Home rss business hindi 19 नवंबर को खुलेगा यह IPO, ग्रे मार्केट में अभी से ही...

19 नवंबर को खुलेगा यह IPO, ग्रे मार्केट में अभी से ही ₹35 प्रीमियम पर शेयर, चेक करें प्राइस बैंड

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • कंपनी का आईपीओ 19 नवंबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और निवेशक इसमें 23 नवंबर तक पैसा लगा सकेंगे
  • इस IPO के जरिए कंपनी कुल 120.10 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है
  • इसके लिए शेयर का प्राइस बैंड 232 रुपये से 245 रुपये तय किया गया है

Watrana Rentals IPO: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक और IPO खुलने जा रहा है। मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट यानी सामान उठाने और एक जगह से दूसरी जगह ले जाने वाली मशीनों को किराये पर देने वाली कंपनी वाट्राना रेंटल्स अपना IPO लेकर आ रही है। कंपनी का आईपीओ 19 नवंबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और निवेशक इसमें 23 नवंबर तक पैसा लगा सकेंगे। इस IPO के जरिए कंपनी कुल 120.10 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसके लिए शेयर का प्राइस बैंड 232 रुपये से 245 रुपये तय किया गया है। बता दें कि यह पूरा IPO फ्रेश इश्यू होगा। यानी इसमें कंपनी के नए शेयर जारी किए जाएंगे और किसी मौजूदा शेयरधारक की ओर से शेयर बेचने का ऑफर नहीं होगा। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 35 रुपये प्रीमियम पर है।

एक लॉट में 600 शेयर

वाट्राना रेंटल्स आईपीओ में एक लॉट में 600 शेयर रखे गए हैं। रिटेल निवेशकों को कम से कम 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। यानी उन्हें कम से कम 1,200 शेयर खरीदने होंगे। अगर अपर प्राइस बैंड 245 रुपये के हिसाब से देखें, तो इसके लिए निवेशकों को कम से कम 2,94,000 रुपये लगाने होंगे। IPO में कुल 49.02 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे।

किन निवेशकों के लिए कितना रिजर्व

IPO में अलग-अलग कैटेगरी के निवेशकों के लिए शेयरों का हिस्सा भी तय किया गया है। कुल नेट ऑफर का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रखा गया है। वहीं, 15 फीसदी हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NII) और 35 फीसदी हिस्सा रिटेल यानी व्यक्तिगत निवेशकों के लिए रिजर्व रहेगा। बता दें कि कंपनी के IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों को अलॉटमेंट के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। IPO बंद होने के बाद 25 नवंबर 2026 को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल होने की उम्मीद है। वहीं, जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे 26 नवंबर से वापस किए जाएंगे। इसी दिन सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट किए जाएंगे। कंपनी के शेयर 27 नवंबर को NSE और BSE के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।

कंपनी की योजना

कंपनी IPO से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल नए मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट, एरियल वर्क प्लेटफॉर्म और बैटरियां खरीदने में करेगी। इसके अलावा कुछ रकम सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए भी इस्तेमाल की जाएगी। कंपनी का कहना है कि शेयर बाजार में लिस्ट होने से उसकी ब्रांड पहचान और बाजार में पहुंच बढ़ेगी। साथ ही निवेशकों को कंपनी के शेयरों में कारोबार करने का मौका मिलेगा।

कंपनी का कारोबार

वाट्राना रेंटल्स मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट को किराये पर देने का कारोबार करती है। इसके अलावा कंपनी नए और पुराने इक्विपमेंट के साथ उनसे जुड़ी बैटरियों की खरीद-बिक्री भी करती है। कंपनी के ग्राहक बेवरेज, ऑटोमोबाइल, टायर, पेपर, ग्लास, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग जैसे अलग-अलग सेक्टर में काम करते हैं। कंपनी की मशीनों में बैटरी, गैस और डीजल से चलने वाली फोर्कलिफ्ट, पैलेट ट्रक, इलेक्ट्रिक स्टैकर और कई तरह की खास मशीनें शामिल हैं। इनका इस्तेमाल फैक्ट्रियों, गोदामों और दूसरे औद्योगिक कामों में भारी सामान उठाने और उसे एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जाता है। जून 2026 तक कंपनी के पास 2,646 मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट और 33 एरियल वर्क प्लेटफॉर्म यूनिट थीं।

(डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों का प्रीमियम लगातार बदलता रहता है, इसलिए किसी भी आईपीओ पर दांव लगाने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और उसके कारोबार की पूरी जानकारी जरूर कर लें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN