Home rss sports hindi बांग्लादेश के 400 रन के जवाब में मार्क्स एकरमैन का धमाका, 157...

बांग्लादेश के 400 रन के जवाब में मार्क्स एकरमैन का धमाका, 157 रन ठोक साउथ अफ्रीका को संभाला

6
0

Source :- KHABAR INDIATV

बांग्लादेश ने पहली पारी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर खड़ा कर मेजबान टीम पर दबाव बनाया। हालांकि, मेजबान साउथ अफ्रीकी टीम के  युवा ओपनर मार्क्स एकरमैन ने बल्ले से करारा जवाब दिया। मार्क्स एकरमैन ने अपने तीसरे टेस्ट मैच में ही पहला शतक जड़ने का बड़ा कारनामा किया। उन्होंने महज 164 गेंदों में 157 रन की पारी खेलकर बांग्लादेश के गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। उनकी इस पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 287 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए।

बांग्लादेश ने खड़ा किया 400 रनों का स्कोर

जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने पहली पारी में 400 रन बनाए थे। यह टेस्ट क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसका अब तक का हाईएस्ट स्कोर है। जवाब में साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अनुभवी बल्लेबाज एडेन मारक्रम दूसरे ओवर में ही हसन महमूद का शिकार बन गए। वह सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद एकरमैन और टीम में वापसी करने वाले जुबैर हमजा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 202 रन की शानदार साझेदारी कर साउथ अफ्रीका को मुकाबले में वापस ला दिया। हमजा ने 129 गेंदों पर 83 रन बनाए, जिसमें 12 चौके शामिल रहे। दो साल से अधिक समय बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हमजा ने इस पारी से नंबर-3 पर अपनी दावेदारी भी मजबूत की। हालांकि, पारी के पहले ओवर में ही वह पार्ट टाइम स्पिनर मोमिनुल हक की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए।

शानदार अंदाज में ठोका शतक

दूसरी तरफ एकरमैन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने तेज गेंदबाजों की चुनौती का डटकर सामना किया और गेंद पुरानी होने के बाद रन बनाने की रफ्तार बढ़ा दी। एकरमैन ने 125 गेंदों पर अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। इसके बाद तो उन्होंने बांग्लादेशी गेंदबाजों पर हमला बोल दिया और अगली 39 गेंदों में 57 रन ठोक दिए।

30 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी 164 गेंदों की पारी में 21 चौके और एक छक्का लगाया। वह महमूद की गेंद पर डीप में कैच आउट हुए। उनके आउट होने से बांग्लादेश को मुकाबले में वापसी का मौका मिला। महमूद ने इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जके को भी विकेट के पीछे कैच कराकर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। ब्रीट्जके सिर्फ दो रन बना सके।

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी पहले मैच में रहे फ्लॉप, दूसरे में हो गए बाहर, आखिर क्यों हुआ ऐसा फैसला

टीम इंडिया अब कब खेलेगी वनडे सीरीज, ये रहा शेड्यूल, रोहित शर्मा और विराट कोहली भी आएंगे नजर

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV