Source :- INDIATV NEWS

कराची: पाकिस्तान में आर्मी चीफ आसिम मुनीर का दांव उल्टा पड़ गया है। दरअसल, सिंध को बांटने और नए प्रांत बनाने की योजना का जबरदस्त विरोध शुरू हो गया है। सिंध प्रांत के हजारों राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं ने रविवार (22 नवंबर) को कराची की सड़कों पर उतरकर प्रस्तावित परिसीमन और सिंध को बांटने की योजना के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और पंजाब के प्रभुत्व वाले सैन्य प्रतिष्ठान पर सिंध की पहचान और क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। वहीं इस दौरान अलग सिंधुदेश बनाने की मांग भी उठी। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि वे पूरे पंजाब में आर्थिक नाकेबांदी कर देंगे। नेताओं ने इस मुद्दे पर जनमत संग्रह कराने के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया है।
कराची में हजारों लोगों ने निकाला मार्च
पाकिस्तानी अखबार पाकिस्तान टुडे के मुताबिक यह प्रदर्शन चार सिंधी राष्ट्रवादी पार्टियों के गठबंधन ‘जेय सिंध रहबर कमेटी’ (JSRC) के बैनर तले आयोजित किया गया। मार्च का नेतृत्व जेय सिंध महाज के अध्यक्ष रियाज अली चांडियो, नियाज कलानी और अन्य राष्ट्रवादी नेताओं ने किया। प्रदर्शन में वकीलों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। विरोध के चलते कराची की कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। प्रदर्शन की शुरुआत ड्रिग रोड से हुई और शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए यह मेट्रोपोल पहुंचकर समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सिंध की मौजूदा भौगोलिक सीमाओं में किसी भी तरह के बदलाव का विरोध किया।
आसिम मुनीर और पंजाब पर लगाए आरोप
सिंधी राष्ट्रवादी संगठनों का आरोप है कि पाकिस्तान का सैन्य प्रतिष्ठान सिंध की जमीन, संसाधनों और राजनीतिक अधिकारों पर नियंत्रण बढ़ाना चाहता है। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि सिंध की लाखों एकड़ कृषि भूमि, तटीय द्वीपों और तेल, गैस एवं कोयले जैसे प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जे की कोशिश हो रही है।
जेय सिंध मुत्तहिदा महाज (JSMM) ने पंजाब की आर्थिक नाकेबंदी करने का ऐलान किया है। संगठन ने कहा कि सिंध के बंटवारे के खिलाफ उसका अभियान अब अलग सिंधुदेश की स्थापना के आंदोलन में तब्दील होगा। जर्मनी में रहने वाले संगठन के अध्यक्ष शफी मोहम्मद बुरफत ने कहा कि सिंध की स्वतंत्रता उनके आंदोलन का बुनियादी उद्देश्य है।
क्या है पाकिस्तान में नए प्रांत बनाने की योजना?
पाकिस्तान में नए प्रांत बनाने की बहस उस समय तेज हुई, जब गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान इकोनॉमिक समिट के दौरान छोटे प्रशासनिक प्रांत बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने इस मुद्दे पर जनमत संग्रह कराने की बात भी कही थी। पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने मौजूदा चार प्रांतों की संख्या बढ़ाकर 12 से 15 करने की संभावना जताई है। वहीं, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने 22 नवंबर को कहा कि जनमत संग्रह पर चर्चा 2026 के अंत तक ठोस रूप ले सकती है।
इस प्रस्ताव का पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) विरोध कर रही है। पार्टी प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी ने चेतावनी दी है कि सिंध को बांटने की किसी भी कोशिश से हिंसा और खूनखराबा हो सकता है। पीपीपी को आशंका है कि सिंध का विभाजन, खासकर कराची को अलग करने से उसका राजनीतिक प्रभाव कमजोर हो सकता है। दूसरी तरफ, मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (MQM-P) नए प्रांत बनाने के प्रस्ताव का समर्थन कर रही है।
29 नवंबर को फिर आमने-सामने हो सकते हैं विरोधी गुट
सिंध के कई अन्य शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं। हैदराबाद, नवाबशाह, लरकाना और मेहर में लोगों ने प्रस्तावित बंटवारे के खिलाफ आवाज उठाई। जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (JUI-F) ने भी कराची, सुक्कुर और जैकोबाबाद समेत कई इलाकों में प्रदर्शन किए। अब 29 नवंबर को कराची में एक और बड़ा राष्ट्रवादी मार्च प्रस्तावित है। इसी दिन MQM-P भी नए प्रांतों के समर्थन में रैली निकालने की तैयारी कर रही है। ऐसे में दोनों पक्षों के एक ही दिन सड़कों पर उतरने से टकराव की आशंका बढ़ गई है। फिलहाल पाकिस्तान सरकार की ओर से नए प्रांतों का कोई सहमति आधारित नक्शा या संवैधानिक संशोधन का मसौदा सार्वजनिक नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें:
पाकिस्तानी मंत्री ने दिल्ली आकर लगाई बातचीत की गुहार, कहा- ‘भारत जब भी न्योता देगा, हम आ जाएंगे’
SOURCE : INDIATV NEWS




