Source :- KHABAR INDIATV
बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा और अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों अपनी अपकमिंग वेब सीरीज ‘डॉ. हसन’ को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार दोनों अपनी सीरीज की कहानी या किरदारों की वजह से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर हुई एक दिलचस्प बातचीत को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। दीया मिर्जा ने इंस्टाग्राम पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी को टैग करते हुए एक ऐसा पोस्ट शेयर किया, जिसे देखकर फैंस हैरान रह गए। अभिनेत्री ने अभिनेता के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए उन्हें काम करने के लिहाज से बेहद मुश्किल बताया। इसके बाद नवाजुद्दीन ने भी इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी, जिसने इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया।
दीया मिर्जा ने नवाजुद्दीन को लेकर क्या लिखा?
दरअसल दीया मिर्जा ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में नवाजुद्दीन सिद्दीकी को टैग करते हुए लिखा, ‘इनके साथ काम करना किसी बुरे सपने जैसा है। बात करने की तमीज नहीं है और एटीट्यूड तो अलग ही लेवल का है। बिल्कुल आपत्तिजनक किरदार।’ अभिनेत्री के इस संदेश ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। पहली नजर में उनका यह बयान नवाजुद्दीन की आलोचना जैसा लगा। हालांकि पोस्ट में इस्तेमाल किए गए ‘किरदार’ शब्द ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि कहीं यह दोनों की आने वाली सीरीज के प्रमोशन का हिस्सा तो नहीं है। दरअसल दीया ने अपने पोस्ट में अभिनेता को टैग भी किया था, जिसके बाद फैंस यह समझने की कोशिश करने लगे कि उनके बीच वास्तव में कोई विवाद हुआ है या फिर यह नए प्रोजेक्ट को लेकर अपनाई गई प्रमोशनल रणनीति है।
नवाजुद्दीन ने भी दिया जवाब, कमेंट ने बढ़ाई चर्चा
दीया की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कई लोगों ने इसे सीरीज के प्रचार का नया तरीका बताया। एक यूजर ने लिखा कि यहां ‘किरदार’ शब्द पर ध्यान देना चाहिए, जल्द ही दोनों के साथ किसी नए प्रोजेक्ट की घोषणा हो सकती है। वहीं दूसरे यूजर ने सीधे सवाल किया कि क्या यह पीआर स्टंट है? कुछ लोगों ने लिखा कि दोनों कलाकार काफी प्रोफेशनल हैं और ऐसा व्यवहार उनके स्वभाव से मेल नहीं खाता। एक अन्य यूजर ने भी इसे प्रमोशन का हिस्सा बताते हुए लोगों को शांत रहने की सलाह दी। इस बीच नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने भी दीया की पोस्ट पर कमेंट करते हुए जवाब दिया। उन्होंने लिखा, ‘एटीट्यूड में कमी निकालना आसान है, काम में निकालकर दिखाइए।’ नवाजुद्दीन के इस जवाब ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को और हवा दे दी। अब फैंस दोनों के बीच हुई इस बातचीत को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। हालांकि दोनों कलाकारों ने इसे लेकर किसी वास्तविक विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दीया मिर्जा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी।
क्या है दीया और नवाजुद्दीन की ‘डॉ हसन’?
बता दें कि दीया मिर्जा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी जल्द ही मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘डॉ. हसन’ में साथ नजर आने वाले हैं। इस सीरीज का निर्देशन रोहन सिप्पी कर रहे हैं। इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी डॉ. इमरान हसन और दीया मिर्जा डॉ. पलक जैन की भूमिका निभा रही हैं। इनके अलावा फैसल राशिद भी अहम किरदार में दिखाई देंगे। वह सीरीज में डॉ विवेक भार्गव का रोल निभा रहे हैं, जो एक बेहद प्रतिभाशाली लेकिन असामान्य व्यक्तित्व वाले डॉक्टर हैं। सीरीज की कहानी एक ऐसे जीनियस डॉक्टर और उनकी विशेषज्ञ मेडिकल टीम के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जटिल मेडिकल मामलों को सुलझाने का काम करते हैं। इस दौरान उन्हें अपनी निजी जिंदगी की चुनौतियों से भी जूझना पड़ता है। मेडिकल रहस्यों, डॉक्टरों के आपसी रिश्तों और व्यक्तिगत संघर्षों को मिलाकर यह कहानी तैयार की गई है। ‘डॉ. हसन’ का प्रीमियर 27 दिसंबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर होने वाला है। ऐसे में दीया और नवाजुद्दीन की सोशल मीडिया पर हुई इस बातचीत को सीरीज के प्रमोशन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों की यह नोकझोंक दर्शकों के बीच सीरीज को लेकर कितनी उत्सुकता बढ़ाती है।
ये भी पढ़ें: कौन हैं शरद कपूर की पत्नी कोएल बसु? पश्चिम बंगाल के Ex CM की पोती से की शादी, मुश्किल दौर में बिखर गई एक्टर की जिंदगी
SOURCE : KHABAR INDIATV




