Source :- BBC INDIA
BBC/ Emmanuel Lafont
2013 में एडम फ़े के मन में एक सवाल आया कि किस तरह का खाना खाने से सबसे अच्छी गुणवत्ता वाला मल (पॉटी) बनता है.
उस समय फ़े मेडिकल की पढ़ाई के चौथे साल में थे और क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल नाम के बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण का इलाज करना सीख रहे थे.
यह एक ऐसा संक्रमण है, जो पाचन तंत्र को गंभीर रूप से प्रभावित करता है और कई एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति स्वाभाविक रूप से प्रतिरोधी (रेज़िस्टेंट) होता है.
उनकी एक बुज़ुर्ग मरीज़ बार-बार इस गंभीर संक्रमण से जूझ रही थीं. उन्हें मल प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांटेशन) की ज़रूरत थी.
इस प्रक्रिया में किसी दूसरे व्यक्ति का मल सीधे मरीज़ की बड़ी आंत में पहुंचाया जाता है. इसका मक़सद स्वस्थ सूक्ष्मजीवों (माइक्रोऑर्गेनिज़्म) का समूह मरीज़ की आंत में पहुंचाना होता है, ताकि वे क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल बैक्टीरिया से मुक़ाबला कर सकें और आंतों में सूक्ष्मजीवों का संतुलन बहाल हो सके.
लेकिन इसके लिए मल कहां से लाया जाए? उस समय मल संग्रह करने वाले बैंक बहुत कम थे.
मरीज़ के परिवार और दोस्त भी मल दान करने में सक्षम नहीं थे या इसके लिए तैयार नहीं थे.
आख़िरकार, एडम फ़े ने खुद आगे आकर मल दान करने का फ़ैसला किया.
उस अहम दिन से एक रात पहले फ़े ने रात के खाने में बरिटो (मेक्सिकन रोल) खाने का फ़ैसला किया.
अगली सुबह उन्होंने अपने स्टूडेंट हॉस्टल के कमरे में मेडिकल ग्रेड के गुलाबी रंग के एक बर्तन में मल त्याग किया.
इसके बाद उन्होंने नमक के घोल में भिगोई गई सूती मलमल के कपड़े से मल को छाना और उससे निकले तरल पदार्थ को एक बोतल में इकट्ठा किया.
वो बताते हैं, “मुझे याद है कि मैंने इसे एक काग़ज़ के बैग में रखा था, क्योंकि मैं हाथ में गंदले पानी की बोतल लेकर घूम रहा था.”
कुछ घंटे बाद कोलोनोस्कोपी के दौरान फ़े का मल मरीज़ की आंतों में पहुंचाया गया.
अब न्यूयॉर्क के एनवाईयू लैंगोन हेल्थ में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट के तौर पर काम कर रहे फ़े को बाद में पता चला कि यह प्रक्रिया सफल रही थी.
इसके बाद मरीज़ को क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल का संक्रमण दोबारा कभी नहीं हुआ.
बीते कुछ वर्षों में स्वास्थ्य पर आंतों में मौजूद सूक्ष्मजीवों के समुदाय यानी गट माइक्रोबायोम की भूमिका को लेकर शोध तेज़ हुआ है.
इसके साथ ही मल प्रत्यारोपण यानी फीकल माइक्रोबायोटा ट्रांसप्लांट में भी दिलचस्पी बढ़ी है.
क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल के संक्रमण के इलाज के लिए मल प्रत्यारोपण को पहले ही मंज़ूरी मिल चुकी है.
दुनिया भर में इरिटेबल बाउल सिंड्रोम, डायबिटीज़, ऑटिज़्म और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों के इलाज में इसकी उपयोगिता को लेकर परीक्षण किए जा रहे हैं.
यहां तक कि याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता में गिरावट के साथ-साथ मानसिक बीमारियों के इलाज में भी इसके इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं.
मल प्रत्यारोपण के ज़रिए किसी व्यक्ति की आंतों में सीधे मल पहुंचाया जा सकता है. इसे कैप्सूल में भरकर गोली के रूप में भी दिया जा सकता है.
लेकिन इस काम के लिए उपयुक्त मल दान करने वाले लोगों को ढूंढना आसान नहीं है.
इसके लिए बेहद सावधानी से जांच की जाती है और केवल सबसे स्वस्थ लोगों को ही दानदाता के तौर पर चुना जाता है.
सबसे अच्छी गुणवत्ता वाला मल देने वाले दानदाता तो और भी मुश्किल से मिलते हैं. अनौपचारिक तौर पर ऐसे दानदाताओं को ‘सुपर पूपर्स’ कहा जाता है.
इस लेख के लिए मैंने छह स्टूल बैंकों और प्रयोगशालाओं से उनके मल दानदाताओं का इंटरव्यू कराने का अनुरोध किया. लेकिन सभी ने इससे इनकार कर दिया.
उनका कहना था कि भरोसेमंद दानदाता ढूंढना इतना मुश्किल है कि उनकी निजता में दखल देने से वे दान करना बंद कर सकते हैं.
तो आख़िर ये ख़ास लोग कौन हैं, जो बेहतरीन गुणवत्ता वाला मल दान करते हैं? और विज्ञान सबसे उपयुक्त मल की पहचान कैसे कर सकता है?
मल दान करने वाले
Getty Images
मल दानदाताओं को चुनने की जांच प्रक्रिया हर जगह एक जैसी नहीं होती. यह इस बात पर निर्भर करती है कि मल का इस्तेमाल किस बीमारी के इलाज के लिए किया जाना है.
हालांकि, इस प्रक्रिया में बेहद बारीकी से जांच की जाती है.
न्यूयॉर्क के वेल कॉर्नेल मेडिसिन में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट कार्ल क्रॉफर्ड कहते हैं, “हम ऐसे व्यक्ति की तलाश करते हैं, जिसकी सेहत इंसानों में सबसे अच्छी स्थिति में हो. उसकी जांच भी उसी तरह करते हैं, जैसे किसी अंगदान करने वाले व्यक्ति की करते हैं.”
उनके मुताबिक़, संभावित दानदाता की उसी तरह गहन जांच होती है, जैसी किडनी या रक्तदान करने वाले व्यक्ति की होती है.
मल दानदाता बनने के लिए सबसे पहले कई स्वास्थ्य सर्वेक्षणों और इंटरव्यू से गुज़रना पड़ता है.
इसके बाद संक्रामक बीमारियों का पता लगाने के लिए खून और मल की विस्तृत जांच की जाती है.
इसमें 30 से अधिक तरह के रोगाणुओं, परजीवियों और दवाओं के प्रति प्रतिरोधी सूक्ष्मजीवों की जांच शामिल हो सकती है.
कुछ क्लीनिक कोविड-19 और फ्लू की जांच भी अनिवार्य करते हैं.
ऐसा इसलिए है क्योंकि कई संक्रामक बीमारियां मल के ज़रिए फैल सकती हैं.
कुछ मामलों में मल प्रत्यारोपण के कारण ई कोलाई बैक्टीरिया का संक्रमण भी अनजाने में फैल चुका है.
कोविड-19 समेत कुछ सांस संबंधी संक्रमणों के वायरस भी मल के बेहद बारीक कणों के ज़रिए फैल सकते हैं.

टॉयलेट फ्लश करने पर ये कण हवा में फैल सकते हैं.
दानदाताओं की कुछ बीमारियों से जुड़ी हिस्ट्री की भी जांच की जाती है. इनमें कुछ ऑटोइम्यून बीमारियां और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं.
कुछ प्रयोगशालाएं संभावित दानदाताओं की दवाओं और सप्लीमेंट्स की भी बारीकी से जांच करती हैं. इनमें मल्टीविटामिन और आयरन की गोलियां भी शामिल हैं.
टोरंटो यूनिवर्सिटी की मेडिकल माइक्रोबायोलॉजिस्ट सुसान पाउटेनेन कहती हैं, “हम इस बारे में विस्तार से पूछताछ करते हैं और देखते हैं कि क्या वे इनका सेवन बंद कर सकते हैं.”
वहां दानदाताओं को यह भी बताना होता है कि उन्होंने पिछले एक सप्ताह में ऐसे कौन से खाद्य पदार्थ खाए हैं, जिनसे एलर्जी हो सकती है.
वह कहती हैं, “कभी-कभी हमें ऐसा मल चाहिए होता है, जिसमें नट्स के अंश भी न हों.”
आमतौर पर मल दानदाताओं की उम्र 18 से 48 साल के बीच होती है. हालांकि, मल प्रत्यारोपण किसी भी उम्र के व्यक्ति को दिया जा सकता है.
टोरंटो यूनिवर्सिटी की संक्रामक रोग विशेषज्ञ और मल प्रत्यारोपण करने वाली सुज़ी होटा कहती हैं, “हमने 17 साल के किशोरों का भी इलाज किया है और 96 साल के बुज़ुर्गों का भी.”
Getty Images
अधिकांश मल प्रत्यारोपण कार्यक्रमों में दानदाताओं के खानपान की स्पष्ट रूप से जांच नहीं की जाती.
हालांकि, आदर्श रूप से उनका खानपान संतुलित और फाइबर से भरपूर होना चाहिए.
फल, सब्ज़ियां और साबुत अनाज आंतों के माइक्रोबायोम को स्वस्थ रखने और उसके विकास के लिए ज़रूरी पोषक तत्व उपलब्ध कराते हैं.
क्रॉफर्ड कहते हैं, “कोई सोच सकता है कि मल दान करने वालों को शाकाहारी होना चाहिए, लेकिन जिन लोगों का खानपान शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह का होता है, उनकी आंतों में सूक्ष्मजीवों की विविधता ज़्यादा होती है.”
होटा और पाउटेनेन के मुताबिक़, जहां तक संभव हो, दानदाताओं का शरीर भी छरहरा होना चाहिए.
एक मामले में, 32 साल की एक महिला, जो पहले दुबली-पतली थीं, एक स्वस्थ लेकिन ज़्यादा वज़न वाले दानदाता से मल प्रत्यारोपण कराने के बाद मोटापे का शिकार हो गईं.
इसके अलावा, शराब के सेवन, व्यायाम और नींद समेत कई अन्य बातों को भी ध्यान में रखा जाता है.
दानदाताओं के यात्रा करने पर भी सख़्त पाबंदियां लगाई जा सकती हैं, ताकि वे अनजाने में दवाओं के प्रति प्रतिरोधी आंतों के बैक्टीरिया के संपर्क में न आ जाएं.
क्रॉफर्ड अब खुद मल प्रत्यारोपण के लिए दानदाताओं से मल एकत्र नहीं करते.
हालांकि, अपने अनुभव के आधार पर उनका कहना है कि शुरुआती जांच में करीब तीन फ़ीसदी लोग ही योग्य पाए जाते हैं.
इनमें से भी लगभग आधे लोगों में नियमित रूप से मलदान करने के लिए बैक्टीरिया का सही संतुलन पाया जाता है.

होटा के लिए टोरंटो में संभावित दानदाताओं में से केवल 1.6 फ़ीसदी लोग ही शुरुआती जांच में सफल हो पाते हैं.
इनमें से भी करीब 0.6 फ़ीसदी लोगों को नियमित दानदाता के रूप में चुना जाता है.
हालांकि, स्टूल बैंक चलाने वाले या इस विषय पर शोध करने वाले वैज्ञानिकों का कहना है कि मलदान करने से जुड़ी व्यावहारिक और व्यवस्थागत चुनौतियों को कम करके नहीं आंका जा सकता.
एडम फ़े का मामला आम नहीं है. उन्होंने अपनी जान-पहचान की एक मरीज़ के लिए सिर्फ़ एक बार मलदान किया था.
अगर आप उन चुनिंदा लोगों में शामिल हैं, जो मलदान के लिए ज़रूरी जांच में सफल हो जाते हैं, तो आपको नियमित रूप से मलदान करने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता मिल सकता है.
इस व्यवस्था के तहत आपको लगभग हर दिन प्रयोगशाला जाना होता है और वहां दानदाताओं के लिए बनाए गए विशेष टॉयलेट में मल त्याग करना होता है.
कई स्टूल (मल) बैंक अपने दानदाताओं को इसके लिए पैसे भी देते हैं.
उदाहरण के लिए, अमेरिका में हर बार मलदान करने पर 25 डॉलर (करीब 19 पाउंड) से लेकर लगभग 100 डॉलर (करीब 76 पाउंड) तक दिए जा सकते हैं.
हर स्टूल बैंक कुछ दानदाताओं से बार-बार मल एकत्र करता है, क्योंकि हर बार नए दानदाता ढूंढने की तुलना में यह व्यवस्था ज़्यादा सुविधाजनक होती है.
टोरंटो यूनिवर्सिटी की सुज़ी होटा कहती हैं, “दानदाताओं के साथ संबंध बनाना मुझे बेहद दिलचस्प लगता है.”
वह बताती हैं कि इस प्रक्रिया में दानदाताओं के साथ भरोसे का रिश्ता बनाना ज़रूरी है. साथ ही, उनकी अपनी मर्ज़ी और स्वतंत्रता का सम्मान करना भी अहम है.
उदाहरण के लिए, दानदाताओं से उनकी जीवनशैली में होने वाले छोटे-मोटे बदलावों की जानकारी देने को भी कहा जाता है.
बेहतरीन मल दानदाता
Getty Images
शुरुआती जांच और परीक्षणों से किसी दानदाता के मल की गुणवत्ता के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाती.
जांच में योग्य पाए गए सभी दानदाताओं के मल से बार-बार होने वाले क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल संक्रमण का सफल इलाज होने की संभावना लगभग एक जैसी होती है.
हालांकि, कुछ ख़ास बीमारियों के मामले में शोध से पता चलता है कि कुछ चुनिंदा दानदाताओं के मल से दूसरे दानदाताओं के मुकाबले बीमारी के लक्षणों से राहत मिलने यानी रेमिशन की दर काफ़ी ज़्यादा होती है.
मिसाल के तौर पर, 2015 में अल्सरेटिव कोलाइटिस के इलाज के लिए मल प्रत्यारोपण पर किए गए एक अध्ययन में 38 लोगों में से सिर्फ़ नौ की बीमारी में रेमिशन देखा गया.
इनमें से सात लोगों को एक ही दानदाता का मल दिया गया था.
2017 के एक अन्य अध्ययन में प्रत्यारोपण के लिए सात अलग-अलग दानदाताओं तक के मल को मिलाकर इस्तेमाल किया गया.
जिन मरीज़ों को दिए गए मिश्रण में एक ख़ास दानदाता का मल शामिल था, उनके बेहतर महसूस करने की संभावना उन मरीज़ों के मुकाबले करीब दोगुनी थी, जिन्हें उस दानदाता के मल के बिना तैयार किया गया मिश्रण दिया गया था.
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मल की इस बेहतरीन गुणवत्ता के पीछे आख़िर कौन-सी ख़ास बात थी.
मलदान के दौरान संपूर्ण माइक्रोबायोम की जांच नियमित रूप से नहीं की जाती.
लेकिन शोध से पता चला है कि ‘सुपर पूपर्स’ के मल में आंतों के बैक्टीरिया की संख्या ज़्यादा होती है और उनकी विविधता भी काफ़ी व्यापक होती है.
उनके मल में कुछ ऐसे बैक्टीरिया भी पाए जाते हैं, जिन्हें स्वास्थ्य के लिए फ़ायदेमंद माना जाता है. इनमें फीकलीबैक्टीरियम प्रॉस्निट्ज़ी भी शामिल है.
यह बैक्टीरिया ब्यूटिरेट नाम का फैटी एसिड बनाता है. इसके कई फ़ायदे हैं. जैसे, यह शरीर में सूजन कम करता है और आंतों की अंदरूनी परत की रक्षा करता है.
इसके बावजूद, किसी एक व्यक्ति का मल हर बीमारी के इलाज में कारगर नहीं हो सकता.
फ़े कहते हैं कि क्लोस्ट्रीडियोइड्स डिफ़िसाइल संक्रमण के इलाज के लिए आदर्श दानदाता का मल किसी दूसरे व्यक्ति में इरिटेबल बाउल सिंड्रोम या डिप्रेशन के इलाज में शायद कोई असर न दिखाए.
वह कहते हैं, “हम अब भी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आख़िर इस मल में ऐसा कौन-सा ख़ास तत्व है, जो इसे इतना प्रभावी बनाता है.”
मल से दवा की गोली तक
Getty Images
सबसे प्रभावी ‘सुपर पूपर्स’ से मिलने वाला बेहतरीन मल भी मल प्रत्यारोपण को पूरी तरह सटीक विज्ञान नहीं बनाता.
लंदन की क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी की सारा बेंतेर्किया कहती हैं, “मेरी सबसे बड़ी चिंता शायद मल प्रत्यारोपण के नतीजों की अनिश्चितता को लेकर है. इसमें सूक्ष्मजीवों के एक पूरे समुदाय को दूसरे व्यक्ति के शरीर में पहुंचाया जाता है. इसलिए कई तरह के कारकों को ध्यान में रखना पड़ता है.”
अलग-अलग दानदाताओं, मल तैयार करने के तरीकों और मल प्रत्यारोपण कराने वाले मरीज़ों के कारण आंतों के सूक्ष्मजीवों में होने वाले बदलाव भी अलग-अलग हो सकते हैं.
वहीं, क्रॉफर्ड का कहना है कि मल प्रत्यारोपण भविष्य में अधिक मानकीकृत इलाज विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकता है.
उदाहरण के लिए, दवा कंपनी फेरिंग फार्मास्यूटिकल्स रेबयोटा नाम का एक एनिमा उत्पाद बनाती है.
इसे ऐसे दानदाताओं के मल से तैयार किया जाता है, जिनकी आंतों में फ़ायदेमंद बैक्टीरिया की संख्या ज़्यादा होती है.
इसी तरह, सेरेस थेराप्यूटिक्स वोस्ट (VOWST) नाम की गोलियां बनाती है. इनमें कुछ ख़ास बैक्टीरिया के बीजाणु (Spores) होते हैं, जिन्हें मानव मल से तैयार किया जाता है.
अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने इन दोनों उत्पादों को बार-बार होने वाले सी. डिफ़िसाइल संक्रमण के इलाज के लिए मंज़ूरी दी है.
दरअसल, क्रॉफर्ड का कहना है कि भविष्य में सी. डिफ़िसाइल संक्रमण के इलाज के लिए ऐसी गोलियों का इस्तेमाल बढ़ सकता है, जिनमें अच्छे दानदाताओं के मल से चुने गए सूक्ष्मजीवों को प्रयोगशाला में बड़े पैमाने पर विकसित करके शामिल किया जाएगा.
वह कहते हैं, “मुझे लगता है कि माइक्रोबायोम पर आधारित इलाज में भविष्य की चिकित्सा पद्धति बनने की क्षमता है.”
हालांकि, माइक्रोबायोम के इस्तेमाल की संभावनाओं के बावजूद क्रॉफर्ड इसके भविष्य को लेकर चिंतित भी हैं. इसकी वजह है कि आधुनिक जीवनशैली हमारे शरीर में मौजूद प्राकृतिक माइक्रोबायोम को बड़े पैमाने पर प्रभावित कर रही है. उदाहरण के लिए, अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों के सेवन से आंतों में मौजूद सूक्ष्मजीवों की विविधता कम होती है.
क्रॉफर्ड कहते हैं, “मुझे चिंता है कि कहीं हम अपने पाचन तंत्र में मौजूद ऐसे कई सूक्ष्मजीवों के गुण न खो दें, जो भविष्य में बीमारियों की अगली लहर से लड़ने में हमारी मदद कर सकते हैं.”
वह आंतों में मौजूद सूक्ष्मजीवों की संभावित उपचार क्षमता की तुलना उष्णकटिबंधीय वर्षावनों में पाए जाने वाले पौधों से प्राप्त उपयोगी रासायनिक तत्वों की विशाल विविधता से करते हैं.
वह कहते हैं, “हमारे पाचन तंत्र में मौजूद माइक्रोबायोम भी उतना ही विशाल है और हमारी मदद कर सकता है. लेकिन हम अक्सर इसकी अहमियत को नज़रअंदाज़ कर देते हैं.”
(इस लेख में दी गई सभी जानकारियां केवल सामान्य जानकारी के मक़सद से हैं. इन्हें किसी भी स्थिति में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए.)
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




