Source :- BBC INDIA
RALF HIRSCHBERGER / AFP via Getty Images
ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो 6 (GTA 6) नाम की मशहूर गेम दुनिया के कई हिस्सों में रिलीज हो गई है. इसके साथ ही गेम की नई कड़ी का 13 साल का इंतज़ार ख़त्म हो गया है. अलग-अलग टाइम ज़ोन में आधी रात होते ही गेम को धीरे-धीरे रिलीज किया जा रहा है. इसका मतलब है कि दुनिया भर में कई लोग इसे पहले ही खेल चुके हैं.
इस गेम में खिलाड़ी लियोनिडा नाम के एक काल्पनिक अमेरिकी राज्य को एक्सप्लोर कर सकते हैं. 3D सेटिंग वाले गेम के इस वर्ज़न में सीरीज की पहली ऐसी महिला किरदार भी है. 13 साल के इंतजार, रिकॉर्ड तोड़ ट्रेलर और कई बार रिलीज टलने के बाद, समीक्षकों ने साल के सबसे बड़े सवालों में से एक का जवाब दे दिया है.
किसी फ़िल्म के अगले हिस्से के लिए 13 साल इंतज़ार करना लंबा लग सकता है. लेकिन GTA 6 के लिए लोग केवल इंतज़ार नहीं कर रहे. वे दफ़्तर से छुट्टी ले रहे हैं और घर पर यह तय कर रहे हैं कि गेम खेलते समय उन्हें कब टोका जा सकता है.
भारत में भी GTA 6 को गुरुवार को ही (19 नवंबर) को ही रिलीज़ किया जा रहा है.
इस गेम को रॉकस्टार गेम्स ने बनाया है. रॉकस्टार गेम्स एक अमेरिकी वीडियो गेम कंपनी है, जो टेक-टू इंटरैक्टिव की इकाई है. यह ‘ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो’ और ‘रेड डेड रिडेम्पशन’ जैसी गेम सीरीज़ के लिए जानी जाती है. GTA 6 के आधिकारिक स्टोर पेज के मुताबिक़, रॉकस्टार ने ही इस गेम को बनाया है.
GTA 6 पर क्या बोले समीक्षक
टॉम रिचर्डसन और रिया कॉलिन्स, बीबीसी न्यूज़बीट
Rockstar
क्या GTA 6, जिसे अब तक का सबसे ज्यादा इंतजार किया जाने वाला गेम माना जा रहा है, उम्मीदों पर खरा उतर रहा है?
शुरुआती समीक्षाओं के मुताबिक, इसका जवाब जोरदार हां है.
समीक्षकों की राय को एक जगह जुटाने वाली वेबसाइट मेटाक्रिटिक ने इसे 100 में से औसतन 99 अंक दिए हैं. लगभग सभी समीक्षक इस बात पर सहमत हैं कि ओपन-वर्ल्ड एक्शन गेम महत्वाकांक्षी है और नए मानक स्थापित करने वाला है.
उनके मुताबिक, गेम का यह वर्जन वाकई इंतजार के लायक था.
हालांकि, हर कोई इसकी तारीफों से सहमत नहीं है. ऑनलाइन फोरम पर कुछ लोगों ने इस गेम को लेकर जरूरत से ज्यादा उत्साह जताने पर आपत्ति की है. एक यूजर ने इसे “अति उत्साही प्रशंसकों का प्रचार” बताया.
लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि समीक्षकों ने गेम की जमकर तारीफ की है. गेमिंग वेबसाइट आईजीएन ने GTA 6 को अभूतपूर्व और अविश्वसनीय बताया है.
वहीं, अपनी फ़ाइव स्टार समीक्षा में यूरोगेमर ने कहा कि इस गेम को बनाने वाली कंपनी रॉकस्टार ने ग्राफिक्स और कहानी के मामले में “एक बार फिर वीडियो गेम की सीमाओं को आगे बढ़ाया है.”
समीक्षक यूसुफ कोल ने कहा कि GTA 6 अपने यादगार कार हादसों और लूटपाट से आगे बढ़ चुका है. इसमें हर कार्रवाई के नतीजे भी देखने को मिलते हैं.
लेकिन उन्होंने लिखा, “मेरे कुछ पसंदीदा पल वे रहे हैं, जब पुलिस की गाड़ियां पीछा कर रही होती हैं और मैं तेज रफ्तार से सड़कों पर गाड़ी दौड़ा रहा होता हूं.”
गेम के ग्राफिक्स को लेकर काफी उम्मीदें थीं और अब तक समीक्षकों को इससे निराशा नहीं हुई है. द गार्डियन ने गेम की पृष्ठभूमि लियोनिडा को इतना जीवंत बताया है कि “कई बार इस पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है.”
गेम के मुख्य किरदारों जेसन और लूसिया के बीच का रिश्ता भी समीक्षकों को हैरान कर रहा है. गार्डियन की कीज़ा मैकडोनाल्ड ने लिखा, “वे ऐसे लगते हैं जैसे असली लोग हों, न कि ऐसे किरदार जो आपकी मर्जी के मुताबिक काम करते हों.”
ब्लूमबर्ग ने पांच सितारा रेटिंग देते हुए GTA 6 को मास्टरपीस बताया है.
रॉकस्टार ने अभी तक गेम को बनाने में हुए खर्च की जानकारी नहीं दी है. लेकिन कुछ अनुमानों के मुताबिक, इसे बनाने की लागत 1 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा हो सकती है.
गेमिंग पत्रकार जॉर्डन मिडलर इस गेम को अब तक करीब 100 घंटे खेल चुके थे. उनका कहना है कि अभी भी इस गेम में बहुत कुछ है, जिसे वे आजमाना चाहते हैं.
उन्होंने कहा, “पिछले GTA गेम्स में महिलाओं को जिस तरह दिखाया गया है, वह पुरुषों के दबदबे वाली सोच को दर्शाता है. लूसिया को शामिल करना और उसे सिर्फ नाम के लिए मौजूद किरदार नहीं बनाना, बल्कि कहानी में उसकी स्वाभाविक जगह रखना… यह बड़ी बात है. इसमें कोई शक नहीं कि वह जल्द ही प्रशंसकों की चहेती बन जाएंगी.”
गेमिंग इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले समारोह ‘द गेम अवॉर्ड्स’ ने मंगलवार को 2026 के नामांकन की घोषणा की. उस समय तक रिलीज नहीं होने के बावजूद GTA 6 को सबसे ज्यादा नामांकन मिले.
इसे आठ पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया है. इनमें गेम ऑफ द ईयर और सर्वश्रेष्ठ संगीत का पुरस्कार शामिल है.
GTA का सफ़र कहां से शुरू हुआ?
Jakub Porzycki/NurPhoto via Getty Images
GTA की शुरुआत साल 1997 में हुई थी. पहला गेम आज के GTA से बिल्कुल अलग दिखता था. खिलाड़ी ऊपर से दिखाई देने वाली पिक्सल वाली दुनिया में गाड़ियां चुराता और आपराधिक गिरोहों के लिए काम करता था. समय के साथ गेम की तस्वीर, कहानी और दुनिया अधिक बारीक होती गई.
इस सीरीज़ की जड़ें अमेरिका में नहीं, बल्कि स्कॉटलैंड के डंडी शहर के एक छोटे गेम स्टूडियो में थीं. बीबीसी के द ग्लोबल स्टोरी कार्यक्रम ने 13 नवंबर 2026 को GTA के इसी सफ़र पर एक कार्यक्रम जारी किया था.
बाद के गेमों में लिबर्टी सिटी, वाइस सिटी और लॉस सैंटोस जैसे काल्पनिक अमेरिकी शहरों को बड़ी खुली दुनिया में बदला गया. सितंबर 2013 में आया GTA 5 लॉस एंजिलिस से प्रेरित लॉस सैंटोस में चलता था. इसमें माइकल, फ्रैंकलिन और ट्रेवर नाम के तीन मुख्य किरदार थे.
इसके बाद मुख्य जीटीए सीरीज़ का कोई नया गेम नहीं आया. इसलिए GTA 6 को लेकर इंतज़ार साल-दर-साल बढ़ता गया.
गेम बनाने वाली कंपनी रॉकस्टार ने चार फ़रवरी 2022 को पहली बार सार्वजनिक रूप से बताया था कि नए GTA पर काम चल रहा है और गेम काफ़ी आगे पहुंच चुका है.
हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि उसे बनाने का काम वास्तव में कब शुरू हुआ था.
इस बीच रॉकस्टार ने 2018 में रेड डेड रिडेम्पशन 2 जैसा बड़ा ओपन वर्ल्ड गेम भी जारी किया. कंपनी के गेमों में बड़ी दुनिया, बहुत से किरदार और छोटी-छोटी जगहों तक बारीक काम होता है. इन्हें तैयार करने में कई साल लगते हैं.
GTA 6 भी इन वर्षों में ग़ायब नहीं हुआ.
उसके साथ आया GTA ऑनलाइन लगातार चलता रहा. इसमें लोग इंटरनेट के ज़रिए दोस्तों और दूसरे खिलाड़ियों के साथ खेल सकते हैं. रॉकस्टार इसमें नए मिशन, गाड़ियां, कारोबार और दूसरी चीज़ें जोड़ती रही.
भारत में GTA 6 कब और कैसे खेल सकेंगे?
Emanuele Cremaschi/Getty Images
भारत में GTA 6 को 19 नवंबर की रात 12 बजे से खेला जा सकेगा. रॉकस्टार के मुताबिक़, गेम हर देश में वहां के स्थानीय समय के हिसाब से उपलब्ध होगा.
प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज़ एक्स या एस गेमिंग कंसोल हैं. ये वीडियो गेम खेलने के लिए बनी अलग मशीनें हैं, जिन्हें टीवी या मॉनिटर से जोड़कर हाथ में पकड़े जाने वाले कंट्रोलर से खेलते हैं. GTA 6 खेलने के लिए इनमें से कोई एक कंसोल चाहिए.
भारत के प्लेस्टेशन और एक्सबॉक्स स्टोर पर गेम के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपये है.
स्टैंडर्ड एडिशन में पूरी मुख्य कहानी मिलती है. अल्टीमेट एडिशन में अतिरिक्त गाड़ियां, हथियार, कपड़े और दूसरी डिजिटल चीज़ें शामिल हैं. केवल कहानी खेलनी है, तो स्टैंडर्ड एडिशन काफ़ी है.
अगर आपके पास GTA 6 चलाने वाला कंसोल नहीं है, तो उसे भी ख़रीदना होगा. मसलन, प्लेस्टेशन 5 डिजिटल एडिशन की कीमत 64,990 रुपये है. इसमें गेम के 5,999 रुपये जोड़ें, तो कुल ख़र्च 70,989 रुपये होगा. इसमें टीवी या मॉनिटर और इंटरनेट का ख़र्च शामिल नहीं है.
गेम डाउनलोड करने के लिए कंसोल के हिसाब से 212 जीबी तक खाली जगह रखनी पड़ सकती है. इसे 18 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए रखा गया है. इसमें हिंसा, नशीले पदार्थों, सेक्स और नग्नता से जुड़ी सामग्री की चेतावनी भी दी गई है.
हालांकि, अभी जारी भाषाओं की सूची में हिंदी शामिल नहीं है.
GTA 6 के पहले आधिकारिक ट्रेलर को दिसंबर 2023 में शुरुआती 24 घंटों के भीतर यूट्यूब पर 9.3 करोड़ से अधिक बार देखा गया. मई 2025 में आए दूसरे ट्रेलर को अलग-अलग प्लेटफ़ॉर्म पर पहले 24 घंटे में 47.5 करोड़ से अधिक व्यूज़ मिले.
GTA 6 के ट्रेलरों में दिखी दिलचस्पी गेम की विस्तृत झलक के दौरान भी नज़र आई. 27 अगस्त 2026 को यह झलक सबसे पहले नेटफ़्लिक्स पर दिखाई गई. ऐम्पियर एनालिसिस की 10 सितंबर की रिपोर्ट का अनुमान है कि इसकी वजह से उसी दिन अमेरिका में एक लाख से ज़्यादा लोगों ने नेटफ़्लिक्स के लिए साइन अप किया.
गेमिंग बाज़ार पर नज़र रखने वाली एक और कंपनी न्यूज़ू का अनुमान है कि रिलीज़ के पहले सप्ताह में GTA 6 की बिक्री 3.25 अरब से 5.2 अरब डॉलर के बीच पहुंच सकती है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




