Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका ने ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को निशाना बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में स्थित ईरान के केश्म आइलैंड पर धुआं उठता देखा गया है। इसके बाद से ही अमेरिका द्वारा हमले की बात कही जा रही है।
अमेरिका ने ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को निशाना बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में स्थित ईरान के केश्म आइलैंड पर धुआं उठता देखा गया है। इसके बाद से ही अमेरिका द्वारा हमले की बात कही जा रही है। मेहर समाचार एजेंसी ने ईरान के अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी है कि रेजिडेंशियल, कॉमर्शियल या फिर किसी तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है।
ईरान का सबसे बड़ा द्वीप
जानकारी के मुताबिक स्थानीय निवासियों ने केश्म शहर के उत्तर-पश्चिमी हिस्से से धमाके की आवाज सुनी। अनधिकृत स्थानीय रिपोर्टों से पता चला कि धमाका अमेरिकी हवाई हमलों के कारण भी हो सकता है। केश्म ईरान का सबसे बड़ा द्वीप है। यह होर्मुज के पास स्थित है, जो खाड़ी देशों से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल और गैस निर्यात के लिए एक महत्वपूर्ण शिपिंग मार्ग है।
क्या है अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का अनुमान
बता दें कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का अनुमान है कि सैन्य ठिकानों पर कई महीनों के हमलों के बावजूद ईरान के पास अब भी लगभग 1,500 से 2,500 बैलिस्टिक मिसाइलें मौजूद हैं। इस बीच, ईरान ने बहरीन में एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर एक और ड्रोन हमला करने की जिम्मेदारी ली है।
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने इस अनुमान को ‘कम भरोसे वाला आकलन’ बताया है, क्योंकि ईरान के मिसाइल भंडार और उत्पादन क्षमता पर नजर रखना मुश्किल है। अधिकारियों ने कहा कि इस बात में कोई संदेह नहीं है कि ईरान के पास अब भी बड़ा मिसाइल जखीरा मौजूद है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायली अधिकारियों का भी मानना है कि ईरान के पास 1,500 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें हैं। मिसाइलों के इस संभावित बड़े भंडार ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के भीतर इस बात पर चल रही चर्चा को प्रभावित किया है कि क्या इस्लामी गणराज्य पर फिर से हमले किए जाने चाहिए।
इससे पहले ईरान ने मंगलवार को फारस की खाड़ी के पार बहरीन में अमेरिकी रडार केंद्र को निशाना बनाकर कई ड्रोन हमले किए। यह हाल के दिनों में बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान का तीसरा हमला था। करीब दो महीने के विराम के बाद ईरान ने अपने पड़ोसी अरब देशों पर एक बार फिर हमले शुरू कर दिए हैं।
बहरीन ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने ‘ईरान के कपटपूर्ण हवाई हमलों’ को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। हालांकि, उसने आने वाले समय में ऐसे और हमलों की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया। अमेरिकी सेना ने कहा कि हमले में उसके किसी उपकरण या सैन्य कर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। यह हमला ऐसे समय में किया गया है, जब अमेरिकी सेना की मध्य कमान ने इस बात की पुष्टि की कि विमानवाहक पोत ‘यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट’ क्षेत्र में पहुंच गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




