Source :- LIVE HINDUSTAN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर की ओर से आसियान शिखर सम्मेलन और इससे संबंधित बैठकों में हिस्सा लेने आए नेताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में शिरकत की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर की ओर से आसियान शिखर सम्मेलन और इससे संबंधित बैठकों में हिस्सा लेने आए नेताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में शिरकत की। यह रात्रिभोज मनीला स्थित फिलीपीन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मोदी ने ‘बारोंग तागालोग’ पहना, जो फिलीपीन के पुरुषों की पारंपरिक औपचारिक पोशाक है। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, रात्रिभोज में पारंपरिक व्यंजन परोसे गए।
मनीला पहुंचे हैं मोदी
मोदी मंगलवार को होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मनीला पहुंचे हैं। वह राष्ट्रपति मार्कोस के निमंत्रण पर फिलीपीन की यात्रा पर हैं। फिलीपीन के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री रॉबर्ट जोसेफ जे मोंटेस डी क्लारो ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों की ओर से प्रस्तुत पारंपरिक गीतों और नृत्य कार्यक्रम का आनंद लिया।
मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारतीय समुदाय से मिलकर बहुत खुशी हुई, जिसने गर्मजोशी से स्वागत किया। यह देखकर अच्छा लगता है कि विदेशों में रहने वाले भारतीय अपनी संस्कृति को सहेजने के साथ-साथ दोनों देशों को करीब लाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। दोनों देशों के बच्चों ने मोदी के समक्ष ‘पूर्ण कुंभ श्लोक’ का पाठ किया। इसके अलावा बॉलीवुड गीतों और भांगड़ा की प्रस्तुतियां भी हुईं।
मोदी ने कहा कि इस कार्यक्रम में भारत और फिलीपीन के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों की शानदार झलक देखने को मिली। मोदी के लिए इलिगन शहर के ‘इंटीग्रेटेड परफॉर्मिंग आर्ट्स गिल्ड’ की ओर से रामायण की विशेष प्रस्तुति भी आयोजित की गई, जिसमें वहां की पारंपरिक शैली का समावेश था।
गुरुद्वारा खालसा दीवान के समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मनीला में 100 साल से अधिक पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस दिन को विशेष बताते हुए गुरुद्वारे के आध्यात्मिक महत्व और सिख समुदाय के वैश्विक योगदान का उल्लेख किया है। पीएम मोदी ने लिखा कि 17 नवंबर, एक अत्यंत विशेष दिन है। मुझे मनीला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास कार्यों के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित समारोह में भाग लेने का सम्मान प्राप्त होगा। यह गुरुद्वारा एक शताब्दी से भी अधिक पुराना है और अपार आध्यात्मिक महत्त्व का केंद्र है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




