Home rss business hindi अमिताभ बच्चन के ₹100 करोड़ की प्रॉपर्टी पर विवाद! घर लेने से...

अमिताभ बच्चन के ₹100 करोड़ की प्रॉपर्टी पर विवाद! घर लेने से पहले करें ये 7 जांच, वरना डूब जाएगी कमाई

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • अमिताभ बच्चन के करीब 100 करोड़ के बंगले के मालिकाना हक को लेकर सामने आए विवाद ने प्रॉपर्टी के दस्तावेजों की अहमियत फिर उजागर की है
  • घर खरीदने से पहले सेल डीड, प्रॉपर्टी कार्ड, गिफ्ट डीड, टाइटल हिस्ट्री और सरकारी मंजूरी समेत कौन-सी 7 जांच जरूरी हैं? आइए इसकी डिटेल्स जानते हैं

अपना घर खरीदना हर किसी का सपना होता है। इसके लिए लोग जिंदगीभर की कमाई लगा देते हैं और कई बार होम लोन लेकर भी प्रॉपर्टी खरीदते हैं। लेकिन जरा सोचिए, जिस घर को खरीदने के लिए आपने करोड़ों रुपये खर्च किए हों, कुछ साल बाद उसी की मालिकाना हक को लेकर कानूनी विवाद खड़ा हो जाए तो क्या होगा? बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के परिवार से जुड़ा करीब 100 करोड़ रुपये के ‘जलसा’ बंगले का मामला इसी खतरे की ओर ध्यान दिलाता है।

मुंबई के जुहू स्थित इस चर्चित बंगले को लेकर अमिताभ बच्चन की सिस्टर-इन-लॉ रामोला बच्चन ने कथित तौर पर एक पुराने गिफ्ट डीड (Gift Deed) पर सवाल उठाए हैं। इस मामले में उनकी पत्नी जया बच्चन के नाम पर संपत्ति ट्रांसफर किए जाने और सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज मालिकाना हक को लेकर विवाद सामने आया है।

यह मामला सिर्फ एक सेलिब्रिटी परिवार तक सीमित नहीं है। इससे आम घर खरीदारों के लिए भी कई जरूरी सबक निकलते हैं। अगर आप फ्लैट, प्लॉट, मकान या कोई कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो सिर्फ सेल डीड देखकर सौदा फाइनल न करें। इससे पहले 7 जरूरी जांच करना बेहद जरूरी है।

क्या है अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ बंगले का पूरा विवाद?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुहू स्थित जलसा बंगले का इतिहास साल 1982 से जुड़ा है। करीब 10,000 वर्ग फुट में फैली इस प्रॉपर्टी का पुराना नाम ‘मनसा’ बताया जाता है। शुरुआत में यह फिल्म निर्माता एनसी सिप्पी की संपत्ति थी। बताया जाता है कि फिल्म ‘सत्ते पे सत्ता’ में काम करने के बदले यह प्रॉपर्टी अमिताभ बच्चन को दी गई थी, बाद में अमिताभ बच्चन ने इस बंगले को बेच दिया, लेकिन जया बच्चन की सलाह पर इसे दोबारा खरीद लिया। इसके बाद इसका नाम जलसा रखा गया। मामले में विवाद की जड़ साल 1993 की एक कथित गिफ्ट डीड है। बताया जाता है कि इस दस्तावेज के जरिए रामोला बच्चन से जया बच्चन के नाम पर संपत्ति का मालिकाना हक ट्रांसफर किया गया था।

नवंबर 2026 में यह मामला फिर चर्चा में आया, जब रामोला बच्चन ने कथित तौर पर इस गिफ्ट डीड की वैधता पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि दस्तावेज उनकी जानकारी और सहमति के बिना तैयार किया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि गिफ्ट डीड सादे कागज पर बनाई गई थी और उस पर जरूरी स्टांप ड्यूटी तथा गवाहों के हस्ताक्षर नहीं थे। बाद में महाराष्ट्र की अभय योजना के तहत इसे नियमित कराए जाने और करीब 13 साल बाद रजिस्टर किए जाने का दावा भी सामने आया है।

इस मामले में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कपोल हाउसिंग सोसायटी के रिकॉर्ड में जया बच्चन का नाम मालिक के तौर पर दर्ज है, जबकि महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी कार्ड में अब भी रामोला बच्चन का नाम दिखाई देता है। फिलहाल, इस विवाद पर अंतिम कानूनी फैसला सामने नहीं आया है। मामला मुंबई के अंधेरी स्थित डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के सामने पहुंचा है।

घर खरीदने से पहले जरूर करें ये 7 जांच

प्रॉपर्टी से जुड़े लीगल एक्सपर्ट के मुताबिक, किसी भी मकान या जमीन को खरीदने से पहले उसके मालिकाना हक और दस्तावेजों की पूरी जांच करना जरूरी है। छोटी सी लापरवाही भविष्य में बड़ा कानूनी विवाद पैदा कर सकती है।

1- सबसे पहले जांचें कि प्रॉपर्टी का असली मालिक कौन?

घर खरीदते समय सबसे पहली जिम्मेदारी यह पता लगाना है कि जिस व्यक्ति से आप प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं, वह वास्तव में उसका कानूनी मालिक है या नहीं। इसके लिए मौजूदा सेल डीड, गिफ्ट डीड, पार्टिशन डीड या विरासत से जुड़े दस्तावेजों की जांच करें। यह भी देखें कि संपत्ति पहले किन-किन लोगों के नाम रही है और हर बार उसका ट्रांसफर कानूनी तरीके से हुआ है या नहीं। अगर बेचने वाला व्यक्ति खुद मालिक नहीं है और किसी पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए सौदा कर रहा है, तो उस दस्तावेज की वैधता भी जरूर जांचें।

2- सरकारी रिकॉर्ड और सोसायटी के दस्तावेजों का करें मिलान

कई बार एक ही प्रॉपर्टी के अलग-अलग रिकॉर्ड में अलग-अलग लोगों के नाम दर्ज होते हैं। जलसा बंगले के मामले में भी सोसायटी रिकॉर्ड और सरकारी प्रॉपर्टी कार्ड को लेकर ऐसी ही स्थिति सामने आई है। इसलिए घर खरीदने से पहले इन दस्तावेजों का मिलान जरूर करें।

  • सरकारी प्रॉपर्टी कार्ड और जमीन के रिकॉर्ड।
  • हाउसिंग सोसायटी का शेयर सर्टिफिकेट।
  • नगर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स रिकॉर्ड।
  • रजिस्टर्ड सेल डीड और दूसरे ट्रांसफर दस्तावेज।

अगर किसी भी रिकॉर्ड में नाम अलग-अलग हैं, तो रजिस्ट्री कराने से पहले उसका कारण पता करें और कानूनी समाधान कराएं।

3- जरूर देखें प्रॉपर्टी के ओरिजिनल दस्तावेज

किसी प्रॉपर्टी की फोटो कॉपी या ऑनलाइन उपलब्ध रिकॉर्ड देखकर ही खरीदने का फैसला न करें। जहां संभव हो, मूल दस्तावेजों की जांच करें। खास तौर पर देखें कि सेल डीड या गिफ्ट डीड पर जरूरी हस्ताक्षर हैं या नहीं, स्टांप ड्यूटी का भुगतान हुआ है या नहीं और दस्तावेज का रजिस्ट्रेशन कराया गया है या नहीं। अगर किसी दस्तावेज में गवाहों के हस्ताक्षर जरूरी हैं तो उनकी मौजूदगी भी सुनिश्चित करें। गिफ्ट डीड के मामले में यह देखना भी जरूरी है कि संपत्ति पाने वाले व्यक्ति ने गिफ्ट स्वीकार किया था या नहीं।

4- प्रॉपर्टी पर कोई कर्ज या कानूनी विवाद तो नहीं?

कई बार मकान या जमीन पर पहले से बैंक का लोन, मॉर्गेज या किसी दूसरे व्यक्ति का दावा होता है। ऐसी स्थिति में बिना जांच किए प्रॉपर्टी खरीदना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए खरीदारी से पहले टाइटल सर्च और एनकम्ब्रेंस सर्टिफिकेट (Encumbrance Certificate) की जांच कराएं।इसके जरिए पता लगाने में मदद मिलती है कि संपत्ति पर कोई रजिस्टर्ड लोन, बंधक या दूसरी देनदारी तो नहीं है। इसके अलावा संबंधित अदालतों में चल रहे मुकदमों की भी जांच कराएं।

5- बिल्डिंग का नक्शा और जरूरी सरकारी मंजूरी देखें

अगर आप फ्लैट या मकान खरीद रहे हैं तो सिर्फ उसकी लोकेशन और कीमत देखकर फैसला न करें। यह भी जांचें कि बिल्डिंग का निर्माण मंजूर नक्शे के अनुसार हुआ है या नहीं।

इन दस्तावेजों पर विशेष ध्यान दें:

  • अप्रूव्ड बिल्डिंग प्लान।
  • कंप्लीशन सर्टिफिकेट (CC)।
  • ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC)।
  • लागू होने पर RERA रजिस्ट्रेशन।

अगर बिल्डर ने मंजूर नक्शे से अलग निर्माण किया है या जरूरी प्रमाणपत्र नहीं लिए हैं, तो भविष्य में प्रॉपर्टी से जुड़ी परेशानी हो सकती है।

6- परिवार से मिली प्रॉपर्टी और गिफ्ट डीड की करें जांच

विरासत या परिवार के किसी सदस्य से मिली संपत्ति खरीदते समय अतिरिक्त सावधानी जरूरी है। यह पता करें कि प्रॉपर्टी पर दूसरे उत्तराधिकारियों या परिवार के सदस्यों का भी कोई कानूनी अधिकार तो नहीं है। अगर संपत्ति गिफ्ट डीड के जरिए ट्रांसफर हुई है तो देखें कि दस्तावेज सही तरीके से तैयार और रजिस्टर हुआ है या नहीं। लागू कानून के तहत जरूरी स्टांप ड्यूटी का भुगतान और दो गवाहों की मौजूदगी भी जांचें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि संपत्ति देने वाले व्यक्ति की सहमति स्पष्ट थी और प्रॉपर्टी पाने वाले व्यक्ति ने गिफ्ट स्वीकार किया था।

7- रजिस्ट्री के बाद भी रिकॉर्ड में अपना नाम कराएं अपडेट

बहुत से लोग प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री होने के बाद अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेते हैं। लेकिन असल में इसके बाद भी कुछ जरूरी काम बाकी रहते हैं। रजिस्ट्री के बाद प्रॉपर्टी कार्ड, हाउसिंग सोसायटी, नगर निगम के टैक्स रिकॉर्ड और बिजली-पानी के कनेक्शन जैसे संबंधित रिकॉर्ड में अपना नाम अपडेट कराएं। सभी मूल दस्तावेज सुरक्षित रखें। भविष्य में प्रॉपर्टी बेचने, विरासत में देने या किसी कानूनी विवाद की स्थिति में ये दस्तावेज बेहद काम आते हैं।

प्रॉपर्टी लेने से पहले 30 साल पुराना रिकॉर्ड क्यों देखना चाहिए?

सुप्रीम कोर्ट के वकील अमितराज कौशल के मुताबिक, घर खरीदने वालों को संपत्ति के मालिकाना हक की पूरी हिस्ट्री समझनी चाहिए। इसके लिए कम से कम 30 साल पुराने टाइटल रिकॉर्ड की जांच करना उपयोगी हो सकता है। इससे यह पता लगाने में मदद मिलती है कि प्रॉपर्टी का मालिकाना हक समय के साथ किस तरह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के पास पहुंचा। अगर बीच में कोई ट्रांसफर हुआ है तो उसके दस्तावेज भी देखने चाहिए।

वहीं, कॉर्प लेगेक्स के फाउंडिंग और मैनेजिंग पार्टनर सुमन कुमार झा ने भी खरीदारों को विरासत, वसीयत और उत्तराधिकार से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने की सलाह दी है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि प्रॉपर्टी के दस्तावेजों की जांच किसी अनुभवी प्रॉपर्टी वकील से कराना समझदारी है। खासकर तब, जब संपत्ति विरासत में मिली हो या उसके मालिकाना हक को लेकर अलग-अलग रिकॉर्ड में विरोधाभास हो।

प्रॉपर्टी कार्ड में नाम होने से क्या मालिकाना हक साबित हो जाता है?

यह इस पूरे विवाद का एक महत्वपूर्ण कानूनी पहलू है। सुप्रीम कोर्ट के वकील अमितराज कौशल के मुताबिक, प्रॉपर्टी कार्ड मुख्य रूप से राजस्व रिकॉर्ड होता है। इसमें किसी व्यक्ति का नाम दर्ज होना अपने आप में संपत्ति के अंतिम कानूनी मालिकाना हक का प्रमाण नहीं माना जा सकता।

किसी प्रॉपर्टी का असली टाइटल तय करने के लिए सेल डीड, गिफ्ट डीड, विरासत के दस्तावेज और मालिकाना हक की पूरी चेन देखनी पड़ती है। अगर दो पक्षों के बीच मालिकाना हक को लेकर विवाद है, तो अंतिम फैसला सिविल कोर्ट कर सकता है। इसलिए केवल प्रॉपर्टी कार्ड, सोसायटी रिकॉर्ड या टैक्स रसीद देखकर घर खरीदना सुरक्षित नहीं है। सभी दस्तावेजों का आपस में मेल खाना जरूरी है।

घर खरीदने से पहले इन बातों को न करें नजरअंदाज

अमिताभ बच्चन के जलसा बंगले से जुड़ा विवाद यह बताता है कि महंगी से महंगी प्रॉपर्टी भी दस्तावेजों से जुड़े विवादों से अछूती नहीं है। आम खरीदार के लिए तो यह और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि घर खरीदने में उसकी जिंदगीभर की बचत और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा जुड़ी होती है।

इसलिए प्रॉपर्टी की कीमत, लोकेशन और डिजाइन के साथ उसके कानूनी दस्तावेजों को भी उतनी ही अहमियत दें। खरीदारी से पहले टाइटल सर्च, सरकारी रिकॉर्ड, रजिस्टर्ड डीड और निर्माण की मंजूरी की जांच कराना जरूरी है। कुछ हजार रुपये की कानूनी जांच भविष्य में लाखों या करोड़ों रुपये के नुकसान से बचा सकती है।

नोट:- यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट्स और एक्सपर्ट की राय पर आधारित है। जलसा बंगले के मालिकाना हक विवाद पर अंतिम कानूनी निष्कर्ष सामने आने तक किसी भी पक्ष के दावे को अंतिम फैसला नहीं माना जाना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN