Home National news hindi शेख़ हसीना को सौंपने के बांग्लादेश के अनुरोध पर भारत ने दिया...

शेख़ हसीना को सौंपने के बांग्लादेश के अनुरोध पर भारत ने दिया ये जवाब

4
0

Source :- BBC INDIA

शेख़ हसीना

पढ़ने का समय: 11 मिनट

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने कहा है कि वह 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटेंगी. अगस्त 2024 में सत्ता से बेदख़ल होने के बाद से वह भारत में रह रही हैं.

बांग्लादेश लगातार भारत से शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है.

बुधवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब बांग्लादेश के इस अनुरोध के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “बांग्लादेश की तरफ़ से प्रत्यर्पण के लिए जो अनुरोध किया गया है, उसकी हम अपनी प्रक्रिया के मुताबिक़ जांच कर रहे हैं. जहां तक किसी नागरिक के लौटने का सवाल है, उसके लिए किस तरह का ट्रैवल डॉक्यूमेंट होना चाहिए, यह प्रत्यर्पण के अनुरोध से अलग मामला है.”

बांग्लादेश में 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है. 1971 में इसी दिन पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद देश आज़ाद हुआ था.

हसीना के प्रवक्ता सैयद मोज़म्मेल अली ने बयान में कहा, “5 अगस्त 2024 को शेख़ हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था. अब वह सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनके हवाई सफ़र का इंतज़ाम करने की अपील करती हैं.”

शेख़ हसीना ने कहा है कि वो 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी (फ़ाइल फ़ोटो)

हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने एपी से कहा, “यह बहुत मायने रखता है कि उन्होंने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर यानी विजय दिवस का दिन चुना है.”

अरिन ने यह भी कहा कि उन्हें भरोसा है कि हसीना की वापसी के बाद उनके नेतृत्व में बांग्लादेश फिर शांति, स्थिरता और तरक्की की राह पर आगे बढ़ेगा.

हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत चली गई थीं. उस समय छात्र आंदोलन के कारण उन्हें 15 साल से चला आ रहा अपना शासन छोड़ना पड़ा था. इस आंदोलन में सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे.

हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के मामले में मौत की सज़ा सुनाई गई थी. उन्होंने इस फ़ैसले को मानने से इनकार किया है. उनका कहना है कि बांग्लादेश लौटने के बाद वह इस मामले में अपना पक्ष रखेंगी.

लेकिन बांग्लादेश सरकार का रुख़ बिल्कुल अलग है.

नवंबर 2025 में शेख़ हसीना की गैर मौजूदगी में उन्हें मानवता के ख़िलाफ़ अपराध का दोषी क़रार देकर मौत की सज़ा सुनाई गई थी, एक प्रदर्शनकारी इस फ़ैसले पर विक्टरी साइन बनाता हुए (फ़ाइल फ़ोटो)

ऐसे में सवाल है कि जब हसीना जानती हैं कि बांग्लादेश पहुंचते ही उन्हें गिरफ़्तार किया जा सकता है और उनके ख़िलाफ़ मौत की सज़ा का फ़ैसला आ चुका है, तो वह लौटना क्यों चाहती हैं?

क्या वह सचमुच अपने मुक़दमों का सामना करना चाहती हैं या वापसी की घोषणा के ज़रिए अपनी पार्टी अवामी लीग को फिर से राजनीतिक रूप से सक्रिय करना चाहती हैं?

और क्या उनकी वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कोई कूटनीतिक रास्ता निकल सकता है?

जानिए शेख़ हसीना से जुड़े अहम सवालों के जवाब

1. वापसी की घोषणा के पीछे क्या है हसीना की राजनीतिक रणनीति?

शेख़ हसीना (फ़ाइल फ़ोटो)

हसीना की वापसी की घोषणा को सिर्फ़ उनकी निजी इच्छा के तौर पर देखना ठीक नहीं होगा. इसके पीछे अवामी लीग के राजनीतिक भविष्य और पार्टी के भीतर अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश भी हो सकती है.

ढाका स्थित सेंटर फॉर गवर्नेंस स्टडीज़ के अध्यक्ष ज़िल्लुर रहमान ने अल जज़ीरा से बात करते हुए कहा कि हसीना जानती हैं कि बांग्लादेश लौटने पर उनका क्या अंजाम हो सकता है. लेकिन उनका पासपोर्ट हासिल करने और वापसी की बात करने का मक़सद अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रूप से सक्रिय रखना है.

रहमान के मुताबिक़, हसीना किसी भी परिस्थिति में पार्टी का नेतृत्व किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं सौंपना चाहतीं. उनका मानना है कि यही बात हसीना और अवामी लीग दोनों के लिए समस्या बन सकती है. पार्टी को अपना अस्तित्व बचाने के लिए किसी नए नेतृत्व की तलाश करनी पड़ सकती है.

वहीं बांग्लादेश एंटरप्राइज़ इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ शोध निदेशक फ़ैज़ सोभान ने अल जज़ीरा से कहा कि वापसी की घोषणा से हसीना राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बनी रहती हैं और उन्हें देश में अपने समर्थकों का मूड समझने का मौक़ा मिलता है.

सोभान के मुताबिक़, हसीना की वास्तविक वापसी की संभावना मुश्किल है क्योंकि इसका मतलब मौत की सज़ा का सामना करना या बाक़ी ज़िंदगी जेल में बिताना हो सकता है.

अल जज़ीरा से बातचीत में अमेरिका के पूर्व राजनयिक जॉन डैनिलोविच ने भी हसीना की वापसी की घोषणा को अपने समर्थकों को एकजुट करने की कोशिश बताया था.

उनका आकलन था कि दिसंबर में हसीना की वापसी की घोषणा का मक़सद बांग्लादेश में अपनी घटती राजनीतिक प्रासंगिकता को फिर से चर्चा में लाना है.

हसीना की वापसी की तारीख़ का चुनाव भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है. 16 दिसंबर 1971 में बांग्लादेश की मुक्ति की लड़ाई के ख़त्म होने की तारीख़ है.

यह दिन बांग्लादेश के इतिहास में ख़ास महत्व रखता है. हसीना के पिता शेख़ मुजीबुर रहमान बांग्लादेश के स्वतंत्रता आंदोलन के सबसे प्रमुख नेताओं में थे.

ऐसे में विजय दिवस पर लौटने की घोषणा के ज़रिए हसीना अपनी राजनीतिक विरासत और बांग्लादेश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े अपने परिवार के इतिहास को भी सामने ला रही हैं.

2. अवामी लीग की गतिविधियां और हिंसा क्यों बढ़ रही है?

शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थक 15 नवंबर 2026 को गोपालगंज में विरोध मार्च निकालते हुए

हसीना की वापसी की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब बांग्लादेश में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं की गतिविधियों को लेकर तनाव बढ़ रहा है.

ख़ास तौर पर गोपालगंज समेत कई ज़िलों में प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगज़नी की घटनाएं हुई हैं. जवाब में सरकार ने भी हिंसा रोकने के लिए कई क़दम उठाए हैं.

यहां ध्यान देने वाली बात है कि अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध है. ऐसे में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से सार्वजनिक प्रदर्शन करना मौजूदा सरकार के लिए क़ानून-व्यवस्था की चुनौती बन रहा है.

इस घटनाक्रम को देखते हुए सरकार की चिंता सिर्फ़ हसीना की वापसी तक सीमित नहीं है. उसे आशंका है कि उनकी वापसी की घोषणा से अवामी लीग के कार्यकर्ता और समर्थक फिर से संगठित हो सकते हैं.

इसी वजह से सरकार ने दिसंबर के आसपास सीमा पर भी निगरानी बढ़ाने की बात कही है.

3. बांग्लादेश सरकार ने सीमा पर बीजीबी को सतर्क क्यों किया?

बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सूचना और प्रसारण सलाहकार डॉ. जाहेद उर रहमान के हवाले से बताया गया है कि सीमा पर घुसपैठ रोकने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश यानी बीजीबी को सतर्क रहने को कहा गया है.

जाहेद उर रहमान के मुताबिक़, अवामी लीग के हज़ारों नेता और कार्यकर्ता विदेश में हैं और उनके ख़िलाफ़ मामले दर्ज हैं.

उन्होंने कहा कि दिसंबर के आस-पास अगर कोई आरोपी देश में दाख़िल होने की कोशिश करता है तो उसे गिरफ़्तार करके क़ानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा सके, इसलिए सीमा पर सतर्कता बढ़ाई गई है.

यह बयान महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पता चलता है कि सरकार हसीना की वापसी को सिर्फ़ एक व्यक्ति की वापसी के तौर पर नहीं देख रही. उसकी चिंता अवामी लीग के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेकर भी है जो देश से बाहर हैं.

हालांकि, सरकार की इस आशंका को किसी बड़े पैमाने पर घुसपैठ की पुष्टि के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. यह सरकार की ओर से बताई गई सुरक्षा व्यवस्था है.

4. सरकार का रुख़ इतना सख़्त क्यों है?

बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि शेख़ हसीना को कड़ी निगरानी में सिर्फ़ हथकड़ी पहनाकर ही देश लाया जा सकता है

हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार के दो वरिष्ठ अधिकारियों के बयान इस मामले में उसका रुख़ समझने में मदद करते हैं.

विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने 24 नवंबर को विदेशी राजनयिकों को ब्रीफ़िंग देने के बाद पत्रकारों से कहा “शेख़ हसीना को कड़ी निगरानी में सिर्फ़ हथकड़ी पहनाकर ही देश लाया जा सकता है.”

उन्होंने कहा कि किसी अभियुक्त को सामान्य यात्री की तरह देश में आने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

उन्होंने अवामी लीग पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया. उनके मुताबिक़, बांग्लादेश में आतंकवाद का संबंध अवामी लीग से है.

दूसरी तरफ़, इंटरनेशनल क्राइम्स ट्राइब्यूनल के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने हसीना के लिए विमान भेजने की मांग को ‘अभूतपूर्व’ बताया है.

उन्होंने यह भी कहा कि अवामी लीग को आतंकवादी संगठन घोषित किया जाना चाहिए या नहीं, इस पर जांच चल रही है. उनके मुताबिक़, अगर जांच में पार्टी को आतंकवादी संगठन साबित किया जाता है तो सरकार या ट्राइब्यूनल उसके ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई कर सकते हैं.

इसका मतलब है कि हसीना की वापसी के साथ-साथ अवामी लीग की संगठनात्मक और क़ानूनी स्थिति का सवाल भी सामने आ रहा है.

5. भारत का रुख़ क्या है?

भारत के विदेश मंत्रालय ने अप्रैल 2026 में कहा था कि वह बांग्लादेश के प्रत्यर्पण अनुरोध की जांच कर रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

शेख़ हसीना की वापसी में भारत की भूमिका सबसे अहम होगी. वह अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं और बांग्लादेश सरकार पहले ही उनके प्रत्यर्पण की मांग कर चुकी है.

लेकिन इस संधि का होना अपने आप में यह तय नहीं करता कि भारत को उन्हें सौंपना ही होगा.

संधि में कुछ परिस्थितियों में प्रत्यर्पण से इनकार करने के प्रावधान हैं. इनमें राजनीतिक प्रकृति के अपराधों से जुड़ा अपवाद भी शामिल है. हालांकि, कुछ गंभीर अपराध इस अपवाद के दायरे से बाहर रखे गए हैं.

भारत के विदेश मंत्रालय ने अप्रैल 2026 में कहा था कि वह बांग्लादेश के प्रत्यर्पण अनुरोध की जांच कर रहा है और नई सरकार के साथ रचनात्मक बातचीत करना चाहता है.

उन्होंने कहा कि हसीना की वापसी को लेकर सरकार की बातचीत हसीना से नहीं, बल्कि भारत से हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि हसीना की वापसी के तरीक़े पर भारत के साथ चर्चा की जाएगी.

उनके मुताबिक़, अगर हसीना लौटना चाहती हैं और बांग्लादेश भी उन्हें वापस चाहता है तो भारत को उन्हें सौंपने में हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए.

यह बयान विदेश मंत्री के हथकड़ी वाले बयान से एक अलग पहलू सामने लाता है. बांग्लादेश सरकार हसीना के साथ सीधे बातचीत करने के बजाय भारत के साथ उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पर चर्चा करना चाहती है.

6. पासपोर्ट रद्द है, तो हसीना बांग्लादेश कैसे लौटेंगी?

हसीना की वापसी के रास्ते में एक बड़ी व्यावहारिक अड़चन उनका पासपोर्ट है.

बांग्लादेश सरकार ने अगस्त 2024 में उनके भारत आने के कुछ महीने बाद उनका डिप्लोमैटिक पासपोर्ट रद्द कर दिया था.

उनके प्रवक्ता का कहना है कि हसीना को जिस तरह बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, उसी तरह अब उन्हें वापस लाने की व्यवस्था भी सरकार को करनी चाहिए.

लेकिन बांग्लादेश सरकार ने इस मांग को ख़ारिज कर दिया है.

7. बांग्लादेश लौटने पर हसीना के साथ क्या होगा? क्या मौत की सज़ा पर अमल हो सकता है?

जुलाई 2024 में हुए जनविद्रोह के बाद शेख़ हसीना अगस्त 2024 में ढाका से भारत आ गई थीं (फ़ाइल फ़ोटो)

नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्राइब्यूनल ने हसीना को मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों का दोषी ठहराते हुए उनकी अनुपस्थिति में मौत की सज़ा सुनाई थी.

यह मुक़दमा 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और कार्रवाई से जुड़ा था. संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़, उस आंदोलन के दौरान क़रीब 1,400 लोग मारे गए थे.

हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि मुक़दमा उनकी अनुपस्थिति में चला और उन्हें अपना पक्ष रखने का उचित मौक़ा नहीं मिला.

अब सवाल है कि अगर वह लौटती हैं तो क्या उन्हें फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने का मौक़ा मिलेगा?

एसोसिएटेड प्रेस की 24 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक़, हसीना के पास फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने के लिए निर्धारित 30 दिन की समयसीमा थी, जो बीत चुकी है. अभियोजन पक्ष के मुताबिक़, अब उनकी फांसी पर अमल रोकने का कोई सामान्य क़ानूनी रास्ता नहीं बचा है. हालांकि, राष्ट्रपति के पास क्षमादान का अधिकार है.

इसलिए उनकी वापसी के बाद सबसे पहले गिरफ़्तारी और सज़ा के अमल से जुड़ी क़ानूनी प्रक्रिया का सवाल सामने आएगा. यह कहना ठीक नहीं होगा कि बांग्लादेश पहुंचते ही उनकी मौत की सज़ा पर अमल हो जाएगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS