Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Gold Outlook: अब सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या गोल्ड फिर से तेजी पकड़ेगा? आज गोल्ड के रेट में भारी गिरावट है
- सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट गोल्ड के भाव 1.23 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए हैं
शादियों का सीजन आज देवउठनी एकादशी के साथ ही शुरू हो गया और सोने के गहने खरीदने वालों के लिए गुड न्यूज भी आई है। आज गोल्ड के रेट में भारी गिरावट है। सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट गोल्ड के भाव 1.23 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए हैं। एक दिन पहले ही यह 129531 रुपये पर बंद हुआ था। अब सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या गोल्ड फिर से तेजी पकड़ेगा?
अगर ब्रोकरेज हाउस के अनुमान सही साबित हुए तो 2027 में सोने की कीमतों में एक बार फिर बड़ी तेजी देखने को मिल सकती है। भारतीय ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि मौजूदा गिरावट लंबी अवधि के निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका बन सकती है। कुछ अन्य ब्रोकरेज ने अगले साल सोने का भाव 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने का अनुमान लगाया है।
अभी क्यों गिर रहा सोना
केडिया कमोडिटीज के प्रेसीडेंट अजय केडिया बताते हैं कि हाई से करीब 30 प्रतिशत तक सोना सस्ता हो चुका है। सोने में पिछले एक साल की तेजी अब लगभग गायब होती दिखाई दे रही है। जनवरी तक 1.80 लाख तक लेवल देखने के बाद प्रॉफिट बुकिंग भी देखी गई। कच्चा तेल बढ़ने से डॉलर मजबूत हुआ है, महंगाई का डर और फेड का मल्टीपल रेट हाई की संभावना के चलते पिछले एक हफ्ते में सोने में जबर्दस्त गिरावट देखी जा रही है।
2027 में सोने का भाव कहां तक जाएगा?
- केडिया कमोडिटीज 2027 तक सोने को 1.80 लाख रुपये पर देख रहा है। अगर नीचे की ओर और गिरा तो यह 1.21 लाख तक आ सकता है।
- कोटक नियो की मानें तो अगले साल तक सोना 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकत है।
- एसएमसी ने 1.70 लाख का टार्गेट दिया है, जबकि बहुत अधिक गिरा तो 1.25 लाख रुपये तक आ सकता है।
- निर्मल बैंग ने 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का टार्गेट दिया है। गिरावट की स्थिति में इसने 1.25 लाख का टार्गेट दिया है।
- रेलिगेयर ब्रोकिंग ने सोने के लिए 1.50 लाख और 1.58 लाख रुपये के टार्गेट दिए हैं।
- जेपी मॉर्गन का अनुमान है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 6,300 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।
- UBS ने 2027 की दूसरी या तीसरी तिमाही तक 5,200 डॉलर प्रति औंस का अनुमान लगाया है।
- प्रभुदास लीलाधर ने 1.46 लाख, जीसीएल ने 1.48 लाख, पृथ्वी फिनमार्ट ने 1.55 लाख का टार्गेट दिया है।
सोना क्यों करेगा बाउंस बैक?
ब्रोकरेज हाउसों के मुताबिक, केंद्रीय बैंकों की सोने में खरीदारी, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, महंगाई और भू-राजनीतिक तनाव सोने की कीमतों को सपोर्ट दे सकते हैं। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से सोने पर दबाव बना रह सकता है।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
केडिया कमोडिटीज के प्रेसीडेंट अजय केडिया का मानना है कि सोने में लंबी अवधि का नजरिया रखने वाले निवेशक एकमुश्त निवेश करने के बजाय धीरे-धीरे खरीदारी कर सकते हैं। हालांकि, कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। कुल मिलाकर, 2027 में सोने की चाल काफी हद तक अमेरिकी फेड की नीति, डॉलर और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी पर निर्भर करेगी।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। कमोडिटी जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर सोना खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




