एक अज्ञात व्यक्ति ने वाहन चालक को बंदूक दिखाकर धमकाया और सफेद रंग की एसयूवी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि यह वाहन पठानकोट के बमियाल इलाके के एक निवासी का है। 

पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस को मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं। जांच के अनुसार, वाहन को गुरदासपुर की ओर ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि वाहन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: 

पंजाब चावल खरीद घोटाले में CBI कोर्ट का बड़ा फैसला, FCI के 14 अधिकारियों समेत 30 दोषियों को सजा; जुर्माना भी लगाया

SOURCE : INDIATV NEWS