Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार भाई-भाभी के साथ ताजमहल के दीदार को पहुंचीं कंगना रनौत, ‘अद्भुत दुनिया’...

भाई-भाभी के साथ ताजमहल के दीदार को पहुंचीं कंगना रनौत, ‘अद्भुत दुनिया’ की हुईं दीवानी, शाही अंदाज में दिखीं ‘क्वीन’

4
0

Source :- KHABAR INDIATV

सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत रविवार, 22 नवंबर को अपने परिवार के साथ आगरा स्थित ताजमहल के दीदार को पहुंचीं। अभिनेत्री करीब 45 मिनट तक ताज महल के परिसर में रुकीं और विश्व धरोहर के कोने-कोने का भ्रमण किया। सोशल मीडिया पर भी कंगना रनौत ने अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह ताज महल की खूबसूरती को निहारती नजर आ रही हैं। उन्होंने तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन के जरिए ताजमहल की खूबसूरती और वास्तुकला की तारीफ की। इस दौरान उनके साथ उनके भाई-भाभी भी मौजदू रहे। खुद कंगना भी शाही अंदाज में तैयार होकर ताजमहल के दीदार को पहुंची थीं।

कंगना रनौत पहुंचीं ताजमहल

कंगना रनौत रविवार को करीब 3 बजे अपने परिवार के साथ ताजमहल पहुंचीं। जैसे ही अभिनेत्री ने मुख्य द्वार से प्रवेश किया, ताजमहल की वास्तुकला को निहारतीरह गईं। सामने नजर आए संगमरमर से बने ताजमहल को काफी देर तक निहारने के बाद उन्होंने स्मारक की बनावट और खूबसूरती को करीब से देखा। उन्होंने परिसर में चारबाग शैली में सजे बगीचे, विशाल गुंबद के सामने तस्वीरें क्लिक कराईं। दीवार पर लिखी कुरान की आयतों और नक्काशी ने भी कंगना का ध्यान खींचा। उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘ताजमहल, एक अद्भुत दुनिया में घूमना।’

कंगना रनौत का शाही लुक

ताजमहल के दीदार को पहुंचीं कंगना रनौत का भी शाही अंदाज देखने को मिला। उन्होंने बेहद खूबसूरत आइवरी साड़ी पहनी थी और एक शॉल के साथ उन्होंने अपना लुक कम्प्लीट किया। हेयरस्टाइल की बात करें तो उन्होंने बालों का बन बनाया था और डार्क मरून लिपस्टिक लगाई थी। सनग्लासेस पहने वह ताजमहल के अलग-अलग हिस्से में तस्वीरें क्लिक कराती दिखीं। स्मारक परिसर में स्थित मशहूर डायना बेंच पर भी कंगना ने तस्वीरें खिंचवाईं। ताजमहल का दीदार करने पहुंचे पर्यटकों को जैसे ही कंगना के यहां पहुंचने की जानकारी मिली, पर्यटक उन्हीं की एक झलक पाने को उत्सुक हो गए।

कंगना रनौत के हालिया प्रोजेक्ट

कंगना रनौत के हालिया प्रोजेक्ट्स की बात करें तो अभिनेत्री हाल ही में ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आई थीं, जिसमें वह मुख्य भूमिका में होने के साथ-साथ निर्माता भी हैं। इस फिल्म का निर्देशन मनोज तपाड़िया ने किया है। फिल्म की कहानी 2008 के मुंबई हमले के दौरान कामा अस्पताल में मरीजों और गर्भवती महिलाओं की जान बचाने वाले डॉक्टर, नर्स और अस्पताल कर्मचारियों की कहानी दिखाई गई है। कंगना की अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो उनकी अगली घोषित फिल्म ‘स्केरी पिक्चर’ है, जिसके जरिए वह हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रही हैं।

ये भी पढ़ेंः ‘दृश्यम 3’ का ओटीटी ठिकाना हुआ तय, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आ रही अजय देवगन की ब्लॉकबस्टर फिल्म, जानें कब और कहां देखें

Latest Bollywood News

SOURCE : KHABAR INDIATV