Home National news hindi शरद कपूर : शाहरुख़ से लेकर सुष्मिता सेन तक के साथ काम...

शरद कपूर : शाहरुख़ से लेकर सुष्मिता सेन तक के साथ काम कर चुका अभिनेता, अब मुफ़लिसी में क्यों है?

6
0

Source :- BBC INDIA

नब्बे के दशक में कई चर्चित फिल्मों का हिस्सा रहे अभिनेता शरद कपूर अपनी निजी जिंदगी के मुश्किल दौर की वजह से सुर्खियों में हैं.

नब्बे के दशक की कुछ चर्चित फ़िल्मों का हिस्सा रहे अभिनेता शरद कपूर अपनी निजी ज़िंदगी के मुश्किल दौर की वजह से सुर्ख़ियों में हैं.

हाल में सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें शरद बेहद कमज़ोर और परेशान नज़र आए. इस वीडियो से ऐसा ज़ाहिर हो रहा है कि उन्हें अपने चार पालतू कुत्तों को, जिन्हें वह अपने बच्चों की तरह मानते हैं, कुछ समय के लिए एक एनिमल शेल्टर में भेजना पड़ा है.

इस वीडियो के सामने में आने के बाद उनकी आर्थिक और मानसिक मुश्किलों को लेकर पिछले कुछ दिनों में काफी चर्चा हो रही है.

कभी ‘दस्तक’ और ‘जोश’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने और चालीस से भी ज़्यादा फ़िल्मों में काम करने वाले इस अभिनेता फ़िल्मी सफ़र कैसा था और वो वजहें क्या रहीं जिनके चलते वे सिनेमाई पर्दे से दूर होते गए, इस आलेख में हमने यही जवाब तलाशने की कोशिश की है.

‘स्वाभिमान’ के ग्रोवर से बॉलीवुड तक

अभिनेता शरद कपूर से जुड़ी मेरी पहली याद 1991 के दूरदर्शन धारावाहिक ‘स्वाभिमान’ की है.

महेश भट्ट के निर्देशन में बना वह शो अपने दौर का एक ऐसा ट्रेंडसेटर था, जिसने कई ऐसे शानदार चेहरों को मंच दिया जिन्हें हमने आगे चलकर बड़े और छोटे पर्दे पर अपनी एक मजबूत पहचान बनाते देखा.

मनोज बाजपेयी, आशुतोष राणा, रोहित रॉय, हर्ष छाया और बेशक, ‘ग्रोवर’ के किरदार में युवा शरद कपूर शामिल थे जिनके ग़ज़ब के आत्मविश्वास और दमदार आवाज़ ने दर्शकों को काफ़ी इंप्रेस किया था.

कोलकाता के एक पंजाबी परिवार में जन्मे शरद कपूर का हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं था, लेकिन फ़िल्मों के प्रति उनका गहरा शौक़ ही उन्हें मायानगरी मुंबई ले आया.

शुरुआत का रास्ता आसान नहीं था. वे कई साल तक मशहूर निर्देशक शशिलाल नायर और सुनील सिकंद के असिस्टेंट डायरेक्टर रहे.

टीवी सीरियल्स में छोटे-मोटे रोल और कुछ ऐसी फिल्में जिनमें अभिनय के मौके तो मिले लेकिन वे भुला देने वाली साबित हुईं.

संघर्ष से घबराकर वो एक बार कोलकाता लौट गए थे मगर फिर 1994 में कुछ बनने का इरादा लेकर मुंबई वापस आ गए. इस बार क़िस्मत ने करवट ली.

बॉलीवुड में बड़ा ‘ब्रेक’

'स्वाभिमान' के ज़रिए उन्हें पर्दे पर लाने वाले महेश भट्ट शायद शरद के भीतर छिपी उस कच्ची प्रतिभा को भांप गए थे.

‘स्वाभिमान’ के ज़रिए उन्हें पर्दे पर लाने वाले महेश भट्ट शायद शरद के भीतर छिपी उस कच्ची प्रतिभा को भांप गए थे.

उन्होंने शरद कपूर पर जो दांव खेला, उसे ही फिल्मी दुनिया में ‘किस्मत चमकना’ या एक परफ़ेक्ट ‘लकी ब्रेक’ कहा जाता है.

फिल्म थी ‘दस्तक’ (1996) जो अनाउंस होते ही चर्चा में आ गयी थी, क्योंकि इस फ़िल्म में 1994 की ‘मिस यूनिवर्स’ सुष्मिता सेन को लॉन्च किया जा रहा था.

उनके साथ किसी बड़े स्टार के बजाय हीरो के रूप में मुकुल देव को लिया गया और एक ख़तरनाक, जुनूनी खलनायक (साइकोपैथ विलेन) के रोल में थे शरद कपूर.

फ़िल्म में सुष्मिता ने मिस यूनिवर्स का ही किरदार निभाया था, जिसके प्रति शरद का किरदार जुनूनी हद तक ऑब्सेस्ड हो जाता है. रिलीज़ से पहले ही फ़िल्म का संगीत हिट हो चुका था.

ख़ासतौर पर ‘जादू भरी आंखों वाली सुनो’ और शरद कपूर पर फ़िल्माया गया गीत ‘तुम्हें कैसे मैं बताऊं’ चार्टबस्टर साबित हुए थे.

लेकिन फ़िल्म रिलीज़ होते ही बॉक्स ऑफिस पर फ़्लॉप हो गई. बहुत से दर्शकों को यह यश चोपड़ा की फ़िल्म ‘डर’ की बेहद कमज़ोर कॉपी लगी थी.

शरद कपूर के किरदार की सीधी तुलना ‘डर’ (1993) में शाहरुख़ ख़ान के निभाए गए रोल से की गई. इसके बावजूद, फ़िल्म में हीरो से कहीं ज़्यादा मजबूत और असरदार रोल शरद कपूर का ही था.

फ़िल्म की समीक्षा करते हुए फ़िल्म पत्रकार अनुपमा चोपड़ा ने लिखा था, ”यह (शरद) कपूर ही हैं, जो निगेटिव लेकिन ज़्यादा दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण भूमिका में सारी महफ़िल लूट ले जाते हैं. उनका किरदार एक ओर ख़तरनाक है तो दूसरी ओर संवेदनशील, वह पागलपन से भरे भी हैं और आकर्षक भी. अब तक पर्दे पर दिखे तमाम बैड बॉय किरदारों से अलग, कपूर अपने अभिनय से एक नई छाप छोड़ते हैं.”

इसके बावजूद ‘दस्तक’ से सबसे बड़ा फ़ायदा सिर्फ सुष्मिता सेन को मिला. बड़े बैनर और बड़े स्टार्स के साथ फ़िल्में और एक कामयाब करियर.

हीरो मुकुल देव (जिनका पिछले ही साल निधन हो गया), और विलेन शरद कपूर इस बड़े ब्रेक के हिसाब से कामयाबी नहीं पा सके.

पहली फ़िल्म के फ़्लॉप होने के बाद बड़े बैनर शरद कपूर जैसे ‘आउटसाइडर’ पर दांव लगाने को तैयार नहीं थे. फिर भी ‘दस्तक’ की वजह से उनके लिए कुछ दरवाज़े ज़रूर खुल गए.

उन्होंने कई फ़िल्में साइन कीं. जैकी श्रॉफ़ के साथ ‘विश्वविधाता’ (1996) में एआर रहमान का संगीत तो हिट हुआ, लेकिन फिल्म नहीं चली.

इसके बाद लीड रोल वाली आंखों में तुम हो (1997), इसकी टोपी उसके सर (1998) और मधुर भंडारकर की त्रिशक्ति (1999) भी एक के बाद एक नाकाम रहीं.

शरद को बड़ा मौका मिला, बड़ा मुकाम नहीं

फिर आई वो फ़िल्म जिसे शरद के करियर की सबसे बड़ी फ़िल्म कहना ग़लत नहीं होगा.

मंसूर ख़ान की फिल्म ‘जोश’ (2000) जिसके हीरो थे शाहरुख़ ख़ान और उनके सामने विलेन के रूप में थे शरद कपूर.

वो आज की तरह मीम्स और सोशल मीडिया का दौर नहीं था, लेकिन पर्दे पर शाहरुख़ और शरद के टकराव की खूब चर्चा हुई थी.

शाहरुख़ बनाम शरद कपूर के ऑनस्क्रीन मुक़ाबले खबरें उस वक्त ख़ूब छपी थीं. शरद को इस फ़िल्म से बड़ी उम्मीद थीं.

शाहरुख़ के साथ उनके दृश्य भी प्रभावशाली थे. लेकिन इस बार भी किस्मत ने साथ नहीं दिया.

दरअसल, जोश के रिलीज़ होने तक बॉलीवुड की सबसे बड़ी चर्चा शाहरुख़ बनाम शरद नहीं, बल्कि शाहरुख़ बनाम ऋतिक रोशन हो चुकी थी.

साल की शुरुआत में आई ‘कहो ना प्यार है’ ने कामयाबी के ऐसे रिकॉर्ड बनाए थे कि हर तरफ़ ऋतिक ही छाए हुए थे.

उसी दौरान शाहरुख़ की ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ बॉक्स ऑफ़िस पर नाकाम रही थी.

अचानक शाहरुख़ के स्टारडम के सबसे बड़े दावेदार ऋतिक माने जाने लगे थे. इस वजह से भी सबकी निगाहें ‘जोश’ पर थीं.

‘जोश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की, लेकिन ‘कहो ना प्यार है’ की ऐतिहासिक सफलता के सामने वह फ़ीकी पड़ गई.

शाहरुख़ ख़ान को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और शरद कपूर को सर्वश्रेष्ठ खलनायक के लिए फ़िल्म पुरस्कारों में नामांकन ज़रूर मिला, लेकिन वह साल पूरी तरह ऋतिक रोशन और ‘कहो ना प्यार है’ के नाम रहा.

इसके बाद शरद कपूर को कोई बड़ा और मुख्य रोल नहीं मिला.

‘दस्तक’ और ‘जोश’ में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने वाला अभिनेता ‘क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता’, ‘हथियार’, ‘जानी दुश्मन’, ‘एलओसी कारगिल’, ‘लक्ष्य’ और ‘वॉन्टेड’ जैसी फिल्मों में छोटे-मोटे या नकारात्मक किरदारों तक सिमटता चला गया.

धीरे-धीरे शरद कपूर पर्दे से और फिर दर्शकों की यादों से ओझल होने लगे.

2014 में सलमान ख़ान की फिल्म ‘जय हो’ फ़िल्म ‘दस्तक’ की जोड़ी मुकुल देव और शरद कपूर नज़र आई लेकिन दोनों को महत्वहीन किरदारों में पर्दे पर देखना दुखद था.

विवादों का दौर और यौन उत्पीड़न का आरोप

नवंबर 2024 में एक 32 वर्षीय महिला ने शरद कपूर पर छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया था.

शरद कपूर ने उस समय इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया था.

यह मामला अभी भी चल रहा है लेकिन हाल में शरद कपूर ने कहा कि जब कोई बिना किसी वजह से आपको दोषी ठहराता है तो जाहिर है कि इससे तकलीफ़ होती है.

शरद कपूर ने यह दावा भी किया है कि वे इस मामले के बाद से डिप्रेशन में चले गए थे.

आर्थिक हालात को लेकर चर्चा

मुंबई मिरर की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, शरद कपूर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है

मुंबई मिरर की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, शरद कपूर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है.

इस रिपोर्ट के मुताबिक़ 2019 में खार स्थित अपना फ़्लैट बेचने के बाद उन्होंने लखनऊ में ज़मीन के सौदों में करोड़ों रुपये निवेश किए, लेकिन कथित तौर पर धोखाधड़ी का शिकार हो गए.

आर्थिक तंगी के लेकर यह भी कहा जा रहा है कि शरद अपनी कारें तक बेच चुके हैं.

टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया है, “मैंने अपनी कारें इसलिए बेच दीं क्योंकि अब मुझे उनकी कोई ज़रूरत नहीं थी.”

इसी इंटरव्यू में वे कहते हैं, “मैं फाइनेंशियली ठीक हूं. लेकिन मुझे काम की ज़रूरत है.”

निजी जीवन को लेकर मौजूद जानकारी

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में पत्रकार के हवाले से दर्ज है कि उन्होंने शरद कपूर के घर पर एक महिला और एक बच्चे को भी देखा.

चर्चाओं के बीच शरद कपूर के निजी जीवन को लेकर भी लोगों की उत्सुकता बढ़ी है.

कोलकाता के एक पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखने वाले शरद कपूर का संबंध पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से रहा है.

4 दिसंबर 2006 को मुंबई मिरर को दिए एक इंटरव्यू में शरद ने बताया था, “यह सच है कि कल शाम मेरी कोयल से सगाई हुई है. मैं इसे प्रेम और परिवार की सहमति से तय हुआ रिश्ता कहूंगा. कोयल से मेरी मुलाकात छह महीने पहले कोलकाता के ओबेरॉय होटल में हुई थी, जहां वह काम करती हैं. इसके बाद जल्द ही हमारे परिवारों ने एक-दूसरे से संपर्क किया.”

शरद ने अपनी ज़िंदगी को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखने की कोशिश की है, यही वजह है कि कोयल बसु के साथ उनके रिश्ते और परिवार को लेकर बहुत जानकारी मौजूद नहीं है.

शरद कपूर की मौजूदा स्थिति को दुनिया के सामने और उनके कुत्तों को देखभाल के लिए ले जाने वाली उनकी दोस्त हेमा चौधरी ने एक पॉडकास्ट में कहा कि शरद कपूर और कोयल बसु की केवल सगाई हुई थी, शादी कभी नहीं हुई थी.

शरद कपूर की मौजूदा स्थिति और संबंधों पर कोयल बसु की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

“हम चार साल पहले मिले थे, और वह पिछले दो साल से मेरे साथ रह रही हैं. वह बहुत मददगार रही हैं, और हमारा रिश्ता बहुत खुशहाल और तालमेल भरा है. रोमांस मेरे लिए महत्वपूर्ण है, यह मेरे जीवन में एक खास चमक लेकर आता है.”

सलमान, सोनू सूद और रोहित शेट्टी आए आगे

वैसे शरद की अपील का असर हुआ और फ़िल्म जगत से मदद के हाथ बढ़ने लगे. ‘वॉन्टेड’ और ‘जय हो’ में उनके साथ काम कर चुके सलमान ख़ान ने आर्थिक मदद की पेशकश की.

सोनू सूद ने उनकी चिकित्सा संबंधी सहायता की जिम्मेदारी लेने की बात कही और उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क भी किया. निर्देशक रोहित शेट्टी और अहमद ख़ान ने भी फोन कर उनका हाल जाना.

मनोरंजन की दुनिया का एक बेरहम सच ये भी है कि यहां बरसों की मेहनत, हुनर और कभी मिली शोहरत भी हमेशा अच्छे दिनों की गारंटी नहीं होती.

हालांकि जिस तरह शरद कपूर की मदद के लिए इंडस्ट्री में लोग सामने आए हैं, उससे ये उम्मीद बंधती है कि उनके फ़िल्मी करियर का पर्दा गिरना अभी बाक़ी है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS