Home rss world hindi ताकता रह गया चीन; भारत वाली चौकड़ी ने दिया झटका; US संग...

ताकता रह गया चीन; भारत वाली चौकड़ी ने दिया झटका; US संग ‘दोस्ती’ की बात भी साबित हो गई अफवाह

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इससे पहले मई में क्वाड के विदेश मंत्रियों का सम्मेलन भारत में हुआ था और अब मनीला में शिखर सम्मेलन के आयोजन से फिर भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका इस मंच पर एकजुट हुए हैं। इसके साथ ही चीन को संदेश गया है।

करीब दो सालों के अंतराल के बाद हुए क्वाड शिखर सम्मेलन के जरिये चीन को स्पष्ट संदेश दिया गया कि हिन्द प्रशांत क्षेत्र में उसके खिलाफ कूटनीतिक मोर्चाबंदी जारी है। इन अटकलों को भी विराम मिला है कि अमेरिका और चीन के बीच के समीकरण बदल रहे हैं। क्वाड नेताओं की बैठक मनीला में ऐसे समय में हुई है, जब चीन और मेजबान फिलीपींस के बीच तनातनी है।

यह बैठक डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा के ठीक एक दिन पहले हुई। चीन में ट्रंप एक सम्मेलन के दौरान वहां के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक करेंगे। ऐसे में अमेरिका ने भी चीन को स्पष्ट संदेश दिया है कि हिन्द प्रशांत क्षेत्र को लेकर उसके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।

बता दें कि क्वाड की पिछली बैठक 2024 में अमेरिका में हुई थी और 2025 के लिए क्वाड की अध्यक्षता भारत को सौंपी गई थी। मगर ट्रंप के सत्ता में आने के कारण ऐसी स्थितियां बनीं कि पिछली बैठक नहीं हुई। इस दौरान भारत और चीन को लेकर ट्रंप के रुख में बदलाव भी दिखा। इससे इन अटकलों को बल मिला कि क्वाड दम तोड़ रहा है। मगर स्थिति बदली और भारत कूटनीतिक प्रयासों से क्वाड को सक्रिय करने में सफल रहा।

सदस्य देश फिर एकजुट

इससे पहले बीते मई में क्वाड के विदेश मंत्रियों का सम्मेलन भारत में हुआ और अब मनीला में शिखर सम्मेलन के आयोजन से फिर भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका इस मंच पर एकजुट हुए हैं। साथ ही हिन्द प्रशांत क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन, स्वतंत्रत नौवहन पर सहमत हुए हैं।

चीन के लिए झटका

यह चीन के लिए झटका है और भविष्य के लिए संदेश भी कि क्वाड कायम है। जानकार मनीला सम्मेलन को बड़ी कूटनीतिक घटना मानते हैं। इसकी वजह यह है, क्वाड की स्थापना भी 2007 में मनीला में हुई थी, जब वहां नेता आसियान समिट में जुटे थे।

क्वाड की चार पहल

1.मुंबई में पहला क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम

पहली बार क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम का आयोजन 2027 में होगा। इसमें क्वाड देशों के कारोबारी नेता, अधिकारी और नीति विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य चारों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि भारत इसकी मेजबानी करेगा। मुंबई में आयोजन होगा।

2.एआई तक सबकी पहुंच होगी

क्वाड नेताओं ने हाल ही में विदेश मंत्रियों की ओर से घोषित एआई एक्सेलेरेटर पहल का उल्लेख किया। इसका उद्देश्य पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भरोसेमंद एआई तक पहुंच, उसके उपयोग और तकनीकी सहायता से जुड़े प्रयासों में समन्वय स्थापित करना तथा उन्हें वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराना है।

3.हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी

हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी मुद्री क्षेत्र की जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू की गई एक नई पहल है। वर्ष 2027 में पहली बार क्वाड के तहत चारों देशों के पी-8 और पी-3सी गश्ती विमान समुद्री सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेंगे। इससे समुद्री क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

4.केबल कनेक्टिविटी को मजबूती

क्वाड के सदस्य देशों ने केबल कनेक्टिविटी एवं मजबूती साझेदारी के तहत हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस रूपरेखा के तहत पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित और भरोसेमंद संचार बुनियादी ढांचे तक पहुंच का विस्तार किया गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN