Home rss business hindi बैंक निफ्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड, 62250 के पार; बाजार में तेजी...

बैंक निफ्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड, 62250 के पार; बाजार में तेजी के 3 कारण

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Why Share Market Up Today: बैंकिंग शेयरों में मजबूती के दम पर बैंक निफ्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया
  • कारोबार की शुरुआत में गिरावट के साथ 61,559.95 अंक पर खुलने वाला बैंक निफ्टी जल्द ही संभल गया और 62258 अंक के नए शिखर पर पहुंच गया

कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। घरेलू बाजार में निवेशक जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बैंकिंग शेयरों में मजबूती के दम पर बैंक निफ्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया। कारोबार की शुरुआत में गिरावट के साथ 61,559.95 अंक पर खुलने वाला बैंक निफ्टी जल्द ही संभल गया और 62258 अंक के नए शिखर पर पहुंच गया।

इस तेजी के साथ बैंक निफ्टी ने 3 फरवरी 2026 को दर्ज अपने पिछले स्तर को भी पार कर लिया। पिछले 11 महीनों में इसमें 12 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है। बैंक निफ्टी में शामिल 14 में से 12 शेयरों में बढ़त है। कोटक बैंक और यस बैंक को छोड़ फेडरल बैंक से लेकर एचडीएफसी बैंक में तेजी है। दूसरी ओर, सेंसेक्स 82,000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया है, जबकि निफ्टी 50 भी 25,000 अंक के ऊपर बना हुआ है।

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, महंगाई में नरमी की उम्मीद, इंडियन इकोनामी की मजबूत ग्रोथ और ग्लेाबल लेवल पर एआई सेक्टर को लेकर बनी चिंताओं के बीच घरेलू बाजार में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। इसके अलावा, मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने भी बाजार को सहारा दिया है। आइए समझें क्यों है बाजार में तेजी…

शेयर बाजार में तेजी की 3 बड़ी वजहें

1. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

अविनाश मेंटर रिसर्च के संस्थापक अविनाश गोरक्षकर के मुताबिक, महंगाई को लेकर चिंताएं कम होने से घरेलू शेयर बाजार को मजबूती मिल रही है। कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने के बाद महंगाई में राहत की उम्मीद बढ़ी है।

मिंट के मुताबिक मॉर्गन स्टेनली का अनुमान है कि एशिया में महंगाई का दबाव 2027 की शुरुआत में अपने हाई पर पहुंचने के बाद कम हो सकता है। चीन को छोड़कर एशिया की अर्थव्यवस्थाओं में महंगाई दर 2026 की चौथी तिमाही के 4.5 प्रतिशत से घटकर 2027 की चौथी तिमाही तक 2.7 प्रतिशत पर आ सकती है।

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से कंपनियों की लागत घटने और मुनाफे का मार्जिन बेहतर होने की उम्मीद है। इसका फायदा वित्त वर्ष 2027 की तीसरी और चौथी तिमाही के नतीजों में दिखाई दे सकता है।

2. भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत विकास दर

भारतीय बाजार में तेजी की दूसरी बड़ी वजह अर्थव्यवस्था को लेकर आउटलुक पॉजिटिव है। मॉर्गन स्टेनली की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, एआई सेक्टर से आगे बढ़कर अन्य सेक्टर्स में भी आर्थिक गतिविधियां मजबूत होने की उम्मीद है। इससे रोजगार और लोगों की आय बढ़ सकती है, जिसका सीधा असर खपत पर पड़ेगा।

रिपोर्ट के अनुसार, एशिया में उपभोक्ता खर्च की वृद्धि दर 2026 की तीसरी तिमाही के 2.9 प्रतिशत से बढ़कर 2027 की चौथी तिमाही तक 3.2 प्रतिशत हो सकती है। मॉर्गन स्टेनली ने 2027 में एशिया की जीडीपी ग्रोथ 4.6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है, जबकि 2026 में इसके 5.1 प्रतिशत रहने की संभावना है।

भारत के लिए तस्वीर और बेहतर है। रिपोर्ट में 2027 और 2028 दोनों वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया है। वहीं, चीन की विकास दर 2027 में 4.4 प्रतिशत रहने की संभावना है।

3. कच्चे तेल में नरमी से ब्याज दरों को लेकर चिंता घटी

मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट ने दुनिया में महंगाई को लेकर चिंता घटाई है। इससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका भी कमजोर हुई है। ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका कम होने से शेयर बाजारों को राहत मिली है। इसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN