Home Latest news ताज़ा खबर पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस का बड़ा दांव, परगट सिंह को मिली...

पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस का बड़ा दांव, परगट सिंह को मिली 42 नेताओं की टीम की कमान

6
0

Source :- INDIATV NEWS

Highlights

  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 42 सदस्यीय पंजाब चुनाव समिति के गठन को मंजूरी दी।
  • पूर्व हॉकी खिलाड़ी और कांग्रेस नेता परगट सिंह को समिति का अध्यक्ष बनाया गया।
  • समिति उम्मीदवारों के चयन, गठबंधन और प्रचार रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी संभालेगी।

नई दिल्ली: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर कदम उठाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश चुनाव समिति के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी तत्काल प्रभाव से लागू होगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी यानी कि AICC के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने समिति के सदस्यों की सूची जारी की है। इस 42 सदस्यीय समिति की कमान कांग्रेस नेता परगट सिंह को सौंपी गई है। इसमें पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों को शामिल किया गया है।

समिति में पंजाब के कई वरिष्ठ नेता शामिल

कांग्रेस की ओर से गठित इस समिति में पंजाब के वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। इसके प्रमुख सदस्यों में प्रताप सिंह बाजवा, अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्टल, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी, विजय इंदर सिंगला, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और शमशेर सिंह ढुल्लो शामिल हैं। इनके अलावा सुखपाल सिंह खैरा को भी समिति का सदस्य बनाया गया है। पार्टी ने चुनाव से जुड़े फैसलों और तैयारियों में वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह समिति बनाई है।

समिति में इन नेताओं को भी मिली जगह

समिति के अन्य सदस्यों में डॉ. अमर सिंह, गुरजीत सिंह औजला, शेर सिंह घुबाया, डॉ. धर्मवीर गांधी, किशोरी लाल शर्मा, संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी और राज कुमार वेरका शामिल हैं। इनके साथ कुलजीत सिंह नागरा, गुरकीरत सिंह, ओम प्रकाश सोनी, संतोष चौधरी, डॉ. मालती थापर, राणा कंवर पाल सिंह, भारत भूषण आशु और अरुणा चौधरी को भी जिम्मेदारी दी गई है। समिति में ब्रह्म मोहिंद्रा, रजिया सुल्ताना और तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा को भी सदस्य बनाया गया है।

पार्टी ने कुल 42 नेताओं को किया है शामिल

कांग्रेस की 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति में राणा गुरजीत सिंह, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, गुरप्रीत सिंह कांगड़, बलबीर सिंह सिद्धू और साधु सिंह धर्मसोत भी शामिल हैं। इनके अलावा रणदीप सिंह नाभा, अवतार हेनरी सीनियर, कुशलदीप सिंह ढिल्लों, हरदेव सिंह लाड्डी और कैप्टन संदीप सिंह संधू को जगह मिली है। अजीत इंदर सिंह मोफर और प्रो. इमैनुएल नाहर भी समिति के सदस्य होंगे। इस तरह पार्टी ने कुल 42 नेताओं को चुनाव समिति में शामिल किया है।

क्या होगी इस समिति की जिम्मेदारी?

प्रदेश चुनाव समिति का मुख्य काम विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाना होगा। समिति अलग-अलग विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करेगी और अपनी सिफारिशें केंद्रीय चुनाव समिति को भेजेगी। इसके अलावा राज्य में पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करने में भी इसकी अहम भूमिका होगी। समिति गठबंधन से जुड़े मुद्दों, चुनाव में उठाए जाने वाले विषयों और प्रचार अभियान की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श करेगी।

समय रहते चुनावी तैयारियां शुरू करना मकसद

कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए समय रहते तैयारियां शुरू करने के उद्देश्य से इस समिति का गठन किया है। पार्टी चाहती है कि उम्मीदवारों के चयन और संगठन से जुड़े फैसलों पर पहले से चर्चा हो सके। समिति में शामिल वरिष्ठ नेताओं के सुझावों के आधार पर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही केंद्रीय चुनाव समिति को उम्मीदवारों के नामों पर सिफारिशें भेजी जाएंगी।

ये भी पढ़ें: भगवंत मान की अपील- AAP को वोट न दें कोई बात नहीं, लेकिन अकाली दल को भी नहीं! सुखबीर बादल बोले- दिख रहा डर

SOURCE : INDIATV NEWS