Home rss world hindi ‘कराची में होगा खून-खराबा’, पाक के टुकड़े-टुकड़े करने पर भड़क गए बिलावल...

‘कराची में होगा खून-खराबा’, पाक के टुकड़े-टुकड़े करने पर भड़क गए बिलावल भुट्टो, शहबाज को चेताया

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

यह पूरा विवाद गृह मंत्री मोहसिन नकवी के एक प्रस्ताव के बाद भड़का है। सेना प्रमुख असीम मुनीर के करीबी माने जाने वाले नकवी ने 12 नवंबर को देश में नए प्रांत बनाने के लिए जनमत संग्रह कराने की वकालत की थी।

पाकिस्तान में इन दिनों देश के नक्शे को फिर से बदलने और नए प्रांत बनाने के प्रस्ताव को लेकर भारी बवाल मचा हुआ है। शहबाज शरीफ सरकार की सहयोगी पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने साफ चेतावनी दी है कि अगर सिंध प्रांत को जबरन बांटने की कोशिश की गई तो कराची की सड़कों पर खून-खराबा होगा। इस बयान के बाद से ही सत्ताधारी गठबंधन के भीतर की दरार खुलकर सामने आ गई है।

यह पूरा विवाद गृह मंत्री मोहसिन नकवी के एक प्रस्ताव के बाद भड़का है। सेना प्रमुख असीम मुनीर के करीबी माने जाने वाले नकवी ने 12 नवंबर को देश में नए प्रांत बनाने के लिए जनमत संग्रह कराने की वकालत की थी। उनका तर्क है कि मौजूदा प्रशासनिक ढांचा पूरी तरह चरमरा चुका है और बेहतर शासन के लिए छोटे प्रांत जरूरी हैं। योजना मंत्री अहसन इकबाल ने बुधवार को इस चर्चा को और हवा दे दी। उन्होंने बताया कि मौजूदा चार प्रांतों को तोड़कर कुल 14 नए प्रांत बनाने के विचार पर बात चल रही है। इस योजना के तहत पंजाब और सिंध में चार-चार, जबकि खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में तीन-तीन प्रांत बनाने और इस्लामाबाद को अलग प्रांत का दर्जा देने की बात है। इसे मार्च 2027 के सीनेट चुनावों से पहले लागू करने की चर्चा है।

बिलावल ने शहबाज शरीफ को दिखाए तेवर

नेशनल असेंबली में 74 सीटों के साथ शहबाज शरीफ सरकार को समर्थन दे रहे बिलावल भुट्टो ने इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया है। बिलावल का कहना है कि न तो उनसे और न ही उनके पिता व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से इस बारे में कोई सलाह ली गई। उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपने मंत्रियों पर लगाम लगानी चाहिए। बिलावल ने चेताया किया कि जबरन बंटवारे से समाज में नफरत बढ़ेगी और हिंसा की आग कराची से निकलकर हैदराबाद, मीरपुरखास और नवाबशाह जैसे शहरों तक फैल सकती है। इसी दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को राजनीतिक कैदी बताते हुए नेताओं के उत्पीड़न को बंद करने की भी मांग की।

क्यों डरी हुई है पीपीपी?

सिंध में 2008 से लगातार सत्ता में काबिज पीपीपी को डर है कि नए प्रांत बनने से उसका सबसे मजबूत गढ़ छिन जाएगा। सबसे बड़ी चिंता कराची को लेकर है। कराची पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी है, जो देश की कुल जीडीपी में लगभग 20 फीसदी का योगदान देती है। अगर कराची को सिंध से अलग किया गया तो पीपीपी की सियासी और आर्थिक ताकत बुरी तरह कमजोर पड़ जाएगी।

कराची की प्रमुख पार्टी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) नए प्रांत बनाने के पक्ष में है। इस कदम से कराची में 1980 और 90 के दशक जैसी जातीय हिंसा फिर भड़क सकती है। इसके अलावा नकदी की भारी किल्लत झेल रहे पाकिस्तान के लिए 14 प्रांतों का प्रशासनिक खर्च उठाना भी एक बड़ी चुनौती साबित होगा।

क्यों हो रहा है विरोध?

पाकिस्तान में प्रांतों के पुनर्गठन का इतिहास बेहद संवेदनशील रहा है। 1947 में बंटवारे के बाद कराची को सिंध से अलग कर राजधानी बनाया गया था और 1955 में वन यूनिट योजना के तहत पश्चिमी पाकिस्तान के सभी प्रांतों को मिलाकर एक कर दिया गया था। इसका सिंधी, बलूच और पख्तून लोगों ने कड़ा विरोध किया था। आखिरकार 1970 में इस व्यवस्था को खत्म करना पड़ा और 1971 में पूर्वी पाकिस्तान अलग होकर बांग्लादेश बन गया। इतिहास के इन्हीं कड़वे अनुभवों के कारण सिंध में बंटवारे की किसी भी सुगबुगाहट को अपनी पहचान और अधिकारों पर हमले के रूप में देखा जाता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN