Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- कंपनी के प्रस्ताव के मुताबिक, हर 1 पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर पर 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 10 नए इक्विटी शेयर दिए जाएंगे
- इस बोनस इश्यू के लिए कंपनी अपने रिजर्व और सिक्योरिटीज प्रीमियम अकाउंट से अधिकतम 110.49 करोड़ रुपये की रकम का इस्तेमाल करेगी
Sobhagya Mercantile Limited Share: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। सोभाग्य मर्केंटाइल लिमिटेड अपने शेयरधारकों को 10:1 बोनस शेयर देने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इस प्रस्ताव पर शेयरधारकों की मंजूरी लेने के लिए 11 दिसंबर 2026 को एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) बुलाई है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो शेयरधारकों को हर 1 मौजूदा शेयर के बदले 10 नए बोनस शेयर मिलेंगे। यानी जिन निवेशकों के पास कंपनी का 1 शेयर है, उनके पास बोनस इश्यू के बाद कुल 11 शेयर हो जाएंगे। इसके साथ ही कंपनी अपने ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल को भी 20 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 150 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव लेकर आई है। कंपनी के शेयर आज एक दिन में करीब 10 फीसदी चढ़ गए और 1,541 रुपये पर आ गए थे। बता दें कि पांच साल में कंपनी के शेयर ने 114,900 फीसदी का रिटर्न दिया है। इस दौरान इसकी कीमत1 रुपये से बढ़कर वर्तमान प्राइस तक पहुंच गई।
हर 1 शेयर पर मिलेंगे 10 बोनस शेयर
कंपनी के प्रस्ताव के मुताबिक, हर 1 पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर पर 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 10 नए इक्विटी शेयर दिए जाएंगे। इस बोनस इश्यू के लिए कंपनी अपने रिजर्व और सिक्योरिटीज प्रीमियम अकाउंट से अधिकतम 110.49 करोड़ रुपये की रकम का इस्तेमाल करेगी। यह रकम 31 मार्च 2026 तक कंपनी के खातों में मौजूद रिजर्व से ली जाएगी। यानी, अगर किसी निवेशक के पास कंपनी के 100 शेयर हैं, तो बोनस इश्यू के बाद उसे 1,000 अतिरिक्त शेयर मिलेंगे। इस तरह उसके कुल शेयरों की संख्या बढ़कर 1,100 हो जाएगी।
शेयर ने निवेशकों को कितना रिटर्न दिया?
सोभाग्य मर्केंटाइल लिमिटेड के शेयरों ने हाल के समय में निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। कंपनी के शेयर में पिछले 5 दिनों में 9.46 फीसदी की तेजी आई है। वहीं, एक महीने में शेयर 15.52 फीसदी और 6 महीने में 72.10 फीसदी चढ़ा है। अगर एक साल का रिटर्न देखें तो शेयर ने 68.15 फीसदी की बढ़त दर्ज की है। वहीं, पिछले 5 साल में इस शेयर ने करीब 114,900 फीसदी का रिटर्न दिया है।
ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल भी बढ़ाएगी कंपनी
बोनस शेयर के साथ कंपनी ने अपने ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल को बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा है। फिलहाल कंपनी की ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल 20 करोड़ रुपये है, जिसे बढ़ाकर 150 करोड़ रुपये करने की योजना है। इसके तहत कंपनी के मेमोरेंडम में शामिल अधिकतम इक्विटी शेयरों की संख्या 2 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ हो जाएगी।
शेयरहोल्डिंग में होगा बदलाव
कंपनी की ओर से दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, बोनस इश्यू से पहले प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप के पास 62,99,919 शेयर हैं, जो कुल हिस्सेदारी का 60.58 फीसदी है। वहीं, नॉन-प्रमोटर शेयरधारकों के पास 40,99,081 शेयर यानी 39.42 फीसदी हिस्सेदारी है। बोनस इश्यू के बाद प्रमोटर ग्रुप के शेयरों की संख्या बढ़कर 6,92,99,109 हो जाएगी। वहीं, नॉन-प्रमोटर शेयरधारकों के शेयर बढ़कर 4,50,89,891 हो जाएंगे।
11 दिसंबर 2026 को EGM
सोभाग्य मर्केंटाइल लिमिटेड की EGM 11 दिसंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित होगी। शेयरधारक इस बैठक में बोनस शेयर और ऑथराइज्ड कैपिटल बढ़ाने के प्रस्ताव पर अपनी मंजूरी दे सकेंगे। कंपनी ने रिमोट ई-वोटिंग की सुविधा भी दी है। इसके लिए NSDL के जरिए 8 दिसंबर 2026 को सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू होगी, जो 10 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक चलेगी। 4 दिसंबर 2026 को शेयर रखने वाले निवेशक इस वोटिंग में हिस्सा लेने के एलिजिबल होंगे।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




