Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- इस योजना के तहत आरक्षित इलाज पैकेज की संख्या 23 से बढ़ाकर 112 करने की योजना बना रही है
- प्रस्तावित सूची में कई ऐसी बीमारियां शामिल हैं, जिनका सामना आम लोगों को अक्सर करना पड़ता है
आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने वाले करोड़ों लोगों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, केंद्र सरकार आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत सरकारी अस्पतालों में मिलने वाली इलाज की सुविधाओं का दायरा बढ़ाने वाली है। जानकारी के मुताबिक इस योजना के तहत आरक्षित इलाज पैकेज की संख्या 23 से बढ़ाकर 112 करने की योजना बना रही है। इसका मतलब हुआ कि योजना के लाभार्थी अब सरकारी अस्पतालों में पहले के मुकाबले ज्यादा बीमारियों का इलाज करा सकेंगे।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की खबर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के सूत्रों ने बताया कि प्रस्तावित विस्तार में मुख्य रूप से ऐसी सामान्य बीमारियों के इलाज पर ध्यान दिया गया है जिनका सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, विशेषकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और उपमंडलीय अस्पतालों (एसडीएच) में प्रभावी ढंग से इलाज किया जा सकता है। इस बदलाव का फायदा उन लोगों को मिल सकता है, जिन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
क्या कहा अधिकारी ने?
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनमें से कई इलाज सरकारी अस्पतालों में पहले से उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर, उपकरणों और प्रशिक्षित चिकित्साकर्मियों की मदद से किए जा सकते हैं। अधिकारी ने कहा, ”हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मरीजों को ऐसे उपचार के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, जो उनके घर के पास स्थित सरकारी अस्पतालों में प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराए जा सकते हैं। साथ ही, इन अस्पतालों का अधिक इस्तेमाल होने से उनके इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने और सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।” राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव में 89 नए इलाज पैकेज शामिल किए गए हैं। इनमें कई ऐसी सामान्य बीमारियां और छोटी-बड़ी सर्जरी शामिल हैं, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और उपमंडलीय अस्पतालों (SDH) में भी किया जा सकता है।
किन बीमारियों का इलाज हो सकेगा?
प्रस्तावित सूची में कई ऐसी बीमारियां शामिल हैं, जिनका सामना आम लोगों को अक्सर करना पड़ता है। इनमें खून की कमी यानी एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर, ब्रोंकाइटिस, दस्त, पेचिश, पेट और आंतों में सूजन, यूरिन इन्फेक्शन और गुर्दे की पथरी के कारण होने वाले तेज दर्द का इलाज शामिल है। इसके अलावा अचानक बुखार आने से जुड़ी बीमारियों और डायबिटीज की कुछ जटिलताओं का इलाज भी प्रस्तावित पैकेज में शामिल किया गया है। सर्जरी और दूसरी चिकित्सा प्रक्रियाओं की बात करें तो गर्भाशय निकालने की सर्जरी, बवासीर, हाइड्रोसील, गांठ और चर्बी की गांठ (लिपोमा) का इलाज भी इसमें शामिल है। इसके साथ ही बायोप्सी यानी बीमारी की जांच के लिए शरीर के ऊतक का नमूना लेने की प्रक्रिया को भी जगह दी गई है। आंखों से जुड़ी समस्याओं में डायबिटिक रेटिनोपैथी और ग्लूकोमा (काला मोतिया) की जांच भी प्रस्तावित सूची का हिस्सा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने के बदले सरकारी अस्पतालों को खर्च की प्रतिपूर्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि इस राशि का इस्तेमाल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने, चिकित्सा उपकरण खरीदने, दवाओं और उपचार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने, परिचालन खर्चों को पूरा करने और अतिरिक्त स्वास्थ्य पेशेवरों की सेवाएं लेने के लिए किया जा सकता है।
बता दें कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 2019 से प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विशेषज्ञ सेवाओं के 23 उपचार पैकेज सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के लिए आरक्षित हैं। इसके बाद कई राज्यों ने अपनी स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता के आधार पर अतिरिक्त पैकेज भी आरक्षित किए हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




