Home Latest news ताज़ा खबर नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर फिर पथराव, खिड़की का बाहरी शीशा टूटा; एक...

नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर फिर पथराव, खिड़की का बाहरी शीशा टूटा; एक महीने में दूसरी घटना

5
0

Source :- INDIATV NEWS

Highlights

  • नागपुर के मनीष नगर के पास दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर फेंका गया पत्थर।
  • ट्रेन के शीशे का बाहरी हिस्सा टूटा, लेकिन किसी यात्री को चोट नहीं आई।
  • एक महीने पहले भी इसी ट्रेन के तीन कोच की खिड़कियों पर हुआ था पथराव।

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के A2 कोच की खिड़की पर पत्थर फेंका, जिससे उसका बाहरी शीशा टूट गया। रेलवे अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और ट्रेन का परिचालन भी प्रभावित नहीं हुआ।

अजनी स्टेशन के आगे मनीष नगर के पास हुई घटना

रेलवे के मुताबिक, यह घटना 23 नवंबर को हुई। नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस अजनी रेलवे स्टेशन पार करने के कुछ देर बाद मनीष नगर के पास पहुंची थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के A2 कोच पर पत्थर फेंका। पत्थर लगने से कोच की एक खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। नागपुर सेंट्रल रेलवे के नागपुर मंडल ने बताया कि घटना के बावजूद ट्रेन बिना किसी परिचालन संबंधी परेशानी के अपने गंतव्य की ओर रवाना होती रही। रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने वर्धा रेलवे स्टेशन के पास खिड़की के शीशे की अस्थायी मरम्मत की।

एक महीने पहले भी दुरंतो एक्सप्रेस पर हुआ था पथराव

नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक महीने पहले भी ट्रेन नंबर 12290 पर पथराव की खबर सामने आई थी। उस समय बोरखेड़ी स्टेशन पार करने के बाद ट्रेन की A-1, B-2 और B-5 बोगियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए थे। रेलवे के अनुसार, उस घटना में भी किसी यात्री को चोट नहीं आई थी और न ही किसी तरह का नुकसान हुआ था। सूचना मिलने के बाद रात करीब 8 बजकर 46 मिनट पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के कर्मचारियों ने जांच शुरू की थी।

गांवों में भी की गई थी जांच, नहीं मिला कोई संदिग्ध

रेलवे ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने बोरखेड़ी और सिंधी के बीच किलोमीटर संख्या 803 से 796 तक तलाशी अभियान चलाया था। इसके अलावा बोरखेड़ी और ब्राह्मणी गांवों के आसपास के इलाकों की भी जांच की गई। पुलिस ने गांव के पुलिस पाटिल और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति या ठोस सबूत नहीं मिला। ट्रेन में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों और यात्रियों ने पुष्टि की थी कि रात करीब 8 बजकर 27 मिनट पर बाहर से किसी वस्तु या पत्थर के टकराने से खिड़कियों के शीशे टूटे थे।

वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी हो चुका है पथराव

इससे पहले मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस (22961) पर भी सूरत के पास पथराव की घटना हुई थी। खास बात यह थी कि घटना के समय उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी ट्रेन में सवार थीं। हालांकि, वह उस कोच में मौजूद नहीं थीं, जिस पर पथराव हुआ था। इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हमले के मामले में एक संदिग्ध को पकड़ लिया था। फिलहाल नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर हुई ताजा घटना को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है। रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही हैं। (ANI से इनपु्ट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: दिल्ली आ रही शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव, RSS चीफ मोहन भागवत थे सवार; पुलिस ने 2 लोगों को किया अरेस्ट

SOURCE : INDIATV NEWS