Home National news hindi मोदी के 12 साल के कार्यकाल में विदेश यात्राओं पर कितना ख़र्च...

मोदी के 12 साल के कार्यकाल में विदेश यात्राओं पर कितना ख़र्च हुआ

5
0

Source :- BBC INDIA

विमान से उतरते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद से 12 साल में उनकी विदेश यात्राओं पर 900 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए हैं.

यह जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) की ओर से संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा में पूछे गए सवालों के जवाब में दी गई है.

यह आंकड़ा जून 2014 से जुलाई 2026 तक का है. इस दौरान प्रधानमंत्री ने 81 देशों के 183 दौरे किए.

फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के फिलीपींस दौरे पर हैं. वह यहां मनीला में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन (दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का संगठन) में शामिल होने पहुंचे हैं. इसके बाद मोदी वहीं पर क्वाड सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे.

इससे पहले अगस्त में वह द्विपक्षीय दौरे पर उज्बेकिस्तान गए थे. इसके बाद उन्होंने किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सालाना शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था.

संसद में दिए गए जवाब में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस तरह के उच्चस्तरीय दौरे देशों के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए किए जाते हैं. इनका मकसद द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर भारत की भागीदारी को बढ़ावा देना भी है.

विदेश यात्राओं पर होने वाले खर्च को लेकर मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री जब किसी दूसरे देश के दौरे पर जाते हैं, तो उन्हें उस देश का मेहमान माना जाता है.

मेज़बान देश की सरकार उनके ठहरने और दूसरी सुविधाओं का खर्च उठाती है. हालांकि, इन दौरों पर साथ जाने वाले अधिकारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर भारत सरकार खर्च करती है.

मार्च 2025 में दिए गए एक अलग जवाब में विदेश मंत्रालय ने 2022 से 2024 के बीच प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर हुए खर्च का ब्योरा दिया था. इसमें होटल और रहने की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थलों का खर्च, सुरक्षा और उपकरण, परिवहन और अन्य खर्च शामिल थे.

संसद में दिए गए जवाब के मुताबिक, 2022 से 2024 के बीच तीन साल में प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं के दौरान ठहरने की व्यवस्था पर करीब 104 करोड़ रुपये खर्च हुए. इसके बाद सबसे ज्यादा 75.7 करोड़ रुपये अन्य खर्चों पर खर्च किए गए. वहीं, परिवहन व्यवस्था पर 71 करोड़ रुपये खर्च हुए. कार्यक्रम स्थलों और सुरक्षा व उपकरणों पर करीब 4-4 करोड़ रुपये खर्च किए गए.

हालांकि, इस विश्लेषण में शामिल सभी 12 साल के लिए खर्च का ऐसा विस्तृत ब्योरा उपलब्ध नहीं है. इसलिए हर दौरे पर हुए कुल खर्च के आंकड़ों को आधार बनाया गया है.

हर साल कितने विदेशी दौरे किए?

इस साल जुलाई तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 विदेश दौरे कर चुके थे. इन पर कम से कम 74.6 करोड़ रुपये खर्च हुए. हालांकि, यह आंकड़ा उनके पिछले तीन दौरों पर हुए खर्च को शामिल नहीं करता, क्योंकि इनका ब्योरा सार्वजनिक रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं है.

मोदी के 12 साल के कार्यकाल में सबसे ज्यादा विदेश दौरे 2015 में हुए थे. इस साल उन्होंने 28 बार विदेश यात्रा की.

इस दौरान वह अमेरिका, ब्रिटेन और चीन जैसे बड़े देशों के दौरे पर गए. उन्होंने रूस, फ्रांस और सिंगापुर की दो-दो बार यात्रा की.

इसी साल उन्होंने अचानक पाकिस्तान के लाहौर का दौरा भी किया था. यहां उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ से मुलाकात की थी.

2015 के बाद सबसे ज्यादा विदेश दौरे 2025 में हुए. इस साल प्रधानमंत्री ने 23 देशों की यात्रा की.

हालांकि, खर्च के मामले में 2025 का आंकड़ा ज्यादा रहा. इस साल उनकी विदेश यात्राओं पर कम से कम 187.8 करोड़ रुपये खर्च हुए. वहीं, 2015 में यह खर्च 91.5 करोड़ रुपये था. अगर महंगाई के हिसाब से 2015 के खर्च को 2025 की कीमतों में देखें, तो यह करीब 145 करोड़ रुपये होता है.

किन देशों में सबसे ज्यादा बार गए प्रधानमंत्री मोदी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में सबसे अधिक बार अमेरिका की यात्रा की है. वह अब तक 10 बार अमेरिका जा चुके हैं. इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात, जापान और फ्रांस का नंबर आता है. इन तीनों देशों की उन्होंने आठ-आठ बार यात्रा की है.

इनमें से कुछ देशों के दौरे पर काफी ज्यादा खर्च भी हुआ है.

2019 में प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा सबसे महंगी यात्राओं में शामिल थी. इस दौरे पर 37.7 करोड़ रुपये खर्च हुए थे.

इस दौरान उन्होंने टेक्सास के ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोग शामिल हुए थे.

इसके अलावा 2025 में फ्रांस की यात्रा और 2023 व 2021 में अमेरिका के दौरे पर भी सबसे ज्यादा खर्च हुआ था.

क्या मोदी ने मनमोहन सिंह से ज्यादा विदेश यात्राएं कीं?

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मई 2004 से मई 2014 तक अपने 10 साल के कार्यकाल में 96 देशों की यात्रा की थी.

वहीं, नरेंद्र मोदी ने मई 2014 से मई 2024 तक अपने पहले 10 साल के कार्यकाल में 133 विदेश दौरे किए.

मनमोहन सिंह सबसे ज्यादा 10 बार अमेरिका गए थे. इसके बाद उन्होंने रूस की नौ और जापान व जर्मनी की पांच-पांच बार यात्रा की थी.

हालांकि, मनमोहन सिंह के विदेश दौरों पर हुए कुल खर्च का पूरा ब्योरा उपलब्ध नहीं है. लेकिन उनके 10 साल के कार्यकाल में चार्टर्ड विमानों पर करीब 795 करोड़ रुपये खर्च हुए थे.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS