Home rss world hindi गोल्डी बराड़ की अब खैर नहीं, FBI का खुला ऐलान- उसे पकड़ने...

गोल्डी बराड़ की अब खैर नहीं, FBI का खुला ऐलान- उसे पकड़ने तक चैन से नहीं बैठेंगे

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गोल्डी बराड़ को लेकर FBI ने बड़ा ऐलान किया है। अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि जब तक गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पकड़ा नहीं जाता और उसे अमेरिकी अदालत में पेश नहीं किया जाता, एजेंसी उसका पीछा जारी रखेगी।

अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की तलाश तेज करने का संकेत दिया है। एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने साफ कहा है कि गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी और अमेरिकी अदालत में उस पर मुकदमा चलने तक FBI का पीछा जारी रहेगा।

FBI के लॉस एंजिलिस कार्यालय के असिस्टेंट डायरेक्टर पैट्रिक ग्रैंडी ने ‘इनसाइड द FBI’ पॉडकास्ट के एक एपिसोड में यह बात कही। उन्होंने कहा कि गोल्डी बराड़ को पकड़कर अमेरिकी अदालत में पेश किए जाने तक एजेंसी संतुष्ट नहीं होगी। उसके कथित अपराधों का असर अमेरिका समेत दुनिया के कई हिस्सों में रहने वाले लोगों पर पड़ा है।

FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल है गोल्डी बराड़

गोल्डी बराड़ को सितंबर में FBI की 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया गया था। पैट्रिक ग्रैंडी ने बताया कि उसे इस सूची में शामिल करने के पीछे उसकी हिंसक गतिविधियों और उन अलग-अलग अपराधों को लेकर लगे आरोप हैं, जिनमें उस पर मुकदमे दर्ज हैं।

ग्रैंडी ने कहा कि गोल्डी बराड़ को सड़कों से हटाना जरूरी है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अगर उनके पास बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार कोई जानकारी है तो वे एजेंसी के साथ साझा करें।

FBI अधिकारी के मुताबिक, एजेंसी लोगों से मिलने वाली सूचनाओं और सुरागों को गंभीरता से लेती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी ओर से साझा की गई सूचना गोपनीय रखी जाएगी। गौरतलब है कि सितंबर में FBI ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 10 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा की थी।

कौन है गोल्डी बराड़?

गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। उसकी उम्र 30 साल के आसपास बताई गई है। वह कई हत्याओं के मामलों में आरोपी है। इनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मामला भी शामिल है।

भारत, अमेरिका और कनाडा में उसके खिलाफ जबरन वसूली और मानव तस्करी से जुड़े मामलों में भी संबंध होने की बात सामने आई है। पहले वह कनाडा के ब्रैम्पटन से अपनी गतिविधियां संचालित करता था, लेकिन अब उसके अमेरिका में होने का अनुमान है।

भारत ने 2024 में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत गोल्डी बराड़ को आतंकवादी घोषित किया था। FBI के अनुसार, गोल्डी बराड़ कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का उत्तरी अमेरिकी प्रमुख है। इस गिरोह पर अमेरिका और कनाडा में हिंसक आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

FBI की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरोह के कथित प्रमुख के तौर पर बराड़ पर टारगेट किलिंग, गोलीबारी, अपहरण, लोगों को गंभीर रूप से घायल करने, मारपीट, जबरन वसूली और ड्रग तस्करी जैसी गतिविधियों को निर्देशित करने के आरोप हैं।

कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में भी आया नाम

गोल्डी बराड़ को गुरुवार को कनाडा की मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में भी शामिल किया गया। यह घोषणा कनाडा की सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी एक पहल के तहत की गई। इसके साथ ही उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर के इनाम की घोषणा भी हुई।

कनाडाई पुलिस के साथ काम करने वाले निजी गैर-लाभकारी सार्वजनिक सुरक्षा कार्यक्रम BOLO (बी ऑन द लुकआउट) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बराड़ 2023 में 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में वांछित है। उस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश रचने के आरोप हैं। सुखा दुनेके को बंबीहा गैंग का संदिग्ध सदस्य बताया गया था।

कनाडाई पुलिस ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की 2023 में हुई हत्या के मामले में भी गोल्डी बराड़ की तलाश कर रही है। एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग में बराड़ ने निज्जर की हत्या का आदेश देने का दावा किया था। पंजाबी भाषा में रिकॉर्ड इस ऑडियो में उसने कथित तौर पर कहा था कि उसकी टीम ने निज्जर को इसलिए मारा, क्योंकि कुछ लोग युवाओं का इस्तेमाल ड्रग्स बेचने के लिए कर रहे थे। हालांकि, हिंदुस्तान टाइम्स इस ऑडियो रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN