Home Latest news ताज़ा खबर भारत ने UNSC में क्यों दिलाई बंगाल के अकाल की याद? कहा-‘भूखे...

भारत ने UNSC में क्यों दिलाई बंगाल के अकाल की याद? कहा-‘भूखे पेटों को भोजन मिलना जरूरी’

5
0

Source :- INDIATV NEWS

Highlights

  • भारत ने UNSC में 1943 के बंगाल अकाल का जिक्र कर वैश्विक खाद्य संकट पर चिंता जताई।
  • रूस और यूक्रेन का करीब एक करोड़ टन गेहूं युद्ध के कारण दुनिया तक नहीं पहुंच पा रहा।
  • भारत ने काला सागर में समुद्री रास्तों की सुरक्षा और मानवीय सहायता जारी रखने की अपील की।

न्यूयॉर्क: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का असर अब सिर्फ इन दोनों देशों तक सीमित नहीं है। इसकी वजह से दुनिया के कई देशों में खाद्य संकट गहराने का खतरा पैदा हो गया है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद यानी कि UNSC में इस मुद्दे को उठाते हुए 1943 के बंगाल अकाल की याद दिलाई। भारत ने चेतावनी दी कि युद्ध के कारण खाद्यान्न की सप्लाई, समुद्री रास्तों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में रुकावट का सबसे ज्यादा नुकसान दुनिया के उन गरीब और विकासशील देशों को उठाना पड़ सकता है, जिनका इस युद्ध से कोई सीधा संबंध नहीं है।

भारत ने UNSC में क्या कहा?

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने सोमवार को सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा कि रूस और यूक्रेन वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिए बेहद अहम देश हैं। इन दोनों देशों में कृषि उत्पादन, समुद्री रास्तों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में आने वाली किसी भी रुकावट का असर युद्ध क्षेत्र से बहुत दूर तक पहुंचता है। उन्होंने कहा,

‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही कह चुके हैं कि यह युद्ध का युग नहीं है। ग्लोबल साउथ यानी विकासशील देशों के लिए शांति सिर्फ एक विचार नहीं है। शांति का असली मतलब तब है, जब लोगों को भूखा न रहना पड़े और उन्हें खाने के लिए भोजन मिल सके।’

भारत ने दिलाई 1943 के बंगाल अकाल की याद

पी. हरीश ने अपने संबोधन में 1943 के बंगाल अकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस भयावह त्रासदी में भारत के 30 लाख से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। यह इतिहास इस बात की याद दिलाता है कि युद्ध के फैसले भले ही कुछ देश लेते हैं, लेकिन उनकी कीमत कई बार उन लोगों को भी चुकानी पड़ती है, जिनका युद्ध शुरू करने में कोई योगदान नहीं होता। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध का संदर्भ देते हुए कहा कि उस समय बंगाल क्षेत्र में पैदा हुए खाद्यान्न को औपनिवेशिक युद्ध की जरूरतों के लिए दूसरी जगह भेजा गया था। अनाज के भंडार भी नष्ट किए गए थे। इसका नतीजा बड़े पैमाने पर भुखमरी और मौतों के रूप में सामने आया। भारत ने कहा कि आज के हालात भी कुछ इसी तरह की चिंता पैदा कर रहे हैं।

रूस-यूक्रेन का एक करोड़ टन गेहूं अटका

सुरक्षा परिषद की बैठक में विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के कार्यकारी निदेशक ल्यूक लिंडबर्ग की चेतावनी का भी जिक्र किया गया। उन्होंने बताया था कि रूस और यूक्रेन का करीब एक करोड़ टन गेहूं बढ़ते संघर्ष के कारण दुनिया के बाजारों तक नहीं पहुंच पा रहा है। यह मात्रा करीब 4.4 करोड़ लोगों का पेट भरने के लिए पर्याप्त है। इसका असर उन देशों पर भी पड़ रहा है, जो अपनी जरूरत का ज्यादातर अनाज दूसरे देशों से खरीदते हैं। लिंडबर्ग ने सोमालिया का उदाहरण देते हुए कहा कि खाद्यान्न की आपूर्ति में रुकावट से वहां अकाल का खतरा बढ़ रहा है। वहीं, यमन भी गंभीर मुश्किलों का सामना कर रहा है, क्योंकि वह अपनी जरूरत का करीब 90 प्रतिशत खाद्यान्न आयात करता है।

ग्लोबल साउथ के देशों पर सबसे ज्यादा असर

भारत ने कहा कि विकासशील देशों के सामने पहले से ही खाद्य और कृषि क्षेत्र की कई चुनौतियां हैं। अब ऊर्जा संकट ने इन समस्याओं को और गंभीर बना दिया है। युद्ध के कारण खाद्य पदार्थों, ईंधन और उर्वरकों की कीमतों और आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। पी. हरीश ने कहा कि दुनिया के सभी देशों को युद्ध और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों की कीमत एक जैसी नहीं चुकानी पड़ती। इसका सबसे ज्यादा बोझ ग्लोबल साउथ के देशों पर पड़ता है। इन देशों के पास आर्थिक संकट से निपटने के संसाधन भी सीमित होते हैं। ऐसे में खाद्य और ऊर्जा संकट उनकी मुश्किलें और बढ़ा देते हैं।

काला सागर में ड्रोन हमलों से बढ़ा खतरा

सुरक्षा परिषद की बैठक में काला सागर के समुद्री रास्तों की सुरक्षा पर भी चर्चा हुई। यह क्षेत्र वैश्विक खाद्य आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। संयुक्त राष्ट्र की अवर महासचिव रोजमेरी डिकार्लो ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध का असर सिर्फ युद्ध वाले इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि दूर-दराज के देशों की खाद्य सुरक्षा भी इससे प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि काला सागर में ड्रोन हमले नागरिक जहाजों की आवाजाही के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। इससे अनाज और दूसरे खाद्य पदार्थों के निर्यात में रुकावट आ रही है। इन खाद्य पदार्थों की जरूरत दुनिया के कई देशों को है।

भारत ने समुद्री रास्तों और मानवीय सहायता की सुरक्षा मांगी

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अपील की कि मानवीय सहायता की निर्बाध पहुंच, आम लोगों के काम आने वाले बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और समुद्री रास्तों पर जहाजों की स्वतंत्र आवाजाही को प्राथमिकता दी जाए। पी. हरीश ने कहा कि मानवीय सहायता और खाद्य आपूर्ति से जुड़े संसाधनों को युद्ध के प्रभाव से सुरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि काला सागर के खाद्य आपूर्ति मार्गों की सुरक्षा को लेकर भारत की प्रतिबद्धता इस समझ पर आधारित है कि यह क्षेत्र भी भारत की तरह दुनिया के प्रमुख खाद्यान्न उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है।

पूरी दुनिया पर पड़ सकता है सप्लाई प्रभावित होने का असर

पी. हरीश ने बताया कि काला सागर क्षेत्र और भारत मिलकर दुनिया के कुल अनाज उत्पादन में करीब पांचवां हिस्सा रखते हैं। ऐसे में इन दोनों क्षेत्रों में खाद्यान्न उत्पादन या आपूर्ति प्रभावित होने का असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। भारत का कहना है कि खाद्य सुरक्षा केवल किसी एक देश का मुद्दा नहीं है। युद्ध और समुद्री रास्तों में रुकावट के कारण दुनिया के करोड़ों लोगों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो सकता है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मिलकर खाद्य आपूर्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। (IANS से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: भारत को UNSC में स्थायी सीट मिलेगी कैसे? जानें कौन-कौन साथ और चीन क्यों है अहम

SOURCE : INDIATV NEWS