Home rss business hindi 150 रुपये का शेयर, महीने भर से कम में 300 रुपये के...

150 रुपये का शेयर, महीने भर से कम में 300 रुपये के पार, दोगुना से ज्यादा बढ़ा है मुनाफा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • बीएलएस पॉलिमर्स के शेयर महीने भर से कम में 100% से ज्यादा उछल गए हैं
  • कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 8% से ज्यादा चढ़कर 303.95 रुपये पर पहुंच गए
  • IPO में कंपनी के शेयर का दाम 150 रुपये था
  • सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुना से ज्यादा बढ़ा है

शेयर बाजार की नई-नवेली कंपनी बीएलएस पॉलिमर्स के शेयरों में गुरुवार को तूफानी तेजी आई है। स्पेशियलिटी केमिकल्स इंडस्ट्री से जुड़ी इस कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 8 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 303.95 रुपये पर पहुंच गए हैं। बीएलएस पॉलिमर्स का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में दोगुना से ज्यादा बढ़ गया है। कंपनी के शेयर इसी महीने 3 नवंबर को बाजार में लिस्ट हुए हैं। बीएलएस पॉलिमर्स के आईपीओ में शेयर का इश्यू प्राइस 150 रुपये था।

दोगुना से ज्यादा बढ़ा है बीएलएस पॉलिमर्स का मुनाफा
बीएलएस पॉलिमर्स (BLS Polymers) का टैक्स भुगतान के बाद मुनाफा चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 130.63 पर्सेंट बढ़ गया है। कंपनी को सितंबर 2026 तिमाही में 10.54 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में बीएलएस पॉलिमर्स को 4.57 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी को ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 28.92 पर्सेंट बढ़कर 125.56 करोड़ रुपये रहा है। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बीएलएस पॉलिमर्स का इबिट्डा 92.98 पर्सेंट बढ़कर 17.31 करोड़ रुपये रहा, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 9 करोड़ रुपये था।

IPO प्राइस से 100% से ज्यादा उछल गए हैं बीएलएस पॉलिमर्स के शेयर
बीएलएस पॉलिमर्स (BLS Polymers) के शेयरों में अपने आईपीओ प्राइस से 100 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के आईपीओ में शेयरों का इश्यू प्राइस 150 रुपये था। बीएलएस पॉलिमर्स के शेयर गुरुवार 19 नवंबर को 303.95 रुपये पर जा पहुंचे हैं, यह कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल भी है। बीएलएस पॉलिमर्स के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 225 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप गुरुवार को 1790 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

बीएलएस पॉलिमर्स के आईपीओ के डीटेल्स
बीएलएस पॉलिमर्स (BLS Polymers) का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 27 अक्टूबर को खुला और यह 29 अक्टूबर 2026 तक ओपन रहा। आईपीओ का प्राइस बैंड 142 से 150 रुपये था। आईपीओ में शेयर का इश्यू प्राइस 150 रुपये था। कंपनी के पब्लिक इश्यू का टोटल साइज 255 करोड़ रुपये का था और यह पूरी तरह से फ्रेश इश्यू था। बीएलएस पॉलिमर्स के शेयर 3 नवंबर को बीएसई में 244.10 रुपये पर लिस्ट हुए और लिस्टिंग वाले दिन कारोबार के आखिर में 269.30 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयर NSE में 248 रुपये पर लिस्ट हुए और कारोबार के आखिर में 268.80 रुपये पर बंद हुए।

241.22 गुना सब्सक्राइब हुआ कंपनी का आईपीओ
बीएलएस पॉलिमर्स (BLS Polymers) के आईपीओ पर टोटल 241.22 गुना दांव लगा। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या रिटेल इनवेस्टर्स का कोटा 128.36 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 559.20 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। बीएलएस पॉलिमर्स के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का कोटा 200.25 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 100 शेयर थे। एक लॉट के लिए आम निवेशकों को 15000 रुपये का निवेश करना पड़ा।

डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN