Home - YouTube पर बच्चों को लत लगाने का आरोप, अमेरिकी स्कूलों से ₹27,800...

YouTube पर बच्चों को लत लगाने का आरोप, अमेरिकी स्कूलों से ₹27,800 करोड़ का समझौता

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

YouTube पर आरोप है कि उसने प्लेटफॉर्म को इस तरह से डिजाइन किया है कि बच्चों को उसकी लत लग जाए। इन्हीं आरोपों के चलते यूट्यूब ने सैकड़ों अमेरिकी स्कूल जिलों को तीन अरब डॉलर (लगभग 27,800 करोड़ रुपये) का भुगतान करने के लिए सहमति जताई है।

YouTube अपने प्लेटफॉर्म के डिजाइन को लेकर मुसीबत में फंस गई है। ब्लूमबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि यूट्यूब ने सैकड़ों अमेरिकी स्कूल जिलों के साथ समझौता कर लिया है और लगभग 3 अरब डॉलर (लगभग 27,800 करोड़ रुपये) का भुगतान करने के लिए सहमति जताई है। ये स्कूल जिले यूट्यूब पर आरोप लगा रहे थे कि उसने ऐसा प्लेटफॉर्म बनाया जो बच्चों को लत लगाता है और उनकी मानसिक सेहत को नुकसान पहुंचाता है।

रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया गया है कि इस समझौते में किशोरों के लिए सुरक्षा उपाय लागू करना भी शामिल हैं। यह समझौता इस बात पर निर्भर करता है कि अधिकांश जिले इस पर हस्ताक्षर करें। इसे पूरी तरह से अंतिम रूप देने में कुछ महीने लग सकते हैं। किसी भी समझौते को कैलिफोर्निया के ओकलैंड में अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज यवोन गोंजालेज रोजर्स से मंजूरी लेनी होगी, जो इस मुकदमे की देखरेख कर रही हैं।

युवाओं को लग रही लत, हो रहा स्वास्थ्य खराब

न्यूयॉर्क सिटी और लॉस एंजिल्स से लेकर छोटे समुदायों तक, कई जिलों ने मेटा प्लेटफॉर्म्स, स्नैप और टिकटॉक के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि रिकमेंडेशन एल्गोरिदम, ऑटोप्ले और इनफिनिट स्क्रॉल जैसे फीचर्स को इस तरह से डिजाइन किया गया था कि युवा यूजर्स इनकी लत लगा बैठें, और इनकी वजह से उनमें डिप्रेशन, एंग्जायटी और ईटिंग डिसऑर्डर जैसी समस्याएं पैदा हुईं।

इन कंपनियों ने सभी आरोपों से इनकार किया है

यूट्यूब की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया। अन्य प्लेटफॉर्म्स के विपरीत, स्कूलों में क्लासरूम के इस्तेमाल के लिए यूट्यूब को बड़े पैमाने पर अपनाया गया है। थॉमस बी. फोर्डहम इंस्टीट्यूट द्वारा 2,000 से अधिक हाई-स्कूल छात्रों के बीच सितंबर में किए गए एक सर्वे से पता चला है कि 30% से अधिक छात्र स्कूल के समय के दौरान, शिक्षकों द्वारा बताए गए कामों के बजाय मनोरंजन के लिए यूट्यूब का इस्तेमाल करते हैं।

स्कूलों का कहना है कि उन्हें फोन बैन लागू करने और मेंटल हेल्थ स्टाफ को रखने में पैसा खर्च करना पड़ता है। इसलिए वे फंड के साथ-साथ प्लेटफॉर्म में बदलाव की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि टक्सन, एरिजोना से जुड़ा अगला स्कूली मुकदमा फरवरी में होना तय है, जिसमें मेटा, टिकटॉक और स्नैप अभी भी प्रतिवादी बने हुए हैं।

अगस्त में, मेटा ने अगले एक दशक में 18 अरब डॉलर (लगभग 1,66,860 करोड़ रुपये) तक का भुगतान करने और किशोरों द्वारा फेसबुक और इंस्टाग्राम के इस्तेमाल को सख्ती से सीमित करने पर सहमति जताई। यह समझौता अमेरिका के लगभग सभी राज्यों द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सुलझाने के लिए किया गया है, जिनमें कहा गया था कि मेटा ने अपने प्लेटफॉर्म इस तरह से डिजाइन किए हैं कि बच्चों को इनकी लत लग जाए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN