Source :- LIVE HINDUSTAN
डोनाल्ड ट्रंप की पूर्व सहयोगी कैरोलीन लेविट ने मुस्लिमों से आगे रहने के लिए ईसाइयों को सलाह दी है। उन्होंने कहा कि ईसाइयों को ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करना चाहिए, और उन्हें ईसाई शिक्षा के साथ परवरिश देना चाहिए।
मुस्लिमों से आगे रहने के लिए ट्रंप की पूर्व सहयोगी ने दी थी ईसाइयों की सलाह, होने लगी आलोचना
हाल में सामने आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 2035 तक इस्लाम को मानने वालों की आबादी दुनिया में सबसे ज्यादा होगी। अभी इस पद पर ईसाइयों का बोल बाला है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद पूरी दुनिया में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। इसी मुद्दे पर वाइट हाउस की पूर्व प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने ईसाइयों को ज्यादा बच्चों को पैदा करने और उन्हें ईसाईयत के हिसाब से बड़ा करने की सलाह दी थी। अमेरिका के रिपब्लिकन पार्टी के समर्थक लोगों ने लेविट की इस सलाह की सराहना की, लेकिन दूसरी तरफ कुछ लोगों ने इस बात का विरोध भी किया।
सोशल मीडिया साइट एक्स पर कैरोलीन लेविट की तरफ से आई इस पोस्ट पर लोगों ने बढ़ती महंगाई का भी जिक्र किया। लोगों ने कहा कि अमेरिकी युवाओं के सामने बेरोजगारी पहले ही मुंह बाए खड़ी हुई है। ऐसे में ज्यादा बच्चों को पालना एक बड़ा मुश्किल काम है। एक यूजर ने कैरोलीन लेविट पर तंज कसते हुए कहा कि यह धर्मों के बीच में कोई प्रतियोगिता नहीं है। दुनिया को जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण लगाने की जरूरत है। यूजर ने लिखा, “इसे ईसाइयों और मुसलमानों के बीच बच्चों को जन्म देने की प्रतियोगिता में नहीं बदला जाना चाहिए।” एक यूजर ने इस रिपोर्ट को केवल अमेरिका से जोड़ते हुए कहा कि अमेरिका में मुस्लिमों की बढ़ती आबादी को कम करने का एक ही तरीका है। पश्चिमी देशों की तरफ होने वाले प्रवासन को रोक दिया जाए। इससे पश्चिमी देश अपनी संस्कृति को बचाए रख सकते हैं।
क्या कहा था कैरोलीन लेविट ने?
लेविट का यह बयान प्यू रिसर्च की तरफ से सामने आई उस रिपोर्ट को लेकर था, जिसमें दावा किया गया था कि आने वाले कुछ ही सालों में मुस्लिमों की आबादी ईसाइयों की आबादी से ज्यादा होगी। दुनिया में सबसे ज्यादा धार्मिक आबादी के मामले में ईसाई कई दशकों से टॉप पर बने हुए हैं। इस रिपोर्ट का स्क्रीन शॉट शेयर करते हुए ट्रंप की पूर्व सहयोगी ने लोगों को ज्यादा बच्चे पैदा करने की सलाह दी। 19 नवंबर को किए एक पोस्ट में लैविट ने लिखा, “शादी करें, अधिक बच्चे पैदा करें, उन्हें चर्च के माहौल में बड़ा करें और उन्हें अमेरिका से प्यार करना सिखाएं।”
दुनिया में बढ़ जाएगी मुस्लिमों की आबादी
यह पूरा मामला एक रिसर्च से जुड़ा हुआ है। प्यू रिसर्च सेंटर की तरफ से जारी की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक 2035 तक दुनिया में सबसे बड़ी धार्मिक आबादी मुस्लिमों की होगी। रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में दुनिया में 227 करोड़ ईसाई और करीब 202 करोड़ मुस्लिम थे। बढ़ती जन्मदर और जीवन शैली की वजह से 2035 को लेकर नया अनुमान सामने आया है। इसके मुताबिक 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर करीब 257 करोड़ और ईसाई आबादी 232 करोड़ हो सकती है। वहीं, रिसर्च सेंटर ने 2070 के आंकड़ों का भी अनुमान लगाया है। उस समय तक मुस्लिमों की आबादी 360 करोड़, जबकि ईसाइयों की आबादी करीब 300 करोड़ होगी।
हालांकि, रिसर्च सेंटर की तरफ से कहा गया है कि 5 दशक का वक्त काफी लंबा होता है। ऐसे में बदलते रुझान और जीवन शैली इन आंकड़ों पर अपना असर डाल सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




