Home rss business hindi भारत ने विदेशों से वापस मंगाया 60 टन से ज्यादा सोना, RBI...

भारत ने विदेशों से वापस मंगाया 60 टन से ज्यादा सोना, RBI के इस कदम से बदल गई देश के गोल्ड रिजर्व की तस्वीर

5
0

Source :- KHABAR INDIA TV

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पिछले छह महीनों में विदेशों में रखे 60 टन से ज्यादा सोने को वापस देश में मंगा लिया है। इससे भारत के कुल गोल्ड रिजर्व में कोई बदलाव नहीं हुआ, लेकिन देश के भीतर रखे सोने का हिस्सा काफी बढ़ गया है। RBI की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अब उसके कुल सोने का करीब 84 फीसदी हिस्सा भारत में ही रखा है। आखिर RBI ने इतना सोना वापस क्यों मंगाया और देश के विदेशी मुद्रा भंडार की स्थिति कैसी है? आइए समझते हैं।

RBI की विदेशी मुद्रा भंडार प्रबंधन पर जारी ताजा छमाही रिपोर्ट के अनुसार, मार्च से सितंबर 2026 के बीच केंद्रीय बैंक ने 60.08 टन सोना विदेशों से वापस मंगाया। इसके बाद भारत में रखे गए सोने की मात्रा 680.05 टन से बढ़कर 740.13 टन हो गई। इस बदलाव के कारण RBI के कुल गोल्ड रिजर्व में भारत में रखे सोने की हिस्सेदारी भी बढ़ गई है। मार्च के अंत में यह हिस्सा 77.23 फीसदी था, जो सितंबर के अंत तक बढ़कर करीब 84 फीसदी पहुंच गया।

विदेशों में अब कितना सोना बचा?

RBI के पास कुल 880.52 टन सोना है। इस मात्रा में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, विदेशों में रखे सोने की मात्रा 197.67 टन से घटकर 140.39 टन रह गई है। यह सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (BIS) जैसे विदेशी संस्थानों के पास रखा जाता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि सोना वापस लाने का मतलब यह नहीं है कि भारत के कुल गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी हुई है। RBI ने सिर्फ विदेशों में रखे अपने सोने का एक बड़ा हिस्सा देश के भीतर स्थानांतरित किया है।

सोने की कीमत घटी, फिर भी विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा

रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर के अंत में RBI के गोल्ड रिजर्व की कीमत 106.08 अरब डॉलर थी, जबकि मार्च में यह 115.40 अरब डॉलर थी। यानी सोने की मात्रा स्थिर रहने के बावजूद इसकी कुल कीमत में गिरावट आई। इसकी वजह इस दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई कमी रही। दूसरी ओर, भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 737.78 अरब डॉलर हो गया। मार्च के अंत में यह 691.11 अरब डॉलर था। विदेशी मुद्रा संपत्ति (FCA) भी 552.28 अरब डॉलर से बढ़कर 608.26 अरब डॉलर पहुंच गई।

RBI ने निवेश के तरीके में भी किया बदलाव

RBI ने विदेशी मुद्रा संपत्ति के निवेश में भी बदलाव किया है। सितंबर के अंत तक इसका 87.06 फीसदी हिस्सा सिक्योरिटीज में निवेश किया गया था, जबकि मार्च में यह आंकड़ा 84.31 फीसदी था। RBI के मुताबिक, उसका निवेश मुख्य रूप से अच्छी रेटिंग वाली सरकारी सिक्योरिटीज, केंद्रीय बैंकों के इंस्ट्रूमेंट और अन्य सुरक्षित संपत्तियों में है।

इनुपट- IANS

यह भी पढ़ें- सर्राफा बाजार में भूचाल! चांदी ने लगाई ₹7000 की बड़ी डुबकी, सोना भी गिरकर ₹1.26 लाख पर आया; देखें 22K और 18K का भाव

SOURCE : KHABAR INDIA TV