Home Latest news ताज़ा खबर CM विजय आज छात्रों को क्या देंगे? 5 जिलों के टॉपर्स को...

CM विजय आज छात्रों को क्या देंगे? 5 जिलों के टॉपर्स को मिलेगा खास सम्मान

4
0

Source :- Khabar Indiatv

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय गुरुवार को पांच जिलों के 10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। चेन्नई के नीलंकरई में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा।

दोपहर 12 बजे तक पहुंचने के निर्देश

टीवीके के वार्षिक शिक्षा पुरस्कार समारोह के दूसरे चरण के तहत कोयंबटूर, इरोड, तिरुप्पुर, नीलगिरी और पेरम्बलूर जिलों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में विद्यार्थियों के माता-पिता भी शामिल होंगे। पार्टी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर मंत्री आनंद ने सभी जिलों के पार्टी सचिवों को निर्देश दिया है कि वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें। आयोजकों ने सभी को दोपहर 12 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने और सभागार में बैठने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार के 4 जिलों के विद्यार्थियों को मिलेगा पुरस्कार

मुख्यमंत्री विजय समारोह के दौरान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि और शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। इस पुरस्कार कार्यक्रम का अगला चरण शुक्रवार, 27 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें सलेम, नमक्कल, करूर और तिरुचिरापल्ली जिलों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस तरह गुरुवार और शुक्रवार को होने वाले दोनों चरणों में कुल 9 जिलों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

हर साल मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करती है TVK

TVK की ओर से हर साल 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में जिले या विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है। इस साल के पुरस्कार समारोह का पहला चरण 4 नवंबर को नीलंकरई तट के पास स्थित एक निजी सभागार में आयोजित किया गया था। अब तीन सप्ताह से अधिक समय बाद इसी इलाके में दूसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है।

तमिलनाडु में छात्रों को मिलेगा मुफ्त लैपटॉप

वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कॉलेज छात्रों के लिए ‘वेत्री लैपटॉप योजना’ लागू करने का आदेश दिया है, जिसके लिए राज्य सरकार ने 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इस योजना के तहत 2026-27 शैक्षणिक सत्र में सरकारी और राज्य-सहायता प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाले UG और डिप्लोमा (पॉलिटेक्निक व ITI) पाठ्यक्रमों के प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दिए जाएंगे। इसमें कला, विज्ञान, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, पशु चिकित्सा, कृषि, मत्स्य पालन और कानून जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा, 2025-26 में योजना का लाभ नहीं उठा पाने वाले सरकारी और सहायता प्राप्त संस्थानों के प्रोफेशनल कोर्स के तीसरे और चौथे वर्ष के छात्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।

(इनपुट- IANS)

ये भी पढ़ें-

“पहले बिल पेश होने दीजिए, हो सकता है अच्छा हो”, परिसीमन पर सुप्रिया सुले का बड़ा बयान

भीषण सड़क हादसे में मची चीख-पुकार, तेज रफ्तार लॉरी ने वाहन को मारी टक्कर; 4 की मौत, 8 गंभीर घायल

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS