Home National news hindi आज़म ख़ान के ‘दाढ़ी और हैदराबादी बिरयानी’ वाले बयान के क्या हैं...

आज़म ख़ान के ‘दाढ़ी और हैदराबादी बिरयानी’ वाले बयान के क्या हैं सियासी मायने

4
0

Source :- BBC INDIA

असदुद्दीन ओवैसी और आज़म ख़ान

पढ़ने का समय: 9 मिनट

जेल से बुधवार को रिहा होने के बाद से ही समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान के तेवर तीख़े बने हुए हैं. उन्होंने एक तरफ़ सरकार पर निशाना साधा तो दूसरी तरफ़ राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर भी तंज़ कसे.

आज़म ख़ान ने एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर आरोप लगाया कि वो उनके विरोधियों की मदद कर रहे हैं.

आज़म ख़ान की रिहाई पर ओवैसी ने शुभकामनाएं दी थीं, इसे लेकर जब गुरुवार को पत्रकारों ने उनसे प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने तंज़ कसते हुए कहा कि ‘उनकी (ओवैसी) दुआ, दुश्मनों के लिए दवा थी.’

बीते 12 नवंबर को असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने लखनऊ में एक नए गठबंधन, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का एलान किया.

ओवैसी ने चंद्रशेखर आज़ाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया है. साथ ही दोनों पार्टियां मिलकर यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी.

राजनीतिक हल्के में इसे बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए से अधिक समाजवादी पार्टी-कांग्रेस के इंडिया गठबंधन के लिए चुनौती माना जा रहा है.

उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और चुनाव पूर्व इस नए राजनीतिक मोर्चे से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी असहज दिख रही है.

इसकी वजह मुसलमान वोट बेस भी है जिसे दोनों ही गठबंधन और पार्टियां कुछ हदतक साझा करती हैं.

शायद यही वजह है कि कांग्रेस और ओवैसी के बीच बयानबाज़ी भी तेज़ हुई है.

आज़म ख़ान को समाजवादी पार्टी का प्रदेश में एक प्रभावशाली मुसलमान नेता माना जाता है, जिनका राजनीतिक करियर कई दशकों का रहा है.

इसीलिए राजनीतिक विश्लेषक आज़म ख़ान के बयानों को बड़े ध्यान से देख रहे हैं और इसे मुसलमान वोटों को अपने पक्ष में करने की कोशिशों से भी जोड़ रहे हैं.

ओवैसी के बारे में आज़म ख़ान ने क्या कहा

आज़म ख़ान

रिहाई के दूसरे दिन गुरुवार को जब पत्रकारों ने आज़म ख़ान से पूछा कि हैदराबाद के मौलाना असदुद्दीन ओवैसी चुनावी सभा के सिलसिले में रामपुर आए थे और उन्होंने काफ़ी कुछ कहा, इस पर आपका क्या कहना है.

आज़म ख़ान ने कहा, “अभी तो चुनाव में काफ़ी समय है. वो बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं हैं. दाढ़ी रख लेने से कोई मौलाना नहीं हो जाता. और ना ही दाढ़ी रख लेने से कोई साधू हो जाता है. मौलाना होने के लिए मौलिवियत की डिग्री चाहिए. फ़तवा देने के लिए मुफ़्ती की डिग्री होनी चाहिए.”

जब उनसे एक पत्रकार ने पूछा कि ओवैसी ने उनके लिए दुआ करने की बात कही है, इस पर आज़म ख़ान ने कहा, “मैं उनका शुक्रगुज़ार हूं. चार कदम पर मेरा घर था, मुफ़्त का टेलीफ़ोन था, मेरी बीवी से ख़ैरियत ले सकते थे, तशरीफ़ ला सकते थे.”

“वो दुआ नहीं थी, वो मेरे दुश्मनों के लिए दवा थी.”

उन्होंने कहा, “हम और हमारे ख़ित्ते में हैदाबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती. हमारे यहां पुलाव पसंद किया जाता है और मटन बिरयानी पसंद की जाती है.”

हालांकि ओवैसी और चंद्रशेखर के बीच गठबंधन पर कोई टिप्पणी करने से उन्होंने इनकार किया.

लेकिन बुधवार को जब वो जेल से बाहर आए तो उन्होंने चुनावी माहौल का संकेत देते हुए कहा था, “चुनाव नहीं होगा, इंक़लाब होगा. बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा. अब लोग धर्म के नाम पर जाति के नाम पर नहीं लड़ेंगे. मुद्दों पर लड़ाई होगी. और हम जैसे लोग संविधान के लिए विधान के लिए मरने के लिए तैयार थे, हैं और रहेंगे.”

इमरान मसूद असहज

इमरान मसूद

ओवैसी पर आज़म ख़ान की ताज़ा टिप्पणी पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी है.

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, “आज़म ख़ान के बयान का दिल खोलकर स्वागत किया जाना चाहिए. बीजेपी ने उन्हें 10 साल तक जेल में रखा, लेकिन उनके रवैये में कोई बदलाव नहीं आया. आज़म ख़ान ज़िंदाबाद!”

“आपने ओवैसी को उनकी जगह दिखा दी है. जो लोग भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में हैदराबाद से आए हैं, उन्हें अपना सामान बांध लेना चाहिए, लखनऊ की बिरयानी, पुलाव और दम पुलाव का मज़ा लेना चाहिए और वापस हैदराबाद लौट जाना चाहिए.”

हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सांसद इमरान मसूद ने दाढ़ी पर आज़म ख़ान की टिप्पणी को सही नहीं बताया.

उन्होंने कहा, “दाढ़ी एहतराम की चीज़ है. कोई रखता है या नहीं रखता है. लेकिन हमें दाढ़ी पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए.”

ओवैसी को मिला ओपी राजभर का साथ

लखनऊ में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम ने गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए मोर्चा का एलान किया

असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर की पार्टी के साथ नया मोर्चा बनाने के साथ ही समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा.

उन्होंने 16 नवंबर को एक्स पर लिखा, “अब तो अखिलेश यादव ने भी कह दिया है कि जो पार्टी, बीजेपी को हरा सकती है, दलित और मुसलमान उसी को वोट दें.”

ओवैसी ने दावा किया, “बीजेपी को रोकने की असली ताक़त अब ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के पास ही है, क्योंकि सपा 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनावों में बीजेपी को रोकने में नाकाम रही है.”

मेरठ के केसरगंज मस्जिद मामले में भी उन्होंने सपा पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा, “केसरगंज मस्जिद का मामला एआईएमआईएम ने उठाया. ये लोग आपके वोट से जीत कर आते हैं लेकिन फिर गूंगे बन जाते हैं. क्योंकि अखिलेख यादव ने इन्हें चुप रहने को कह दिया. लेकिन जब यहां से समाजिक परिवर्तन मोर्चा का विधायक जीतेगा तो उससे कहा जाएगा कि इस पर वो बोले.”

समाजवादी पार्टी ने भी ओवैसी पर सवाल खड़े किए हैं. 15 नवंबर को समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता फ़ख़रुल हसन चांद ने कहा, “ओवैसी का कोई सवाल भारतीय जनता पार्टी के लिए नहीं होता है.”

उन्होंने आरोप लगाया कि एआईएमआईएम के नेता, जिस प्रदेश में बीजेपी विपक्ष में होती है, वहां सत्तारूढ़ पार्टी से सवाल करते हैं लेकिन जहां बीजेपी सत्ता में होती है वहां वो विपक्ष से सवाल पूछते हैं.

उन्होंने कहा, “अरे एक भी सवाल बीजेपी से पूछने की हिम्मत तो दिखाइए. इसका क्या मतलब है कि आपके गठबंधन की डोर दिल्ली से जुड़ी है तो एक भी सवाल भाजपा से नहीं पूछेंगे. एक सवाल तो यूपी के मुख्यमंत्री से भी पूछिए.”

उन्होंने कहा, “विपक्ष से कबतक सवाल पूछते रहेंगे. गठबंधन बनाकर विपक्ष को कबतक कमज़ोर करते रहेंगे.”

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री और सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भी आज़म ख़ान पर निशाना साधते हुए टिप्पणी की.

पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया ज़िले में मौजूद ओपी राजभर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “आज़म ख़ान से हम कहना चाहते हैं कि पूरे उत्तर प्रदेश का मुसलमान चाहता है कि मुसलमान का बेटा मुख्यमंत्री बने. बिरयानी और हैदराबादी छोड़ दें.”

“अगर आज़म ख़ान में दम है तो वो अखिलेश जी से कहें कि मुसलमान का बेटा इस बार मुख्यमंत्री बनेगा. ओवैसी कम से कम घूम-घूम कर अपने कौम को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार, नौकरी के लिए जागरूक तो कर रहे हैं. आप तो सिर्फ़ ग़ुलाम बनाकर अखिलेश के यहां सौंप देते हैं.”

मुसलमान वोटों पर निशाना

मुस्लिम वोटर

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर नज़र रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार शरत प्रधान का मानना है कि आज़म ख़ान का ओवैसी पर निशाना साधना, सपा के लिए फ़ायदेमंद साबित हो सकता है.

लखनऊ में बीबीसी संवाददाता प्रेरणा से बात करते हुए शरत प्रधान ने कहा, “बीते काफ़ी समय से आज़म ख़ान जेल में रहे और इसकी वजह से ओवैसी फ़्रुंट फ़ुट पर खेल रहे थे. अब जब आज़म ख़ान बाहर आए हैं तो उन्होंने ओवैसी पर निशाना साधना शुरू किया है.”

उनका कहना है कि आज़म ख़ान प्रदेश में सपा के प्रभावशाली मुसलमान चेहरा हैं, उनकी ग़ैरमौजूदगी में ओवैसी ने सपा के मुसलमान वोटों के आधार में काफ़ी सेंध लगाई.

लेकिन आज़म ख़ान के बाहर आने से सपा को अपने बिखरे जनाधार को फिर से हासिल करने का मौका मिल गया है.

प्रधान कहते हैं, “अब अखिलेश यादव के पास ये मौका है कि वो बच बचाकर अपनी राजनीति बढ़ाएं और ओवैसी को काउंटर करने का मोर्चा आज़म ख़ान को सौंप दें. ओवैसी ये कहते रहे हैं कि समाजवादी पार्टी मुसलमानों को दरी बिछाने के लिए इस्तेमाल करती है और उन्हें वो मौके और पद नहीं देती जिनके वो हक़दार हैं. इससे सपा को काफ़ी नुक़सान भी हुआ है.”

गुजरे कुछ समय में आज़म ख़ान के साथ जो कुछ भी हुआ है, उससे मुसलमानों में उनके प्रति एक किस्म की सहानुभूति है. और समाजवादी पार्टी को उम्मीद है कि इस सहानुभूति का उसे फ़ायदा मिलेगा.

शरत प्रधान ने कहा, “अब जब विधानसभा चुनाव क़रीब आ रहा है और आज़म ख़ान अपनी सभाएं करेंगे तो यह सहानुभूति और मजबूत होगी.”

वरिष्ठ पत्रकार सुनीता ऐरन भी मानती हैं कि ‘आज़म ख़ान के प्रति मुस्लिम समुदाय के एक हिस्से में सहानुभूति भी है, जिसका उन्हें राजनीतिक फ़ायदा मिल सकता है.’

वो कहती हैं, “सबको लग रहा था कि असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आज़ाद के गठबंधन के बाद मुस्लिम और दलित वोटों का एक हिस्सा उनकी तरफ़ जा सकता है. लेकिन आज़म ख़ान की रिहाई के बाद अब वह खुलकर राजनीति कर सकेंगे. वह रैलियां करेंगे, लोगों के बीच जाएंगे और अपनी बात रखेंगे.

हालांकि शरत प्रधान का मानना है कि समाजवादी पार्टी को ओवैसी से अधिक चंद्रशेखर से नुक़सान होने की संभावना है.

उन्होंने कहा, “चंद्रशेखर को अपने गठबंधन में न लाना सपा की ग़लती थी. चंद्रशेखर और अखिलेश के बीच दो बार मुलाक़ात होनी थी लेकिन गठबंधन पर बात नहीं हो पाई. चंद्रशेखर दलित युवाओं के बीच एक ताक़त हैं, जिससे सपा को नुक़सान हो सकता है.”

साल 2024 में हुए चुनाव में भी चंद्रशेखर ने कुछ छोटे क्षेत्रों में ही सही लेकिन अपना प्रभाव छोड़ा था. इस बार भी ऐसा होने की संभावना है.

वरिष्ठ पत्रकार सुनीता ऐरन के मुताबिक़, आज़म ख़ान ओवैसी के राजनीतिक प्रभाव को कम करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं. हालांकि, इस बार आज़म ख़ान अपने बयानों को लेकर थोड़े सावधान रह सकते हैं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS