Home Latest news ताज़ा खबर पाकिस्तान ने माना भारत का लोहा, फाइनल के बाद चैंपियन भारतीय खिलाड़ियों...

पाकिस्तान ने माना भारत का लोहा, फाइनल के बाद चैंपियन भारतीय खिलाड़ियों को दिया गार्ड ऑफ ऑनर

6
0

Source :- INDIATV NEWS

भारत ने रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को हराकर लगातार तीसरी बार SAFF चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार यह ट्रॉफी जीत ली। खास बात यह रही कि भारत ने युवा खिलाड़ियों से सजी टीम उतारने के बावजूद खिताब पर अपना कब्जा बरकरार रखा। भारतीय टीम ने मैदान पर शानदार खेल दिखाया। यही वजह रही कि पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ी भारतीय टीम की तारीफ में तालियां बजाते नजर आए।

दरअसल, खिताबी मुकाबले में भारत से 1-2 से हारने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने मैदान पर भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान पाकिस्तानी प्लेयर्स भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में तालियां बजा रहे हैं। फुटबॉल फैंस इस वीडियो पर जमकर रिएक्ट कर रहे हैं।

पहले हाफ में पाकिस्तान ने बनाई बढ़त

मुकाबले की शुरुआत में पाकिस्तान ने बेहतर खेल दिखाया और पहले हाफ में भारतीय टीम पर दबाव बनाए रखा। भारत को 35वें मिनट के आसपास गोल करने के कुछ मौके मिले, लेकिन टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। पहले हाफ के इंजरी टाइम में आलमगीर गाजी ने शानदार गोल कर पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी।

रेड कार्ड ने बदला मैच का रुख

दूसरे हाफ में मुकाबले की तस्वीर बदल गई। 59वें मिनट में VAR के बाद जुनैद शाह को ब्रिसन फर्नांडिस पर खतरनाक टैकल के लिए सीधा रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद पाकिस्तान की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गई। भारत ने इस मौके का फायदा उठाया और अगले ही मिनट यानी 60वें मिनट में सुहैल अहमद भट ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। ल्हुंगडिम खैमिनथांग की फ्री-किक पर मैकार्टन निक्सन के हल्के टच के बाद भट ने मौके को शानदार अंदाज में भुनाया और बॉल को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। 

संदीप ने आखिरी मिनटों में दिलाया खिताब

भारत का दूसरा और विजयी गोल आखिरी मिनटों में आया। 88वें मिनट में संदीप मंडी ने शानदार हेडर लगाकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। इस गोल के साथ ही भारत ने फाइनल अपने नाम करते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया। वहीं, पाकिस्तान का पहली बार खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया।

यह भी पढ़ें:

भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को चटाई धूल, रिकॉर्ड 10वीं बार जीता SAFF चैंपियनशिप का खिताब

धोनी से लेकर ट्रेविस हेड तक, जानें IPL ऑक्शन से पहले किस टीम ने किस खिलाड़ी को किया रिलीज

SOURCE : INDIATV NEWS