Home Latest news ताज़ा खबर पिता महेश भूपति के नक्शेकदम पर सायरा, बेटी का टेनिस कोर्ट में...

पिता महेश भूपति के नक्शेकदम पर सायरा, बेटी का टेनिस कोर्ट में तहलका देख झूमीं ‘रामायण’ की कैकेयी, दिखाई ट्रॉफी

4
0

Source :- INDIATV NEWS

फिल्म ‘रामायण’ में कैकेयी का किरदार निभाकर चर्चा बटोर रहीं अभिनेत्री लारा दत्ता इन दिनों दोहरी खुशी का जश्न मना रही हैं। एक तरफ उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है, तो दूसरी तरफ उनकी बेटी सायरा ने खेल के मैदान में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सायरा ने टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली है। बेटी की इस जीत से लारा बेहद खुश हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की है। अभिनेत्री की इस पोस्ट पर फैंस भी सायरा को बधाइयां दे रहे हैं।

टेनिस कोर्ट में बेटी ने दिखाया दम, चैंपियन बनकर जीती ट्रॉफी

लारा दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर टेनिस टूर्नामेंट की कई तस्वीरें शेयर की हैं। यह प्रतियोगिता संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह स्थित टेनिस एंड कंट्री क्लब में आयोजित की गई थी। तस्वीरों में सायरा टेनिस कोर्ट पर खेलती नजर आ रही हैं। वहीं कुछ तस्वीरों में वह अपनी जीत की ट्रॉफी और पुरस्कार राशि का चेक लिए दिखाई दे रही हैं। टूर्नामेंट के अधिकारियों के साथ भी उनकी तस्वीर सामने आई है। एक तस्वीर में लारा अपनी बेटी के साथ लिफ्ट में मिरर सेल्फी लेती नजर आ रही हैं। हालांकि अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर बेटी की निजता का ध्यान रखते हुए सभी तस्वीरों में उसका चेहरा इमोजी से छिपा दिया है। लारा अक्सर अपनी बेटी को लाइमलाइट से दूर रखती हैं और इस बार भी उन्होंने उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की।

यहां देखें पोस्ट

बेटी की जीत पर भावुक हुईं लारा दत्ता

बेटी की कामयाबी पर लारा दत्ता ने एक प्यारा सा नोट भी लिखा। उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ इस टूर्नामेंट के लिए गई थीं और वापस जीत की खुशी लेकर लौटी हैं। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में बेटी के बढ़ते कद का जिक्र करते हुए लिखा, ‘मैं अपनी बच्ची के साथ टूर पर गई थी, जो अब मुझसे भी लंबी हो गई है और जीत के साथ वापस लौटी। मुझे तुम पर बहुत गर्व है।’ लारा की इस पोस्ट से साफ है कि बेटी की उपलब्धि उनके लिए कितनी खास है। एक अभिनेत्री होने के साथ-साथ वह अपनी बेटी की जिंदगी के अहम पलों में उसके साथ खड़ी रहती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट को फैंस का प्यार मिल रहा है। कई यूजर्स ने सायरा को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

2011 में महेश भूपति से की थी शादी

लारा दत्ता की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने फरवरी 2011 में पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति से शादी की थी। दोनों की शादी मुंबई में पहले सिविल समारोह के जरिए हुई, जिसके बाद गोवा में पारंपरिक क्रिश्चियन वेडिंग सेरेमनी आयोजित की गई। शादी के करीब एक साल बाद जनवरी 2012 में दोनों बेटी सायरा के माता-पिता बने। महेश भूपति भारतीय टेनिस के बड़े नामों में शामिल हैं। उन्होंने पुरुष डबल्स और मिक्स्ड डबल्स मुकाबलों में कुल 12 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किए हैं। वह पुरुष डबल्स में ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी रहे हैं। ऐसे में सायरा का टेनिस में चैंपियन बनना परिवार के लिए खास उपलब्धि है।

‘रामायण’ में कैकेयी बनकर बटोर रहीं तारीफें

लारा दत्ता इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में अपने किरदार को लेकर भी सुर्खियों में हैं। फिल्म में वह रानी कैकेयी की भूमिका निभा रही हैं। कहानी में कैकेयी भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास दिलाने में अहम भूमिका निभाती हैं। इस किरदार को लेकर होने वाली चर्चाओं के बीच लारा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कैकेयी का बचाव किया था और उसे एक अलग नजरिए से पेश किया था। बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होने वाली फिल्म है। इसके पहले भाग में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

ये भी पढ़ें: गोविंदा से अनबन के बीच सुनीता आहूजा का बदला अंदाज, छोटे बाल और स्टाइलिश लुक में दिखाया गजब ट्रांसफॉर्मेशन, बहू कश्मीरा शाह भी हुईं फिदा

Latest Bollywood News

SOURCE : INDIATV NEWS