Source :- LIVE HINDUSTAN
डोनाल्ड ट्रंप, पुतिन और शी जिनपिंग वैश्विक राजनीति के तीन बड़े खिलाड़ी इस वक्त एक ही जगह पर मौजूद हैं। ऐसे में पूरी दुनिया की नजर इनकी मुलाकात पर है। तीनों ही नेता उम्र के अंतिम पड़ाव में हैं, ऐसे में लेगेसी पर भी ध्यान है।
वैश्विक राजनीति पर नजर रखने वालों की निगाहें इस वक्त चीन पर टिकी हुई हैं। दुनिया की तीन महाशक्तियों के नेता चीन के एक शहर में मौजूद हैं। इनके सामने बातचीत के लिए पूरी दुनिया है। शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे ट्रंप और पुतिन इसके अलावा भी बैठक करने वाले हैं। ऐसे में लोगों के सामने सवाल यही है कि क्या यह आधुनिक इतिहास को बदलने वाला एक क्षण हैं? कुछ विशेषज्ञ इसकी तुलना 1945 में हुए याल्टा सम्मेलन से कर रहे हैं। उस बैठक में अमेरिका के राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और सोवियत नेता जोसेफ स्टालिन ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुनिया को प्रभाव क्षेत्रों में बांटने पर चर्चा की थी।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी एपेक सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं का स्वागत किया। हालांकि, ट्रंप के सम्मान में वह एयरपोर्ट पर पहुंचे, जबकि पुतिन के लिए उन्होंने ऐसा नहीं किया। हालांकि, बाद में वह एपेक परिवार फोटो सेशन के दौरान दोनों का स्वागत करते हुए नजर आए।
अब 70 की उम्र क्रॉस कर चुके तीनों राजनेताओं के बीच में क्या बात होती है। इस पर दुनिया की नजर है। लेकिन कुछ विशेषज्ञ इन तीनों नेताओं के कुछ खास अंदाज को सामने रखते हुए इन्हें एक जैसा दिखा रहे हैं। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, अब यह तीनों राजनेता वैश्विक राजनीति से ज्यादा इस बात की तरफ भी ध्यान दे रहे हैं कि आने वाली पीढ़ियां इन्हें कैसे याद रखती हैं।
डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने 80वें वर्ष में हैं। अपने पहले कार्यकाल की तुलना में दूसरे कार्यकाल में ज्यादा आक्रामक नीतियां अपनाते हुए नजर आए हैं। दूसरे कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूरी दुनिया को प्रभावित करने वाले फैसले लिए हैं। चाहें फिर वह टैरिफ हो, वेनेजुएला और चीन पर हमला हो, या नाटो के जरिए यूरोपीय देशों को हड़काना हो। ट्रंप ने अमेरिका के पिछले राष्ट्रपतियों की तुलना में बिलकुल ही अलग तरह का खेल खेला है।
इसके अलावा ट्रंप अपनी राजधानी पर भी एक अलग भौतिक छाप छोड़ने की कोशिश करते हुए भी नजर आ रहे हैं। उन्होंने वाइट हाउस समेत कुछ जगहों पर निर्माण कार्य शुरू करवाए हैं। इनमें वाइट हाउस में एक विशाल बॉलरूम, हैलीपेड, एक विजय द्वार और कैनेडी सेंटर में अपना नाम जुड़वाना शामिल है। सितंबर में जब उनसे इस विजय द्वार के बारे में पूछा गया, तो ट्रम्प ने माना कि वे खुद ही ऐसा कर रहे हैं, क्योंकि “मेरे जाने के बाद कोई और ऐसा नहीं करेगा”। इसी दौरान उन्होंने भारत के इंडिया गेट की तस्वीर भी शेयर की थी।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन
रूस के राष्ट्रपति पुतिन लंबे समय से रूस पर राज कर रहे हैं। उन्होंने दशकों तक अपनी एक मजबूत छवि को पेश किया है। साइबेरिया में बिना शर्ट के घोडे पर सवारी करना हो या फिर कार रेसिंग करना हो। पुतिन हमेशा पूरी दुनिया के सामने अपने आप को एक मर्दाना नेता साबित करते रहे हैं।
मेडुजा के पत्रकार आंद्रेई पर्टसेव के मुताबिक, खुद को शारीरिक रूप से फिट और ताकतवर रूसी नेता के रूप में पेश करने के पीछे उनका मकसद पश्चिमी देशों के उन नौकरशाहों को कमजोर दिखाना था, जो हमेशा सूट-टाई में रहते हैं। लेकिन यूक्रेन युद्ध ने हालात को बदल दिया है। इसके साथ ही बढ़ती उम्र भी रूसी राष्ट्रपति के लिए एक बड़ी चुनौती लेकर आती है। 74 वर्षीय ट्रंप अब बिना शर्ट के तस्वीरें नहीं खिंचवाते लेकिन वह आर्मी अधिकारियों के साथ अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हैं। इसके अलावा वह क्रीमिया से लेकर अन्य मुद्दों पर लगातार वैश्विक स्तर पर धाक जमाते हुए लेगेसी बना चुके हैं। हालांकि, यूक्रेन युद्ध को वह किस तरीके से संभालते हैं इसको लेकर भी मुद्दा फंसा हुआ है।
ऐसा माना जाता है कि अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान पुतिन ने जेनेटिक्स और बायोटेक्नोलॉजी जैसे मुद्दों पर ज्यादा ध्यान दिया है। पिछले साल पुतिन और शी को इस संभावना पर चर्चा करते सुना गया था कि इंसान जल्द ही 150 साल तक जीवित रह सकते हैं। चीन और रूस मामलों के अमेरिकी शोधकर्ता जोसेफ टोरिगियन, जिन्होंने शी के पिता पर एक किताब लिखी है, का कहना है कि इन तीनों नेताओं में “पौरुष, कठोरता, मर्दानगी और मजबूती को लेकर एक जैसी गहरी दिलचस्पी” है।
शी जिनपिंग- चीनी राष्ट्रपति
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग लेगेसी बनाने को लेकर काफी सजग नजर आते हैं। एक छोटे से गांव से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले शी ने अपनी छवि एक ऐसे नेता के रूप में बनाई है, जो भ्रष्टाचार से नफरत करता है। उन्होंने एक बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार-विरोधी अभियान चलाया, जिसके बारे में आलोचकों का कहना है कि इसका इस्तेमाल उनके राजनीतिक विरोधियों को रास्ते से हटाने के लिए भी किया गया।
बेल्ट-एंड रोड इनिशिएटिव के जरिए उन्होंने पूरी दुनिया में ड्रैगन की धमक को पहुंचाया है। ऐसे में चीन के महान प्रशासकों में उनका नाम शुमार होना तय है। लेकिन जिनपिंग का ध्यान ताइवान के ऊपर है। विशेषज्ञों की मानें, तो शी जिनपिंग ताइवान को लेकर काफी स्पष्ट हैं। वह यह मानते हैं कि यह चीन का हिस्सा बनकर रहेगा।
73 वर्षीय शी ने खुद को “नए युग” में चीन के उत्थान के लिए एक अहम व्यक्ति के रूप में स्थापित करने की कोशिश की है। उनकी विचारधारा, जिसे ‘शी जिनपिंग थॉट’ कहा जाता है, पार्टी की नीतियों में शामिल है। इतना ही नहीं, 2018 में देश के संविधान में संशोधन करके इसकी प्रस्तावना में भी इसका जिक्र जोड़ा गया।
चीन में इन तीनों नेताओं की मुलाकात का क्या असर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से ही जी-2 (अमेरिका और चीन) की बात करते आए हैं। हालांकि, रूस के साथ भी उनकी एक अच्छी बात है। अब चीन के राष्ट्रपति और पुतिन के साथ मुलाकात के दौरान तमाम मुद्दों पर बात हो सकती है, लेकिन इस मुलाकात का पूरी दुनिया पर असर होना तय माना जा रहा है।
इन तीनों नेताओं की मुलाकात एक नया वैश्विक चलन बन सकता है, जिसमें चीन, रूस और अमेरिका दुनिया के मामलों को प्रभावित करने वाली अनौपचारिक समिति की तरह काम करेंगे, जबकि यूरोप और अन्य मध्यम शक्तियां हाशिये पर जा सकती हैं।
चीन, रूस और अमेरिका भले ही रणनीतिक प्रतिस्पर्धी हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय राजनीति के संचालन को लेकर उनकी सोच में समानता बढ़ रही है। तीनों देश संस्थाओं और गठबंधनों के बजाय कुछ प्रमुख शक्तियों के बीच सीधे संवाद को प्राथमिकता देते दिखाई दे रहे हैं। यह कोई औपचारिक गठबंधन नहीं है और न ही अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को नए सिरे से तैयार करने की कोई साझा योजना है। बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय मामलों के संचालन में महाशक्तियों की विशेष भूमिका की साझा सोच को दर्शाता है।
तीनों देश ऐसी विश्व व्यवस्था के पक्षधर नजर आते हैं, जिसमें प्रमुख शक्तियों को विशेष अधिकार और फैसले लेने में प्राथमिकता मिले। युद्ध, सुरक्षा या आर्थिक स्थिरता जैसे बड़े मुद्दों पर वे संस्था गत प्रक्रियाओं को दरकिनार कर सीधे उच्चस्तरीय बातचीत करने को तैयार हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




